फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत में कोरोना : दिल्ली के चार इलाके कंटेनमेंट जोन से बाहर, केजरीवाल ने पीएम को लिखा पत्र

Fri, 15 May 2020 11:18 PM IST
योगेश साहू न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3967 नए मामले सामने आए हैं जबकि 100 लोगों की मौत हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 81,970 हो गई है, जिनमें 51,401 सक्रिय हैं, 27,920 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 2649 लोगों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र में आज कोविड-19 के 1576 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं और 49 लोगों की मौत हुई है। वहीं, राजस्थान में आज 213 नए मामले मिले हैं। यहां पढ़ें देश में कोरोना वायरस से संबंधित सभी अपडेट्स...
विज्ञापन
भारत में कोरोना वायरस - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:21 PM, 15-May-2020

लॉकडाउन को लेकर केजरीवाल ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

देश में कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए जारी लॉकडाउन को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। केजरीवाल ने पत्र में लिखा, 'कंटेनमेंट जोन में किसी भी तरह की राहत नहीं दी जानी चाहिए लेकिन बाकी इलाकों में आर्थिक गतिविधियों को दोबारा शुरू करना चाहिए। इससे कोरोना के मामलों में वृद्धि हो सकती है, हमने ऐसी स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं कर ली हैं।' बता दें कि देश में लॉकडाउन का तीसरा चरण 17 मई को समाप्त हो रहा है और 18 मई से लॉकडाउन का चौथा चरण शुरू होगा। 

10:08 PM, 15-May-2020

दिल्ली के चार इलाके कंटेनमेंट जोन से बाहर

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में चार और इलाकों को कंटेनमेंट जोन से बाहर कर दिया गया है। अब दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या 77 हो गई है।
 
 

09:45 PM, 15-May-2020

केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को पत्र लिख कर यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि सड़कों पर या रेलवे ट्रैक पर प्रवासी मजदूरों की आवाजाही न हो। भल्ला ने राज्यों को निर्देश दिया कि प्रवासी मजदूरों को विशेष बसों या श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के माध्यम से रवाना किया जाए। 

विज्ञापन
09:39 PM, 15-May-2020

कर्नाटक के पूर्व मंत्री समेत 23 के खिलाफ मुकदमा

कर्नाटक के पूर्व मंत्री डॉ. शरण प्रकाश पाटिल और 22 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ लॉकडाउन के नियम तोड़ने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक पूर्व मंत्री ने सुलेप्थ कस्बे के कन्वेंशन हॉल में एक बैठक का आयोजन किया था। 

09:29 PM, 15-May-2020

महाराष्ट्र : पुणे में आज 141 नए मामले और पांच की मौत

महाराष्ट्र के पुणे में आज कोविड-19 के 141 नए मामले सामने आए हैं और पांच लोगों की मौत हुई है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भगवान पवार ने बताया कि जिले में कोरोना के कुल मामले 3567 हो गए हैं और अब तक 186 लोगों की जान जा चुकी है। 

विज्ञापन
09:27 PM, 15-May-2020

राजस्थान में आज कोविड-19 के 213 नए मामले मिले

राजस्थान में कोरोना के आज 213 नए मामले सामने आने के साथ यहां संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 4747 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में अभी कोविड-19 के 1893 सक्रिय मामले हैं और 2729 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में कोरोना के चलते अभी तक 125 लोगों की मौत हो चुकी है। 

09:05 PM, 15-May-2020

ओडिशा : पृथक वास में भेजे गए प्रवासी मजदूर ने फांसी लगाकर जान दी

ओडिशा के मयूरभंज जिले के पृथक वास केंद्र के बाहर एक प्रवासी मजदूर ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हाल ही में आंध्र प्रदेश से लौटने के बाद प्रवासी मजदूर को यहां पृथक-वास में रखा गया था। पुलिस ने यह जानकारी दी।

प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मीधर स्वाइन ने कहा कि बारीपाड़ा जिले के रायकामा गांव निवासी सुरेंद्र बेहरा (38) को यहां बिसिंगा थाना क्षेत्र में स्थित पृथक-वास केंद्र में रखा गया था। सुरेंद्र पृथक केंद्र के पास स्थित एक पेड़ से लटका पाया गया।

उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है जिसमें खुदकुशी के लिए लुंगी का इस्तेमाल किया गया। स्वाइन ने कहा कि बेहरा छह दिन पहले पत्नी के साथ आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से लौटा था। दोनों को पृथक-वास में रखा गया था।

09:00 PM, 15-May-2020

मुंबई : बीएमसी ने मांगा वानखेड़े स्टेडियम

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को लिखा है कि वह अस्थायी रूप से वानखेड़े स्टेडियम बीएमसी को सौंप दे। बीएमसी ने कहा कि स्टेडियम का इस्तेमाल निगम के आपात स्टाफ के लिए और कोविड-19 के पॉजिटिव लेकिन एसिम्टोमैटिक मरीजों (जिनमें लक्षण न दिखाई देते हों) को क्वारंटीन करने के लिए किया जाएगा। वहीं, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने भी सहायता का आश्वासन दिया है। 

08:57 PM, 15-May-2020

मिजोरम : चर्च बनेंगे क्वारंटीन सेंटर

मिजोरम में कई चर्च ने राज्य सरकार का वह अनुरोध स्वीकार कर लिया है जिसमें उनसे अनुरोध किया गया था कि चर्च के हॉल का इस्तेमाल क्वारंटीन सुविधा पर करने की अनुमति दी जाए। राज्य के सूचना एवं जनसंचार विभाग ने बताया कुछ चर्च अपने खर्च पर पूरे क्वारंटीन समय के दौरान भोजन की व्यवस्था करने को भी तैयार हैं। 

08:54 PM, 15-May-2020

देश के कुल मरीजों में दो फीसदी आईसीयू में

देश में कोरोना वायरस के कुल पुष्ट मामलों में से 1559 मरीज आईसीयू में भर्ती हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इनमें से 1347 मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है जबकि 225 मरीजों को वेंटिलेटर पर रखा गया है। पिछले 24 घंटे में आईसीयू में 358 मरीज भर्ती किए गए हैं और 89 लोगों को वेंटिलेटर पर रखा गया है। 

08:38 PM, 15-May-2020

मध्यप्रदेश में आज कोरोना के 169 नए मामले

मध्यप्रदेश में कोविड-19 महामारी के आज 169 नए मामले सामने आए। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या 4559 हो गई है। राज्य में अब तक 2293 लोग ठीक हो चुके हैं और कोरोना के चलते अब तक 239 लोगों की मौत हो चुकी है। 

08:36 PM, 15-May-2020

महाराष्ट्र में आज 1576 नए मामले

देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में स्थिति लगातार बिगड़ रही है। महाराष्ट्र में आज कोविड-19 के 1576 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं और 49 लोगों की मौत हुई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि प्रदेश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 29,100 हो गई है जिसमें 21,467 मामले सक्रिय हैं। राज्य में अभी तक 6564 मरीज ठीक हो चुके हैं। राज्य में कोरोना  के चलते अभी तक 1068 लोगों की जान जा चुकी है। 

08:19 PM, 15-May-2020

बंगाल में आज 84 नए मामले

पश्चिम बंगाल में आज कोविड-19 के 84 नए मामले सामने आए हैं। बंगाल के स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य मे कोरोना के कुल मामलों की संख्या 2461 हो गई है। राज्य में कोरोना से अब तक 153 लोगों की मौत हो चुकी है। 

08:16 PM, 15-May-2020

गुजरात : 24 घंटे में 340 नए केस, कुल संख्या हुई 9932

गुजरात में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 340 नए मामले सामने आए हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अब प्रदेश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 9,932 हो गई है, इनमें से 4035 ठीक हो चुके हैं और 606 लोगों की मौत हो चुकी है। 

08:10 PM, 15-May-2020

मुंबई में आज 933 नए मामले और 24 लोगों की मौत

देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में आज कोरोना वायरस संक्रमण के 933 नए मामले सामने आए और 24 लोगों की जान जा चुकी है। बृहन्मुंबई नगर निगम ने बताया कि अब राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 17,512 हो गई है, जिनमें 4658 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, राज्य में अभी तक कोरोना के चलते 655 लोगों की मौत हो चुकी है। 

07:58 PM, 15-May-2020

मिजोरम ने 31 मई तक बढ़ाया लॉकडाउन

देश के उत्तर-पूर्वी राज्य मिजोरम ने लॉकडाउन को 31 मई तक बढ़ाने का फैसला किया है। राज्य ने यह फैसला यहां कोरोना वायरस के प्रसार की स्थिति को जांचने के लिए किया है। बता दें कि देश में लॉकडाउन का तीसरा चरण 17 मई को समाप्त हो रहा है। 

07:55 PM, 15-May-2020

तमिलनाडु में कोरोना संक्रमण के आज 385 नए मामले सामने आए जिसके साथ राज्य में कोविड-19 संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 10 हजार के पार हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अब राज्य में कोरोना के मामलों की संख्या 10,108 है। इसके अलावा आज यहां कोरोना से पांच लोगों की मौत हुई। राज्य में इस महामारी के चलते अभी तक 71 लोगों की मौत हो चुकी है। 

07:52 PM, 15-May-2020

मुंबई के धारावी में आज 84 नए मामले

मुंबई के धारावी इलाके में आज कोरोना के 84 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। बृहन्मुंबई नगर निगम ने बताया कि अब धारावी में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 1145 हो गई है। आज यहां कोरोना से कोई मौत नहीं हुई है। अब तक इलाके में कोरोना से 53 लोगों की मौत हो चुकी है। 

07:47 PM, 15-May-2020

तमिलनाडु में कल से खुलेंगी शराब की दुकानें

तमिलनाडु सरकार ने सरकार द्वारा संचालित शराब की दुकानों को फिर से खोलने का आदेश जारी किया है। इसके मुताबिक राज्य में शनिवार से शराब की दुकानें खुलेंगी। दुकानों को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक खुलने की अनुमति होगी। हालांकि, चेन्नई, थिरुवल्लूर, मॉल और कंटेनमेंट जोन में ये दुकानें नहीं खुलेंगी।

राज्य सरकार ने इन दुकानों को कहा है कि शराब की बिक्री के लिए टोकन व्यवस्था का इस्तेमाल करें और एक दिन में केवल 500 टोकन वितरित किए जाएं। जो लोग शराब खरीदने आएं उनके लिए मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य होगा। 

07:45 PM, 15-May-2020

पंजाब में आज 13 नए मामले, कुल संख्या 1932

पंजाब में आज कोरोना वायरस के तीन नए मामले सामने आए। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अब यहां कोविड-19 संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 1932 हो गई है, जिनमें 1595 मामले सक्रिय हैं। राज्य में कोरोना के चलते अभी तक 32 लोगों की मौत हो चुकी है। 

07:30 PM, 15-May-2020

कोविड-19 से मुक्त हुआ करगिल

केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के सचिव/आयुक्त रिजगिन संफेल ने बताया कि करगिल अब कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त हो गया है। 
 

07:20 PM, 15-May-2020

गौतमबुद्ध नगर में चार नए मामले

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में कोरोना वायरस के आज चार नए मामले सामने आए। जिला निगरानी अधिकारी ने बताया कि जिले में अब कोरोना के मामलों की कुल संख्या 242 हो गई है, इनमें 169 लोग ठीक हो चुके हैं और 69 सक्रिय मामले हैं। जिले में कोविड-19 के चलते अभी तक चार लोगों की जान जा चुकी है। 

07:16 PM, 15-May-2020

एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों के लिए जारी किए दिशा-निर्देश

घरेलू उड़ानों का परिचालन जल्द शुरू होने की संभावना के बीच भारतीय एयरपोर्ट प्राधिकरण (एएआई) ने यात्रियों के लिए कुछ दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों का पालन यात्रा के दौरान करना होगा। इनमें मास्क पहनना, हैंड सैनिटाइजर रखना, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना, वेब चेक-इन और बोर्डिंग कार्ड का प्रिंट आउट रखना और फोन में आरोग्य सेतु एप इंस्टाल करने जैसे नियमों का पालन करना होगा। 
 

07:04 PM, 15-May-2020

जम्मू-कश्मीर में 30 नए मामले

जम्मू-कश्मीर मों कोरोना वायरस के 30 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से नौ मामले जम्मू और 21 मामले कश्मीर से हैं। इसके साथ ही केंद्रशासित प्रदेश में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 1013 हो गई है. जिसमें सक्रिय मामलों की संख्या 489 हो गई है और 513 ठीक हो चुके हैं। यहां कोरोना से अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। 
 

06:56 PM, 15-May-2020

588 भारतीयों को लेकर  मालदीव से रवाना हुआ आईएनएस जलश्व

भारतीय नौसेना का पोत आईएनएस जलश्व मालदीव से कोच्चि के लिए रवाना हो चुका है। ऑपरेशन समुद्रसेतु के तहत आईएनएस जलश्व 588 भारतीय नागरिकों को लेकर आ रहा है।
   

06:31 PM, 15-May-2020

बंगाल के मजदूरों ने कर्नाटक में किया प्रदर्शन

कर्नाटक के शिवमोगा में फंसे पश्चिम बंगाल के कई प्रवासी मजदूर जिला मजिस्ट्रेट के कार्यालय के बाहर एकत्र हो गए। ये मजदूर पश्चिम बंगाल सरकार से उन्हें घर वापस पहुंचाने के लिए ट्रेन सेवा उपलब्ध कराने की मांग कर रहे थे। एक मजदूर ने कहा कि यहां 120 लोग फंसे हुए हैं। वहीं, कर्नाटक सरकार का इस संबंध में कहा है कि ममता बनर्जी उन्हें ट्रेन के लिए हरी झंडी नहीं दे रही हैं।  
 

06:17 PM, 15-May-2020

यूपी में आज 43 नए मामले, चार की मौत

उत्तर प्रदेश में आज 43 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है और चार लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही यहां कोरोना के कुल मामलों की संख्या 3,945 हो गई है। राज्य में कोरोना की वजह से अभी तक 92 लोगों की मौत हो चुकी है। 

06:11 PM, 15-May-2020

पीपीई किट के उचित इस्तेमाल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी किए दिशा-निर्देश

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने पीपीई (पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट) किट के उचित और तर्कसंगत इस्तेमाल को लेकर अतिरिक्त दिशानिर्देश जारी किए हैं। ये दिशा-निर्देश उन स्वास्थ्य कर्मियों के लिए है जो गैर कोविड-19 अस्पतालों में तैनात हैं या ऐसे गैर कोविड-19 अस्पताल में तैनात हैं जो ऐसे क्षेत्र में हो जहां कोविड ब्लॉक हो।
 
 

06:02 PM, 15-May-2020

मुंबई में ट्रेन पकड़ने के लिए 30 किमी पैदल चला प्रवासी मजदूर, मौत 

महाराष्ट्र के मुंबई में एक राजस्थान का एक प्रवासी मजदूर घर जाने के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेन पकड़ने के लिए मुंबई में अपने निवास से पैदल चला था। करीब 30 किलोमीटर पैदल चलने के बाद वसाई रोड रेलवे स्टेशन पर वह चलते-चलते गिर गया और उसकी मौत हो गई। 

05:58 PM, 15-May-2020

केरल में 16 नए मामले, कुल संख्या 576 हुई

केरल में आज कोविड-19 के 16 नए मामले सामने आए। राज्य के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने बताया कि अब केरल में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामले 576 हो गए हैं, जिनमें 80 सक्रिय मामले हैं।

05:57 PM, 15-May-2020

कर्नाटक में 69 नए मामले

कर्नाटक में गुरुवार की शाम पांच बजे से शुक्रवार शाम पांच बजे के बीच कोरोना वायस के 69 नए मामले सामने आए। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अब कर्नाटक में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 1056 हो गई है, इनमें 480 लोग ठीक हो चुके हैं और 36 लोगों की मौत हुई है।

05:30 PM, 15-May-2020

झारखंड में दो और पॉजिटिव मिले

झारखंड के स्वास्थ्य सचिव नितिन मदान कुलकर्णी ने बताया कि राज्य में कोविड-19 के दो और मामले सामने आए हैं। अब राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 205 हो गई है। 

05:28 PM, 15-May-2020

बिहार में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 1012

बिहार में कोविड-19 के 13 नए मामले सामने आने के साथ राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 1012 हो गई है। राज्य के प्रमुख स्वास्थ्य सचिव संजय कुमार ने यह जानकारी दी।

05:08 PM, 15-May-2020

कर्नाटक : दुबई से मंगलूरू आए 20 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव

तीन दिन पहले दुबई से कर्नाटक लौटे 20 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ये लोग एक विशेष विमान से कर्नाटक के मंगलूरू में उतरे थे। 
 

05:03 PM, 15-May-2020

बिहार में कोरोना के मरीजों की संख्या 1000 के पार

बिहार में कोरोना वायरस के कम से कम छह और मामले सामने आने के साथ राज्य में संक्रमण के कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1000 के पार हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल 1005 मरीज हैं। इनमें 573 सक्रिय मामले हैं और 425 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में कोरोना की वजह से अभी तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। 
 

04:35 PM, 15-May-2020

18 मई से अरुणाचल में शुरू होगी बस सेवा

अरुणाचल प्रदेश सरकार ने 18 मई से विभिन्न स्थानों के लिए राज्य परिवहन की बसों का परिचालन शुरू करने का फैसला किया है। राज्य परिवहन सेवा के महाप्रबंधक अबू तायेंग ने बताया कि फैसला एक दूसरे जिले में फंसे यात्रियों और लोगों की सार्वजनिक परिवहन की भारी मांग के मद्देनजर लिया गया है।

बृहस्पतिवार को जारी आदेश में कहा गया कि ईटानगर से बोमडिला, जीरो, दपोरिजो, अलाओ, पासीघाट और रोइंग के लिए रोजाना बस सेवा संचालित होगी जबकि ईटानगर से तवांग के लिए हफ्ते में दो दिन सोमवार और बृहस्पतिवार को बसों का परिचालन किया जाएगा। 

महाप्रबंधक ने बताया कि ईटानगर से तेजू, मियाओ, चांगलांग, खोंसा, लॉगडिंग, लिकाबली, कामले, तिरबिन, बसर,पेके-केसांग, कायिंग और लिरोमोबा के लिए हर दूसरे दिन बस सेवा होगी। ईटानगर से कोलोरियांग हफ्ते में हर मंगलवार और शुक्रवार, नयापिन के लिए हर रविवार और बृहस्पतिवार, करा-दादी के लिए हर मंगलवार और बृहस्पतिवार बस का परिचालन होगा।

राज्य के परिवहन सचिव दानी सुलु ने एक अन्य आदेश में बृहस्पतिवार को बताया कि अन्य अंतर-जिला रूट पर खासतौर पर ईटानगर को जोड़ने वाले मार्गों पर पूर्व निर्धारित सामान्य सारिणी के तहत बसों का परिचालन किया जाएगा।

04:03 PM, 15-May-2020

18 से शुरू हो जाएंगे तमिलनाडु के सभी सरकारी ऑफिस

तमिलनाडु के सभी सरकारी कार्यालय 18 मई से आधे कार्यबल के साथ काम शुरू करेंगे। 17 मई लॉकडाउन के तीसरे चरण की अंतिम तारीख है। 18 मई से लॉकडाउन का चौथा चरण शुरू होगा।
 

03:58 PM, 15-May-2020

बीएसएफ में संक्रमण के 11 नए मामले

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 11 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, गुरुवार को 13 बीएसएफ अधिकारियों को उनकी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अस्पताल से छु्ट्टी दे दी गई थी। इनमें 10 अधिकारी त्रिपुरा से थे और तीन दिल्ली से थे।  
 
 

03:52 PM, 15-May-2020

भाजपा को हर बात में राजनीति करने की आदत : सोरेन

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रेल मंत्री पीयूष गोयल के एक बयान पर केंद्र की भाजपा सरकार को घेरा। गोयल ने कहा था कि राज्य पर्याप्त ट्रेनों के संचालन की अनुमति नहीं दे रहे हैं। 

सोरेन ने कहा, 'भाजपा और केंद्र की हर बात में राजनीति करने की आदत हो गई है। झारखंड सरकार ने 110 ट्रेनों के लिए एनओसी दी है। अभी तक करीब 50 ट्रेनों से 60 हजार से ज्यादा प्रवासी मजदूर लौट चुके हैं।'

उन्होंने आगे कहा, 'लाखों प्रवासी मजदूर पैदल सफर कर रहे हैं लेकिन केंद्र सरकार उन्हें उनके घर भेजने की कोई व्यवस्था नहीं कर पाई है। केंद्र सरकार इस मुद्दे पर केवल राजनीति कर रही है।'

03:23 PM, 15-May-2020

दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना से कोई मौत नहीं

दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 425 नए मामले सामने आए हैं जबकि कोई मौत नहीं हुई है। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि दिल्ली में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 8895 है जिनमें 5254 सक्रिय मामले हैं और 3518 लोग ठीक हो चुके हैं।

03:12 PM, 15-May-2020

मध्यप्रदेश में गर्भवती प्रवासी मजदूर ने एसडीएम की कार में बच्चे को दिया जन्म

मध्यप्रदेश में एक गर्भवती प्रवासी मजदूर महिला ने गुरुवार को बड़वानी के एसडीएम की कार में बच्चे को जन्म दिया। डॉ किशोर मुकाती ने कहा कि हम गुजरात से आने वाले मजदूरों की स्क्रीनिंग कर रहे थे जब एक महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। हम उसको लेकर अस्पताल के गेट पर पहुंच चुके थे जब उसने कार में बच्चे को जन्म दिया।
 

 

03:02 PM, 15-May-2020

अहमदाबाद में लोगों की कोरोना स्क्रीनिंग के लिए 40 वैन को हरी झंडी

गुजरात में अहमदाबाद के मेयर बिजल पटेल ने शहर में घनी आबादी वाले क्षेत्रों में लोगों की कोरोना स्क्रीनिंग के लिए 40 वैन को हरी झंडी दिखाई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अहमदाबाद में कोरोना के 4198 सक्रिय मामले हैं।

02:54 PM, 15-May-2020

राजस्थान में कोरोना वायरस के 154 नए मामले सामने आए

राजस्थान में कोरोना वायरस के 154 नए मामले सामने आए हैं। राजस्थान स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि राज्य में अब संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 4688 हो गई है।

02:41 PM, 15-May-2020

महाराष्ट्र से अपने राज्यों के लिए लौट रहे ऑटो चालक

लॉकडाउन के दौरान काम की कमी के कारण ऑटो चालक महाराष्ट्र से अपने-अपने राज्यों की ओर बढ़ रहे हैं। औरंगाबाद (बिहार) के लिए जाने वाले एक ऑटो चालक ने इंदौर पहुंचने पर कहा, हमने ट्रेन के लिए फॉर्म भर दिए और सरपंच को सौंप दिए लेकिन हमारे साथ धोखा हुआ। हमारे पास कोई पैसा नहीं बचा है।

02:28 PM, 15-May-2020

कर्नाटक में प्रवासी मजदूरों का झारखंड सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

कर्नाटक के मंगलूरू में प्रवासी मजदूरों ने झारखंड सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। मजदूरो ने लॉकडाउन के चलते अपने राज्य वापस लौटने के लिए झारखंड सरकार से उन्हें ट्रेन उपलब्ध कराने की मांग करते हुए मंगलूरू में टाउन हॉल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। 

02:12 PM, 15-May-2020

महाराष्ट्र में भाजपा नेता ने ट्वीट किया एक अस्पताल का वीडियो

महाराष्ट्र के भाजपा नेता राम कदम ने एक अस्पताल का वीडियो ट्वीट किया है। वीडियो में किंग एडवर्ड मेमोरियल (केईएम) अस्पताल में कुछ रोगी अस्पताल के फर्श पर बैठे और सो रहे हैं। भाजपा नेताओं का आरोप है कि अस्पताल में बिस्तर उपलब्ध नहीं थे इसलिए वो फर्श पर रहने को मजबूर हैं।

02:05 PM, 15-May-2020

असम सरकार ने लॉकडाउन बढ़ाने के लिए केंद्र को लिखा पत्र

असम सरकार ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर लॉकडाउन को 17 मई के बाद दो और हफ्तों तक बढ़ाने को कहा है। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने यह जानकारी दी

01:47 PM, 15-May-2020

कोरोना की दुनिया में स्थानीय महामारी विज्ञान के अनुसार उपाय करने चाहिएं: डब्ल्यूएचओ

दक्षिण-पूर्व एशिया में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए डब्ल्यूएचओ ने शुक्रवार को इस क्षेत्र के देशों को स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के लिए स्थानीय महामारी विज्ञान का सावधानीपूर्वक मूल्यांकन करने और पुख्ता सूचना पर आधारित कार्रवाई करने को कहा है।

पूर्वी एशिया में संक्रमण के 122,000 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं जिनमें से 4,000 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक भारत में कोविड-19 के 81,970 मामले सामने आए हैं जबकि संक्रमण से मरने वालों की संख्या 2,649 पहुंच गई है।

डब्ल्यूएचओ दक्षिण-पूर्व एशिया की क्षेत्रीय निदेशक डॉ पूनम खेत्रपाल सिंह ने कहा कि इस क्षेत्र के देशों में संचरण के विभिन्न परिदृश्य दिख रहे हैं और मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हर संचरण परिदृश्य में तेजी से पता लगाने, जांच, पृथकवास, देखभाल और संपर्कों की पहचान करना जैसे मुख्य सार्वजनिक स्वास्थ्य उपाय हैं। सिंह ने आगे कहा, हमें इन उपायों की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता है।

01:42 PM, 15-May-2020

आंध्र प्रदेश में 2157 हुई कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या

आंध्र प्रदेश में आज कोरोना वायरस के 57 नए मामले सामने आए हैं। आंध्र प्रदेश सरकार ने जानकारी दी कि अब राज्य में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या अब 2157 हो गई है।

01:35 PM, 15-May-2020

नीट परीक्षा के आवेदन पत्र में बदलाव के लिए मिला एक और मौका

कोरोना वायरस महामारी के कारण नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने नीट (यूजी) 2020 के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र में उम्मीदवार-विवरण और परीक्षा केंद्रों में बदलाव के लिए एक और मौका दिया है। यह अंतिम मौका होगा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने यह जानकारी दी।

01:14 PM, 15-May-2020

सेना भवन में एक कोरोना पॉजिटिव और एक संदिग्ध मरीज मिला

कोरोना वायरस का एक पॉजिटिव और एक संदिग्ध मामला मिलने के बाद सेना भवन में एक फ्लोर के एक हिस्से को बंद किया गया है। इस हिस्से को अब सैनिटाइज किया जाएगा।

01:10 PM, 15-May-2020

दिल्ली से एक हजार यात्रियों को लेकर विशेष ट्रेन केरल पहुंची

नई दिल्ली से लगभग 1,000 यात्रियों को लेकर पहली विशेष ट्रेन केरल पहुंची और उनमें से सात लोगों को कोविड-19 देखभाल केंद्रों और अस्पतालों में ले जाया गया क्योंकि स्क्रीनिंग के दौरान उनमें इस बीमारी के कुछ लक्षण पाए गए थे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
 

12:58 PM, 15-May-2020

कर्नाटक में कोरोना वायरस के 45 नए मरीज मिले

कर्नाटक में कल शाम पांच बजे से आज दोपहर 12 बजे तक कोरोना वायरस के 45 नए मामले दर्ज किए गए हैं। कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि राज्य में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 1032 हो गई है। 

12:36 PM, 15-May-2020

कांग्रेस को नहीं करनी चाहिए गंदी राजनीति: धर्मेंद्र प्रधान

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कांग्रेस को प्रवासी मजदूरों के प्रति संवेदनशील होना चाहिए और कांग्रेस शासित राज्यों को अपनी जिम्मेदारी निभाने का निर्देश देना चाहिए। कांग्रेस को इस मोड़ पर गंदी राजनीति नहीं करनी चाहिए। 
 
.

 

12:27 PM, 15-May-2020

गोवा के सीएम ने विशेष ट्रेन को मडगांव स्टेशन पर नहीं रोकने का दिया सुझाव

गोवा में एक महीने के अंतराल पर कोरोना वायरस के नए मामले सामने आने के बाद मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रेलवे द्वारा चलाई जा रही विशेष रेलगाड़ियों को मडगांव स्टेशन पर नहीं रोकने का सुझाव दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि विशेष रेलगाड़ियों या विमानों में राज्य आने वाले लोगों को 14 दिन के लिए घर में पृथक-वास में रहना होगा भले ही वे गोवा के निवासी क्यों न हों।

सावंत ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार ने रेलवे को सुझाव दिया है कि नई दिल्ली से तिरुवनंतपुरम के लिए 15 मई को चलने वाली विशेष ट्रेन जो कि 16 मई को मडगांव पहुंचेगी, उसे गोवा के स्टेशन पर नहीं रोका जाए।

12:22 PM, 15-May-2020

महाराष्ट्र में अब तक 112 अधिकारियों समेत 1061 पुलिसकर्मी संक्रमित

महाराष्ट्र में अब तक 112 पुलिस अधिकारियों सहित महाराष्ट्र के 1061 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। महाराष्ट्र पुलिस ने जानकारी दी कि कुल संक्रमित पुलिसकर्मियों में से 174 ठीक हो गए हैं जबकि नौ की जान चली गई है। 

12:01 PM, 15-May-2020

स्वास्थ्य मंत्रालय में केंद्रीय मंत्री समूह की बैठक जारी

कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय में केंद्रीय मंत्री समूह (जीओएम) की बैठक चल रही है। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत भी बैठक में मौजूद हैं।
 


 

11:52 AM, 15-May-2020

राजस्थान में कोरोना के 55 नए मामले मिले

राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के 55 और मामले शुक्रवार सुबह तक सामने आने के बाद राज्य में इस घातक वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या 4589 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह नौ बजे तक कोटा से 29, जयपुर से 11, उदयपुर से नौ व झुंझूनू, करौली, दौसा, डूंगरपुर, बारां और भरतपुर से एक एक नया मामला सामने आया है।

वहीं राज्य में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 125 हो गई है। केवल जयपुर में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 63 हो गया है जबकि जोधपुर में 17 और कोटा में 10 रोगियों की मौत हो चुकी है।

11:41 AM, 15-May-2020

कोलकाता में 30 प्रतिशत बढ़े हुए किराए के साथ चल सकती हैं पीली टैक्सियां

बंगाल टैक्सी एसोसिएशन (बीटीए) के सचिव बिमल गुहा ने शुक्रवार को कहा कि शहर की सड़कों पर सोमवार से 30 प्रतिशत बढ़े हुए किराए के साथ पीली टैक्सियों के चलने की संभावना है।

11:20 AM, 15-May-2020

इंदौर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2299 हुई

देश में कोरोना संक्रमण की सबसे ज्यादा मार झेलने वाले जिलों में शामिल इंदौर में पिछले 24 घंटे के दौरान 61 नए मामले मिलने के साथ ही महामारी के मरीजों की संख्या 2,238 से बढ़कर 2,299 पर पहुंच गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। 

उन्होंने यह भी बताया कि कोविड-19 संक्रमित पाए गए 75 वर्षीय पुरुष और 55 वर्षीय पुरुष की यहां अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के दौरान गुरुवार को मौत हो गई। इसके साथ ही, जिले में इस महामारी की चपेट में आकर दम तोड़ने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 98 पर पहुंच गई है।

10:57 AM, 15-May-2020

ओडिशा में 672 हुई कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या

ओडिशा में कोरोना वायरस के 61 नए मामले सामने आए हैं। ओडिशा के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग ने बताया कि राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 672 हो गई है। 158 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि तीन लोगों की मौत हो चुकी है।

10:43 AM, 15-May-2020

चार बजे संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगी वित्त मंत्री

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज शाम चार बजे एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगी।

10:41 AM, 15-May-2020

विश्व बैंक ने की एक बिलियन डॉलर के सामाजिक सुरक्षा पैकेज की घोषणा

विश्व बैंक ने भारत से जुड़े भारत सरकार के कार्यक्रमों के लिए एक बिलियन डॉलर के सामाजिक सुरक्षा पैकेज की घोषणा की है।

10:25 AM, 15-May-2020

चीन के करीब हुई भारत में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या

भारत में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या चीन के करीब पहुंच गई है। चीन में कोरोना के मरीजों की संख्या 82,933 है जबकि भारत में संक्रमित मरीजों की संख्या 81,970 हो गई है। चीन में भारत से 963 मामले ज्यादा हैं। भारत में अब तक 2649 लोगों की मौत हो चुकी है। 

10:10 AM, 15-May-2020

24 घंटे में कोरोना के 3967 नए मामले, 100 लोगों की मौत

देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 3967 नए मामले सामने आए हैं जबकि 100 लोगों की मौत हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 81,970 हो गई है और 2649 लोगों की अभी तक मौत हो चुकी है। 

09:58 AM, 15-May-2020

145 श्रमिक ट्रेनों से 2.10 लाख यात्रियों ने किया सफर

रेल मंत्रालय ने जानकारी दी कि गुरुवार को 145 श्रमिक ट्रेनें चलाई गईं और 2.10 लाख यात्रियों को ले जाया गया।

09:41 AM, 15-May-2020

राजस्थान में कोरोना के 55 नए मामले सामने आए

राजस्थान में कोरोना वायरस के 55 नए मामले सामने आए हैं। प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 4589 हो गई है। राजस्थान स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 1818 सक्रिय मामले हैं जबकि अब तक 125 लोगों की मौत हो चुकी है। 

09:25 AM, 15-May-2020

कर्नाटक के एक गांव में जमा हुई भारी भीड़

कर्नाटक में रामनगर के कोलागोंडानहल्ली गांव में एक मेले में बड़ी तादाद में लोग इकट्ठा हुए। उन्होंने पंचायत विकास अधिकारी एनसी कल्मत से इसकी अनुमति ली थी। पंचायत विकास अधिकारी को तहसीलदार की एक रिपोर्ट के बाद रामनगर डीए कमिश्नर ने निलंबित कर दिया है।
 

 

09:13 AM, 15-May-2020

देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 82 हजार के करीब

देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 82 हजार के करीब पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 81,970 हो गई है, जिनमें 51,401 सक्रिय हैं, 27,920 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 2649 लोगों की मौत हो चुकी है।

09:06 AM, 15-May-2020

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने पहुंचना शुरू किया

विभिन्न विशेष ट्रेनों से अपने घर वापस जाने वाले यात्रियों ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंचना शुरू कर दिया है। भारतीय रेलवे के अनुसार, लगभग 2,34,411 यात्रियों ने विशेष ट्रेनों के लिए अब तक टिकट बुक किए हैं।

08:41 AM, 15-May-2020

रेल यात्रियों के लिए दिल्ली परिवहन निगम की शटल सेवा शुरू

लॉकडाउन के दौरान नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आने वाले रेल यात्रियों के लिए दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने बस शटल सेवा शुरू की है। यात्रियों को शिवाजी स्टेडियम और अंबेडकर स्टेडियम पर उतार दिया जाता है, जहां से वो दूसरी बस लेते हैं। 
 

 

08:28 AM, 15-May-2020

भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए मालदीव पहुंचा आईएनएस जलाश्व

भारतीय नौसेना का आईएनएस जलाश्व आज सुबह तड़के मालदीव पहुंच गया है। ऑपरेशन समुद्र सेतु के तहत जलाश्व से लगभग 700 भारतीय नागरिकों के वापस लाए जाने की उम्मीद है। 
 

 

08:04 AM, 15-May-2020

दिल्ली-गाजीपुर सीमा पर पहुंचे प्रवासी मजदूर

उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अपने घरों को लौटने के लिए प्रवासी मजदूर दिल्ली-गाजीपुर सीमा पर पहुंचे हैं। उनमें से एक महिला रीता ने कहा कि मेरा घर हरदोई में है। मेरे मकान मालिक ने मुझे बाहर निकाल दिया है क्योंकि मैं किराया नहीं दे पाई। मेरे बच्चे छोटे हैं लेकिन अब घर जाने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है।

07:40 AM, 15-May-2020

महाराष्ट्र से अपने राज्यों के लिए लौट रहे ऑटो चालक

महाराष्ट्र के ऑटो चालक लॉकडाउन के दौरान काम की कमी के कारण अपने राज्यों की ओर जा रहे हैं। एक ऑटो चालक ने कहा कि, मैं पिछले 2.5 महीनों से बिना काम के हूं। बिना पैसे के टिकना मुश्किल है। इसलिए मैं रांची, झारखंड लौट रहा हूं।
 

 

07:25 AM, 15-May-2020

पश्चिम बंगाल: मूर्ति कारोबार को उठाना पड़ेगा नुकसान

कोलकाता के प्रसिद्ध मूर्ति-निर्माण केंद्र कुमरौली में मूर्ति निर्माताओं का कहना है कि उन्हें आने वाले दिनों में भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। क्योंकि लॉकडाउन के कारण पूरा मूर्ति बनाने का कारोबार रुक गया है। 

मूर्ति बनाने वाले एक कलाकार सुबोल पाल ने बताया कि कच्चे माल और कच्चे माल और मजदूरों की कमी है। विदेश से दुर्गा पूजा आयोजकों ने मूर्तियों का चयन किया था जिन्हें भेजा जाना था, लेकिन अब इस महामारी के कारण वे कुछ भी नहीं कह रहे हैं। राज्य में इस साल पूजा को लेकर अनिश्चितता है। यही वजह है कि हम चिंतित हैं।

केरल: दिल्ली से पहुंचे 602 यात्री 
दिल्ली से केरल के लिए पहली विशेष ट्रेन 602 यात्रियों के साथ शुक्रवार को तिरुवनंतपुरम रेलवे स्टेशन पहुंची। रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद यात्रियों की जांच की गई।
 

02:24 AM, 15-May-2020

तेलंगाना: कुआलालंपुर से आए 117 यात्री

कुआलालंपुर से 117 यात्रियों को लेकर आई एयर इंडिया की एआई 1385 उड़ान गुरुवार को रात करीब 10:12 बजे हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी।

कर्नाटक: दूसरे राज्यों से आने वालों को 14 दिन क्वारंटाइन में रहना अनिवार्य
कर्नाटक सरकार ने कहा है कि दूसरे राज्यों से आने वाले सभी लोगों को अनिवार्य रूप से 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन में रहना होगा। राज्य सरकार ने कहा है कि ऐसे लोग सरकार के छात्रावासों में मुफ्त में या फिर सरकार की ओर से निर्धारित होटलों में खुद शुल्क चुकाकर ठहर सकते हैं। इन सभी को 14 दिन यहां रहने के बाद ही अपने घर जाने की अनुमति दी जाएगी।

तमिलनाडु: दिल्ली से विशेष ट्रेन चेन्नई पहुंची
दिल्ली से यात्रियों को लेकर एक विशेष ट्रेन गुरुवार को चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पहुंची। सरकार की ओर से जारी दिशा—निर्देशों के अनुसार, रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग की गई।

02:07 AM, 15-May-2020

मध्यप्रदेश: पैदल चलने को मजबूर प्रवासी मजदूर

मध्यप्रदेश में प्रवासी मजदूर पैदल ही अपने घरों को लौट रहे हैं। गुरुवार को ऐसा ही कुछ नजारा भोपाल में देखने को मिला। एक मजदूर ने बताया कि हम एक दिन पहले इंदौर से चले थे, हमें कोई वाहन नहीं मिला। हम छिंदवाड़ा जा रहे हैं।

पंजाब: 1200 यात्री विशेष ट्रेन से गोरखपुर रवाना
अमृतसर से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जाने के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेन गुरुवार को रवाना हो गई। इसमें सवार 1200 यात्रियों की ट्रेन में बैठने से पहले जांच की गई।
 

12:46 AM, 15-May-2020

ओडिशा: दुबई से आए 149 भारतीय

वंदे भारत मिशन के तहत दुबई से 149 भारतीयों को लेकर आई एयर इंडिया की विशेष उड़ान भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर गुरुवार को रात करीब 9:15 बजे उतरी।

12:34 AM, 15-May-2020

महाराष्ट्र: पुणे में छह की मौत, 194 नए मामले सामने आए

जिला स्वास्थ्य अधिकारी (डीएचओ) डॉक्टर भगवान पवार ने बताया कि पुणे जिले में गुरुवार को कोरोना वायरस के कारण छह लोगों की मौत हो गई और 194 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। जिले में कुल कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 3426 हो गई है, जबकि अब तक जिले में 181 लोगों की कोरोना के कारण मौत हो चुकी है।

12:26 AM, 15-May-2020

केरल: वंदे भारत मिशन के पहले चरण की अंतिम उड़ान से आए 152 भारतीय

वंदे भारत मिशन के पहले चरण में केरल के लिए अंतिम उड़ान गुरुवार को जेद्दा (सऊदी अरब) से कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी। एयर इंडिया की इस विशेष उड़ान में कुज 152 यात्री सवार थे। इसमें से तीन शिशु और 31 लोग चिकित्सा आपात की स्थिति वाले थे। -एर्नाकुलम जिला प्रशासन, केरल

12:05 AM, 15-May-2020

भारत में कोरोना : दिल्ली के चार इलाके कंटेनमेंट जोन से बाहर, केजरीवाल ने पीएम को लिखा पत्र

झारखंड: हजारीबाग में नए मामले सामने आए
झारखंड के हजारीबाग में सिविल सर्जन डॉक्टर कृष्ण कुमार ने बताया कि गुरुवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के छह और मामले सामने आए हैं। यह सभी मरीज विभिन्न राज्यों से लौटकर आए थे। हजारीबाग से आज कुल 8 मामले सामने आए हैं। झारखंड में कुल सकारात्मक मामलों की संख्या 203 हैं।

यहां पढ़ें 14 मई (गुरुवार) के सभी अपडेट्स
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें