देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 3722 नए मामले सामने आए हैं और 134 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 78,003 हो गई है, जिनमें 49,219 सक्रिय हैं, 26,235 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 2549 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, आज ओडिशा में 73, आंध्र प्रदेश में 36, कर्नाटक में 11 और राजस्थान में 24 नए मामले दर्ज किए गए हैं। यहां पढ़ें देश में कोरोना वायरस से संबंधित सभी अपडेट्स...
पुड्डुचेरी में कोरोना के तीन पॉजिटिव मामले सामने आए। इसके साथ ही यहां सक्रिय मामलों की संख्या सात हो गई है।
छत्तीसगढ़ में चार सक्रिय मामले
छत्तीसगढ़ः बालोद में आज एक और व्यक्ति को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। वर्तमान में राज्य में चार सक्रिय मामले हैं: एम्स रायपुर
11:02 PM, 14-May-2020
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के कार्यक्रम में लिया हिस्सा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हिस्सा लिया। कोरोना के खिलाफ वैश्विक प्रतिक्रिया और महामारी से लड़ने को साइंटफिक इनोवेशन के लिए वैश्विक सहयोग और रिसर्च और डेवलेपमेंट के महत्ता पर चर्चा हुईः प्रधानमंत्री कार्यालय
10:42 PM, 14-May-2020
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने क्या-क्या कहाः-
वित्त मंत्री के द्वारा की गई घोषणाएं अर्थव्यवस्था को रफ्तार देंगी और उसे वापस पटरी पर लाने में मददगार होगी। यह समाज के विभिन्न तबकों को एक नई शुरुआत देगा और उनके काम को फास्ट ट्रैक लेन पर लेकर आएगा।
ये देखकर मुझे दुख होता है कि पश्चिम बंगाल, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और झारखंड की सरकारें पर्याप्त संख्या में श्रमिक स्पेशल ट्रेनों को अपने राज्य में आने की अनुमति नहीं दे रहे हैं।
पश्चिम बंगाल ने पहले दो ट्रेनों की अनुमति दी। फिर गृह मंत्री ने राज्य की मुख्यमंत्री को पत्र लिखा, जिसके बाद आठ और ट्रेनों की अनुमित दी गई। मगर आज दोपहर तक केवल पांच ट्रेनों को अनुमति दी गई थी।
मैं एक बार फिर पश्चिम बंगाल सरकार से अपील करता हूं कि 30 दिनों में 105 ट्रेनों को अनुमति देने के बजाय, प्रतिदिन 105 ट्रेनों की अनुमति दें। हम बंगाल के उन सभी प्रवासी मजदूरों को वापस भेजेंगे जो घर वापस जाना चाहते हैं।
दिल्ली में फंसे लोगों को निकालने के लिए बसें चलाएगा हरियाणाः मूलचंद शर्मा, परिवहन मंत्री
10:27 PM, 14-May-2020
दिल्ली सरकार ने केंद्र से इन सब चीजों की मांगी अनुमतिः-
बसों, मेट्रो, ऑटो, टैक्सियों को शहर में सख्त सोशल डिस्टेंसिंग मानदंडों के साथ काम करने की अनुमति दी जानी चाहिए।
सरकार ने केंद्र को मार्केट, मॉल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में दुकानों आदि को ऑड-ईवन के हिसाब से खोलने की सलाह दी।
शहर के भीतर मजदूरों की आवाजाही और निर्माण गतिविधियों की भी अनुमति दी जानी चाहिए।
विज्ञापन
10:13 PM, 14-May-2020
जिनके पास राशन कार्ड न हों, उन्हें भी खाद्यान्न उपलब्ध कराएं- रामविलास पासवान
केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने कहा है कि मैंने एफसीआई (भारतीय खाद्य निगम) के अध्यक्ष को निर्देश दिया है कि वो सोमवार से राज्य में खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए तैयार रहें। जिनके पास राशन कार्ड न हों, उन्हें भी खाद्यान्न उपलब्ध कराएं जैसा कि वित्त मंत्री के द्वारा घोषणा की गई है।
10:01 PM, 14-May-2020
गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान सार्वजनिक/निजी परिवहन के प्रतिबंध के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों से यात्रियों को ढोने के लिए केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को स्पेशल बसें किराए पर लेने की अनुमति दी।
09:55 PM, 14-May-2020
राजस्थान में आज 206 नए मामले, चार लोगों ने तोड़ा दम
राजस्थान में आज 206 नए मामले सामने आए और चार लोगों की मौत हो गई। राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 4534 हो गई और मौत का आंकड़ा 125 पहुंच गया है। राज्य में अब तक 2638 मरीज ठीक हो गए हैं, जबकि 1771 मामले सक्रिय हैं: स्वास्थ्य विभाग
09:50 PM, 14-May-2020
जर्मनी, यूरोप समेत कुल 106 गंतव्य स्थानों के लिए जून के अंत तक यात्रियों के लिए विमान सेवा जून के अंत उपलब्ध होगी। पहले बैच के लिए बुकिंग आज से शुरू होगीः लुफ्थांसा एयरलाइंस
09:35 PM, 14-May-2020
कोरोना मुक्त राज्य घोषित करने के तीन सप्ताह बाद मणिपुर में एक नया मामला
राज्य को कोरोना वायरस मुक्त घोषित करने के तीन सप्ताह बाद गुरुवार को मणिपुर में एक कोरोना का ताजा मामला सामने आया है। जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (JNIMS) ने कहा कि जिस व्यक्ति का टेस्ट पॉजिटिव आया है वह हाल ही में पांच अन्य लोगों के साथ किराए के वाहन में सड़क मार्ग से मुंबई से लौटा था।
व्यक्ति (33 साल) इम्फाल पूर्वी जिले का रहने वाला है। बुधवार को मणिपुर पहुंचने के बाद उसे एक क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। अस्पताल के अधिकारी ने कहा कि उसे पॉजिटिव पाया गया है और उसकी रिपोर्ट गुरुवार शाम को आई।
09:28 PM, 14-May-2020
झारखंड में कोरोना के दो और मामले
झारखंड में कोरोना के दो और मामले सामने आए। राज्य में कोरोना मामलों की कुल संख्या 192 हो गई हैः स्वास्थ्य सचिव
09:16 PM, 14-May-2020
पुणे आईसीएमआर-एनआईवी के वैज्ञानिकों ने विकसीत की IgG ELISA एंटी बॉडी टेस्ट किट
पुणे आईसीएमआर-एनआईवी के वैज्ञानिकों ने स्वदेशी कोरोना जांच के लिए IgG ELISA एंटी बॉडी टेस्ट किट विकसीत की। IgG टेस्ट किट में क्रमशः 98.7 फीसदी और 100 फीसदी की संवेदनशीलता और विशिष्टता पाई गई है। फार्मा कंपनी एसपीएएन, जे मित्रा, सिपला और जायडस-कैडिला इसका उत्पादन करेगीः आईसीएमआर
08:57 PM, 14-May-2020
एक महीने से ज्यादा वक्त के बाद गोवा में आठ नए मामले सामने आए
एक महीने से ज्यादा वक्त के बाद गोवा में आठ नए मामले सामने आए हैं। सभी पीड़ित बाहर से आए हैं और इन आठ मामलों से राज्य में कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं हो रहा हैः गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत
उत्तराखंड में कुल पॉजिटिव मामले 78
उत्तराखंड में कुल पॉजिटिव मामले 78 हो गए हैं: राज्य स्वास्थ्य विभाग
08:53 PM, 14-May-2020
मुंबई में आज 998 नए मामले और 25 लोगों की मौत
मुंबई में आज 998 नए मामले सामने आए और 25 लोगों की मौत हो गई। मुंबई में कुल पॉजिटिव मामले 16,579 हो गए हैं। शहर में 621 लोगों की जान जा चुकी है। 443 लोग आज ठीक हो गए हैं। अब तक शहर में कुल ठीक होने वालों की संख्या 4234 हो गई हैः नगर निगम ग्रेटर मुंबई
08:43 PM, 14-May-2020
पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटे में 87 नए मामले, आठ की मौत
पश्चिम बंगाल में आज 87 नए मामलों की पुष्टि हुई। पिछले 24 घंटे में आठ लोगों की मौत हो गई है, जिससे राज्य में मौत का आंकड़ा 143 के पार हो गया है। पश्चिम बंगाल में कुल मामलों की संख्या अब 2377 है: पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विभाग
08:39 PM, 14-May-2020
ओडिशा में पिछले 24 घंटे में 86 पॉजिटिव मामले
ओडिशा में पिछले 24 घंटे में 86 पॉजिटिव मामले सामने आए। राज्य में कुल मामलों की संख्या 624 हो गई है, जिनमें से 463 मामले सक्रिय हैं। 158 मरीज अब तक ठीक हो गए हैं और तीन लोगों की मौत हो चुकी हैः राज्य स्वास्थ्य विभाग
08:35 PM, 14-May-2020
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डेनमार्क के पीएम मेट फ्रेड्रिक्शन से बात की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डेनमार्क के पीएम मेट फ्रेड्रिक्शन से बात की। कोरोना को लेकर दोनों देशों के द्वारा उठाए गए कदमों पर हुई चर्चा।
08:34 PM, 14-May-2020
पिछले 24 घंटे में 324 नए मामले सामने आए
पिछले 24 घंटे में 324 नए मामले सामने आए। राज्य में कुल मामलों की संख्या 9592 तक पहुंच गई, जिसमें 3753 मरीज और 586 मौतें शामिल हैं। गुजरात में कोरोना मरीजों की रिकवरी दर 38.43 फीसदी है: राज्य स्वास्थ्य विभाग
08:30 PM, 14-May-2020
महाराष्ट्र में आज 1602 नए मामले, 44 लोगों की मौत
महाराष्ट्र में आज 1602 नए मामले सामने आए और 44 लोगों की मौत हो गई। राज्य में कुल मामलों की संख्या 27,524 हो गई है और मौतों की संख्या बढ़कर 1019 हो गई है। राज्य में अब तक कुल 6059 मरीजों को छुट्टी दे दी गई है। सक्रिय मामलों की संख्या अब 20,441 है: महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग
08:23 PM, 14-May-2020
आज प्रवासी मजदूरों, किसानों और रेहड़ी-पटरी वालों के लिए कई कदमों की घोषणा की गई- केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी
आज प्रवासी मजदूरों, किसानों और रेहड़ी-पटरी वालों के लिए कई कदमों की घोषणा की गई है। मजदूरों के लिए दो महीने तक मुफ्त राशन, वन नेशन वन राशन कार्ड आदि। मैं अधिकारियों को कहना चाहता हूं कि गरीबों तक इसका फायदा पहुंचे, यह सुनिश्चित करें: केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी
08:18 PM, 14-May-2020
मुंबई पुलिस के दो एएसआई की कोरोना से मौत
मुंबई पुलिस के एएसआई मुरलीधर वाघमारे (सेवरी पुलिस स्टेशन) और पीएन भगवान पारते (शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन) की कोरोना वायरस महामारी के कारण मौत हो गई।
08:12 PM, 14-May-2020
गुजरात, यूपी और मध्य प्रदेश में नए श्रम कल्याण कानूनों से औद्योगिक इकाइयों को छूट देने के फैसले को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है। नए कानून में कोरोना के मद्देनजर, आर्थिक गतिविधियों को पुनर्जीवित करने के लिए, काम के घंटे बढ़ाने जैसे कदम उठाने की अनुमति है।
08:06 PM, 14-May-2020
केबिन सामान में 350 ml तक हैंड सैनिटाइजर ले जाने की अनुमति
ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी ने विमानों में यात्रियों को अपने केबिन सामान में 350 ml तक हैंड सैनिटाइजर ले जाने की अनुमति दी। यह तत्काल प्रभाव से लागू होगाः भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण
07:59 PM, 14-May-2020
मैरीकॉम के बेटे के जन्मदिन पर केक लेकर पहुंची दिल्ली पुलिस
प्रसिद्ध मुक्केबाज और राज्यसभा सांसद मैरीकॉम के बेटे का आज जन्मदिन है। लॉकडाउन होने के चलते दिल्ली पुलिस केक लेकर उनके आवास पर पहुंची और उनके बेटे का जन्मदिन मनाया।
07:53 PM, 14-May-2020
मुंबई पुलिस ने गुरुवार को मुस्लिम समुदाय के 40 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन लोगों पर आरोप है कि इन्होंने शहर के डोंगरी इलाके में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन किया है। पुलिस ने कार्यक्रम का आयोजन करने वालों को भी नोटिस भेजा है।
07:45 PM, 14-May-2020
जम्मू-कश्मीर : आज सामने आए 12 नए मामले
जम्मू-कश्मीर में आज कोरोना वायरस के 12 नए मामले सामने आए। इनमें से चार जम्मू से और आठ कश्मीर से हैं। इसी के साथ इस केंद्रशासित प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 983 हो गई। इनमें 487 सक्रिय मामले हैं और 485 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में कोविड-19 के चलते 11 लोगों की मौत हो चुकी है।
07:43 PM, 14-May-2020
हरियाणा में कोरोना के कुल मामले 818 हुए, 11 मौतें
हरियाणा सरकार ने बताया है कि राज्य में कोरोना वायरस के कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या फिलहाल 818 है। इसमें 368 सक्रिय मामले हैं और 439 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, कोरोना के चलते राज्य में अभी तक कुल 11 लोगों की जान गई है।
07:41 PM, 14-May-2020
उत्तराखंड : स्कूलों की मनमानी रोकने को नोडल अधिकारी नियुक्त
उत्तराखंड सरकार ने कोरोना वायरस को देखते हुए स्कूलों की ओर से छात्रों के परिजनों पर फीस के लिए दबाव बनाने के खिलाफ नैनीताल हाईकोर्ट के आदेश के बाद सभी जिला शिक्षाधिकारी और खंड विकास अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया है।
07:39 PM, 14-May-2020
लुधियाना : कंटेनमेंट जोन से बाहर कुटीर उद्योगों को अनुमति
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने लुधियाना में कंटेनमेंट जोन से बाहर स्थित छोटे या कुटीर उद्योगों को तत्काल काम शुरू करने की अनुमति दे दी है। राज्य सरकार ने कहा कि यह फैसला इसलिए लिया गया है जिससे ऐसे बड़े उद्योग चालू किए जा सकें, जो इन छोटे उद्योगों पर निर्भर करते हैं।
07:32 PM, 14-May-2020
तमिलनाडु : 447 नए मामले, दो की मौत
तमिलनाडु में आज कोविड-19 संक्रमण के 447 नए मामले सामने आए हैं और दो लोगों की मौत हुई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सी विजयभास्कर ने बताया कि अब राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 9,674 हो गई है। वहीं, राज्य में कोरोना की वजह से अभी तक 66 लोगों की मौत हो चुकी है।
07:30 PM, 14-May-2020
पंजाब में सुबह सात से शाम छह बजे तक खुलेंगी दुकानें
पंजाब सरकार ने कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन में राहत देते हुए फैसला किया है कि अब दुकानें सुबह सात बजे से शाम के छह बजे तक खुल सकेंगी।
07:29 PM, 14-May-2020
सऊदी से लौटी महिला ने दिया बच्ची को जन्म, सभी की रिपोर्ट नेगेटिव
कोच्चि के एरनाकुलम जिले के कलामास्सेरी मेडिकल कॉलेज में सऊदी अरब से लौटी एक महिला ने बच्ची को जन्म दिया है। महिला 12 मई को एक विशेष विमान से अपने दो बच्चों के साथ दम्माम से केरल वापस लौटी थी। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
07:26 PM, 14-May-2020
सड़क पर बच्चे को जन्म देने की घटना का मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक मामले का स्वत: संज्ञान लिया है जिसमें एक गर्भवती प्रवासी महिला ने महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश पैदल जाते समय सड़क पर बच्चे को जन्म दिया था। आयोग ने कहा कि महिला ने बच्चो को जन्म देने के बाद दो घंटे तक आराम किया और फिल 150 किलोमीटर की यात्रा की। जानकारी के अनुसार महिला और उसके पति ने महाराष्ट्र के नासिक से मध्यप्रदेश के सतना में अपने घर के लिए चले थे। कोरोना वायरस के चलते जारी लॉकडाउन के चलते इनके पास पैदल जाने के अलावा कोई चारा नहीं था।
07:23 PM, 14-May-2020
महाराष्ट्र : कैदियों को रिहा करने के फैसले पर मानवाधिकार आयोग में शिकायत
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने एक शिकायत का संज्ञान लिया है जिसमें महाराष्ट्र सरकार के कैदियों को रिहा करने के कदम को 'अनुचित' बताया गया है। आयोग ने बताया कि शिकायत में कहा गया है कि इससे और कैदियों में कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ेगा।
07:17 PM, 14-May-2020
कर्नाटक : आज सामने आए 28 नए मामले
कर्नाटक में आज कोविट-19 के 28 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 987 हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि कुल 987 मरीजों में से 480 ठीक हो चुके हैं और 35 लोगों की मौत हुई है। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या फिलहाल 491 है।
07:14 PM, 14-May-2020
झारखंड में आज तीन नए मामले
झारखंड में आज तीन लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है राज्य के स्वास्ख्य सचिव नितिन मदान कुलकर्णी ने बताया कि अब राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 190 हो गई है।
05:32 PM, 14-May-2020
आंध्र प्रदेश में कोरोना के 68 और मामले
आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस के 68 और मामले सामने आए हैं। राज्य में मामलों की कुल संख्या अब 2,205 है और राज्य में कोरोना के कारण 48 लोगों की मौत हो चुकी है।
04:23 PM, 14-May-2020
आज राहत पैकेज में एलान का दूसरा दिन..वित्त मंत्री ने क्या-क्या कहाः
गरीबों के खाते में सबसे पहले मदद पहुंचाई
किसानों ने चार लाख करोड़ का सस्ता कर्ज लिया
तीन करोड़ किसानों को सस्ती दरों पर कर्ज का फायदा
25 लाख नए किसानों को क्रेडिट कार्ड दिए
किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि योजना
बेशक लॉकडाउन है लेकिन सरकार लगातार काम कर रही है
गरीबों को हर तरह से मदद करने की कोशिश
प्रवासी मजदूर, किसान और जरूरतमंद हमारी प्राथमिकता
तीन महीने में 86 हजार करोड़ रुपये के ऋण दिए गए
ग्रामीण अर्थव्यवस्था के काफी सारे कदम उठाए गए
राज्यों ने किसानों को 6700 करोड़ की मदद दी
30 अप्रैल तक कृषि क्षेत्र में 63 लाख लोन मंजूर किए
नाबार्ड ने 29,500 करोड़ की मदद ग्रामीण बैंकों को दी
शहरी गरीबों को 11 हजार करोड़ की मदद दी गई
गांव के आधारभूत ढांचे के लिए 4200 करोड़
फसल की खरीद के लिए 6700 करोड़
पैसा सीधा किसानों के हाथों में जा रहा है
शहरी गरीबों को शेल्टर और खाना मुहैया कराया गया
SDRF के जरिए 11 हजार करोड़ रुपये की मदद
प्रवासी मजदूरों पर वित्त मंत्री ने क्या-क्या कहाः
प्रवासी मजदूरों के लिए मनरेगा के जरिए काम दिया जा रहा है
अपने राज्यों में लौटे मजदूरों को काम दिया गया
2.33 करोड़ प्रवासी मजदूरों को पंचायत में काम मिला
अब तक मनरेगा पर 10 हजार करोड़ रुपये का खर्च
मजदूरों की दिहाड़ी 182 से बढ़ाकर 202 रुपये की है
श्रम कानून में सुधार पर काम चल रहा है
न्यूनतम मजदूरी के भेदभाव को खत्म करेंगे
मजदूरों की सालाना स्वास्थ्य जांच अनिवार्य होगी
प्रवासी मजदूरों को जुलाई तक मुफ्त में अनाज देंगे
बेरोजगार हुए मजदूरों को सरकार काम देगी
जिनके पास राशन कार्ड नहीं है उनको भी अनाज देंगे
बिना कार्ड वाले मजदूरों को पांच किलो अनाज
आठ करोड़ प्रवासियों को मुफ्त अनाज से लाभ मिलेगा
मुफ्त अनाज का पूरा खर्चा केंद्र सरकार उठाएगी
वन नेशन वन राशन कार्ड योजना का एलान
ये राशन कार्ड हर राज्य में लागू होगा
मार्च 2021 तक वन नेशन वन राशन योजना
मुफ्त राशन के लिए दो महीने में 3500 करोड़ रुपये खर्च होंगे
प्रवासी मजदूरों को अगले दो महीने मुप्त अनाज
शहरी गरीबों और प्रवासियों के लिए रेंटल स्कीम
प्रवासी मजदूरों के लिए किफायती घर की योजना
पीपीपी के जरिए रेंटल हाउसिंग विकसित की जाएगी
बिना कार्ड वाले को हर महीने पांच किलो गेहूं और एक किलो चना
रेहड़ी-पटरी वालों को पांच हजार करोड़ की मदद
प्रति व्यक्ति 10 हजार रुपये की मदद
04:04 PM, 14-May-2020
झारखंड में आज छह नए मामले सामने आए हैं। इनमें से चार पलामू से, एक जमशेदपुर से और एक कोडरमा से हैं। राज्य में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 187 हो गई हैः झारखंड के स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी
04:00 PM, 14-May-2020
ओडिशा में आज कोरोना के 15 मरीज ठीक हुए
ओडिशा में आज 15 मरीज ठीक हो गए हैं। ये सभी जाजपुर जिले के हैं। राज्य में कुल ठीक होने वालों की संख्या अब 158 हो गई है: स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग, ओडिशा सरकार
03:56 PM, 14-May-2020
एयर इंडिया छह और देशों के लिए उड़ानों की तैयारी शुरू कर रही है
एयर इंडिया छह और देशों के लिए उड़ानों की तैयारी शुरू कर रही है। इसके लिए टिकटों की बुकिंग आज शाम 5 बजे से होगी। एयर इंडिया की ये उड़ानें अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, फ्रांस और सिंगापुर के कुछ सिलेक्टेड लोकेशन के लिए होंगी।
03:52 PM, 14-May-2020
राष्ट्रपति अपने वेतन का 30 फीसदी हिस्सा पीएम केयर्स फंड में देंगे
पीएम-केयर्स फंड में एक महीने का वेतन दान देने के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अब अगले एक साल तक अपने वेतन का 30 फीसदी हिस्सा पीएम केयर्स फंड में देने का फैसला किया है।
03:23 PM, 14-May-2020
बक्सर विधायक की गाड़ी से शराब बरामद, चार लोग गिरफ्तार
बिहार में लॉकडाउन के दौरान एक कार से शराब मिलने पर बिहार के एडीजी (मुख्यालय) जितेंद्र कुमार ने बताया कि जिस कार में शराब ले जाई जा रही थी वह कार बक्सर से कांग्रेस विधायक संजय कुमार तिवारी का है। कार में मौजूद चार लोगों, वाहन के मालिक और दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बिहार के बक्सर सदर के कांग्रेस विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी की गाड़ी से पुलिस ने शराब की बोतलें बरामद हुई थी, पुलिस ने यह बरामदगी सिमरी थाना क्षेत्र के नगपुरा में वाहन जांच के दौरान बुधवार की शाम को की थी।
03:08 PM, 14-May-2020
चंडीगढ़ में तीन नए मामले, संक्रमितों की संख्या 191 हुई
चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, चंडीगढ़ में कोरोना पॉजिटिव के दो नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद यहां संक्रमितों की कुल संख्या 191 हो गई है। जिसमें से तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
02:59 PM, 14-May-2020
राजस्थान में 24 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 4418 हुई
राजस्थान स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में आज दोपहर दो बजे तक कोरोना पॉजिटिव के 24 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संक्या 4418 हो गई है। जिसमें से 122 लोगों की मौत हो गई है, 2346 लोग ठीक हो चुके हैं और 1716 लोग सक्रिय हैं।
02:57 PM, 14-May-2020
अब तक 10 लाख प्रवासी मजदूरों को रेलवे ने पहुंचाया घर
भारतीय रेलवे ने बताया कि एक मई के बाद से रेलवे ने 800 गाड़ियों में 10 लाख श्रमिकों को उनके गृह राज्य पहुंचाया है।
02:51 PM, 14-May-2020
असम के प्रवासी मजदूरों ने राज्य और केंद्र सरकार से मदद की लगाई गुहार
कोरोना लॉकडाउन के दौरान तमिलनाडु के चेन्नई में फंसे असम के प्रवासी मजदूरों ने अपने घर वापसी की सुविधा के लिए असम सरकार से अपील की। मजदूरों ने कहा कि हमारे पास अब बिल्कुल पैसा नहीं बचा है। हम केंद्र और असम सरकार दोनों से हमारे लिए कुछ करने की अपील करते हैं।
02:30 PM, 14-May-2020
उत्तराखंड में तीन नए मामले, संक्रमितों की संख्या 75 हुई
उत्तराखंड राज्य स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में आज कोरोना पॉजिटिव के तीन नए मामले सामने आए है। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 75 हो गई है। जिसमें से 24 सक्रिय है, 50 ठीक हो चुके हैं और एक की मौत हो गई है।
02:26 PM, 14-May-2020
नासिक से प्रवासी मजदूरों को लेकर ओडिशा जा रहा ट्रक पलटा, सात घायल
महाराष्ट्र के नासिक में प्रवासी मजदूरों को लेकर जा रहे एक ट्रक के पलटने से सात मजदूर घायल हो गए। एक मजदूर ने बताया कि हम लोग भिवंडी से आए थे और ओडिशा जाने वाले थे। भिवंडी बायपास पर गाड़ी आई, उसने एक आदमी से 4,000 रुपये लिए, हम 53 आदमी हैं। सुबह नासिक रोड पर गाड़ी पलट गई और ड्राइवर भाग गया।
02:19 PM, 14-May-2020
flower market in Coimbatore
- फोटो : ANI
कोयंबटूर के फूल बाजार में भारी भीड़ जमा हुई
तमिलनाडु में लॉकडाउन के बीच आज कोयंबटूर के फूल बाजार में भारी भीड़ जमा हुई। राज्य में अब तक कोरोना के कुल 9227 मामले सामने आ चुके हैं।
02:17 PM, 14-May-2020
कुवैत और लंदन से दो उड़ानें 349 भारतीयों को लेकर अहमदाबाद पहुंची
गुजरात के 349 लोगों को गुरुवार सुबह कुवैत और लंदन से दो उड़ानों से अहमदाबाद लाया गया। अहमदाबाद के जिला विकास अधिकारी अरुण महेश बाबू ने कहा कि कुवैत से एक विमान 177 यात्रियों को लेकर आया, जबकि लंदन से एक दूसरे विमान से 172 यात्रियों को वापस लाया गया।
01:59 PM, 14-May-2020
हावड़ा से नई दिल्ली पहुंची स्पेशल ट्रेन
पश्चिम बंगाल के हावड़ा से एक विशेष ट्रेन यात्रियों को लेकर आज नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची। एक यात्री ने कहा कि ट्रेन को अच्छी तरह सैनिटाइज किया गया था और साफ सुथरी थी। सोशल डिस्टेंसिंग का भी ध्यान रखा गया था।
01:50 PM, 14-May-2020
दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान 472 नए मामले सामने आए
दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान 472 नए मामले सामने आए हैं, 187 लोग ठीक हुए हैंं। पिछले 24 घंटे में कोरोना से कोई मौत नहीं हुई। दिल्ली में संक्रमितोंं की कुल संख्या 8470 पहुंच गई है, अबतक 3045 मरीज ठीक हुए और 115 की मौत हुई है।
01:19 PM, 14-May-2020
अरविंद केजरीवाल को लॉकडाउन 4.0 को लेकर मिले पांच लाख से ज्यादा सुझाव
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्लीवासियों, दिल्ली में लॉकडाउन में कितनी ढील दी जाए- इस पर अपने सुझाव देने के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया। पांच लाख से ज़्यादा सुझाव मिले हैं। आपके सुझावों के आधार पर हम केंद्र सरकार को दिल्ली से संबंधित प्रस्ताव भेजेंगे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ज्यादातर लोगों का कहना है कि अभी शैक्षणिक संस्थान नहीं खुलने चाहिए, होटल नहीं खुलने चाहिए लेकिन रेस्टोरेंट खुलने चाहिए। लोगों का कहना है कि खाने की होम डिलीवरी की इजाजत दे दीजिए। नाई की दुकान, स्पा, सैलून, सिनेमा हॉल और स्विमिंग पूल अभी नहीं खुलनी चाहिए, इस पर लोगों की सहमति है।
उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के बीच बैठक आज शाम चार बजे होगी। बैठक में आप सभी द्वारा दिए गए सुझावों पर चर्चा की जाएगी। दिल्ली में किस हद तक छूट दी जानी चाहिए, ये सुझाव केंद्रीय सरकार को भेजे जाएंगे।
12:51 PM, 14-May-2020
San Francisco to Delhi.
- फोटो : ANI
अमेरिका से देश लौटी एक महिला यात्री ने पीएम मोदी का किया धन्यवाद
वंदे भारत मिशन के तहत अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को से नई दिल्ली पहुंची एक महिला यात्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर का धन्यवाद किया। महिला यात्री ने कहा कि मैं उन सभी अधिकारियों को चिल्लाकर धन्यवाद देना चाहती हूं जिन्होंने हमें वापस लाने के लिए दिन-रात अथक परिश्रम किया। मैं पीएम मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर का भी धन्यवाद करती हूं।
12:48 PM, 14-May-2020
दिल्ली से असम पहुंचे चार लोग क्वारंटीन में भेज गए
दिल्ली से यात्रियों को लेकर एक स्पेशल ट्रेन असम के डिब्रूगढ़ रेलवे स्टेशन पर आज पहुंची। स्क्रीनिंग करते समय एक परिवार के चार लोगों में बुखार का पता चला, जिसके बाद उन सभी को क्वारंटीन में ले जाया गया है। सभी का स्वैब सैंपल लिया जाएगा और टेस्ट भी होगा। असम के संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य नबज्योति गोगोई ने यह जानकारी दी।
12:45 PM, 14-May-2020
कर्नाटक में 22 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 981 हुई
कर्नाटक राज्य स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में 13 मई शाम पांच बजे से आज दोपहर 12 बजे तक कोरोना पॉजिटिव के 22 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद राज्य में कुल मामलों की संख्या अब 981 हो गई है। जिसमें 456 डिस्चार्ज और 35 मौतें शामिल हैं।
12:23 PM, 14-May-2020
आंध्र प्रदेश में 36 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 2100 हुई
आंध्र प्रदेश कमान नियंत्रण कक्ष के मुताबिक, राज्य में पिछले 24 घंटे में 36 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 2100 हो गई है। जिसमें से 1192 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 48 लोगों की मौत हो गई है।
12:10 PM, 14-May-2020
दिल्ली से गुजरात पहुंची स्पेशल ट्रेन
दिल्ली से यात्रियों को लेकर एक स्पेशल ट्रेन गुजरात के साबरमती रेलवे स्टेशन पहुंची। रेलवे स्टेशन पर सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग की गई साथ ही साथ लोगों के सामान और हाथ को सैनिटाइज भी किया गया।
12:04 PM, 14-May-2020
विशेष ट्रेनों के लिए अब तक 234411 यात्रियों ने टिकट बुक किए
भारतीय रेलवे ने बताया कि विशेष ट्रेनों के लिए अब तक 2,34,411 यात्रियों ने टिकट बुक किए हैं। पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) ने अब तक कुल 45.30 करोड़ रुपये किराया के रूप में वसूले हैं।
11:56 AM, 14-May-2020
दूसरी यात्रा के तहत आज मालदीव पहुंचेगा आईएनएस जलाश्व
ऑपरेशन समुद्र सेतु के तहत कोरोना लॉकडाउन के दौरान विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाया जा रहा है। इसी के तहत आईएनएस जलाश्व मालदीव के माले बंदरगाह पर पहुंचने वाला है। जलाश्व पोत अपनी दूसरी यात्रा शुक्रवार को माले से केरला के कोच्चि के लिए शुरू करेगा। मालदीव में भारतीय दूतावास ने यह जानकारी दी।
11:49 AM, 14-May-2020
दूसरे राज्यों से अब तक 12 लाख प्रवासी मजदूर उत्तर प्रदेश पहुंचे
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारे पास अब तक लगभग 12 लाख प्रवासी मजदूर आ चुके हैं, मेरा मानना है कि 10 लाख प्रवासी मजदूर अभी और आने वाले हैं। 20-25 लाख तक प्रवासी मजदूर उत्तर प्रदेश में आएंगे। इनमें ड्राइवर, प्लंबर, टेलर, अलग-अलग क्षेत्र में काम करने वाले बहुत अच्छे कौशल के लोग हैं। उत्तर प्रदेश मनरेगा में रोजगार देने में अग्रणी प्रदेशों में है, बुधवार तक हम प्रतिदिन 25 लाख लोगों को मनरेगा के माध्यम से रोजगार दे रहे थे। मेरा अनुमान है कि इस महीने के अंत तक हम इसे 50 लाख तक लेकर जाएंगे।
11:46 AM, 14-May-2020
महाराष्ट्र में 1001 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव
महाराष्ट्र पुलिस की ओर से बताया गया है कि अब तक राज्य में 1001 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिनमें से 851 सक्रिय हैं, 142 ठीक हो चुके हैं और आठ लोगों की मौत हो गई है। लॉकडाउन अवधि के दौरान पुलिस कर्मियों पर हमले की 218 घटनाएं हुई हैं और 770 आरोपियों को उसके लिए गिरफ्तार किया गया है।
11:44 AM, 14-May-2020
आईआरसीटीसी ने यात्रियों से पहुंचने वाले स्थान का भी मांगा पता
आईआरसीटीसी ने 13 मई से ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले सभी यात्रियों से जहां पहुंचने वाले हैं वहां का पता लेना शुरू कर दिया है। भारतीय रेलवे ने बताया कि इससे हमें बाद में जरूरत पड़ने पर संपर्क करने में मदद मिलेगी।
11:42 AM, 14-May-2020
देशभर में कुल 106 सीआईएसएफ कर्मी कोरोना से संक्रमित
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की ओर से बताया गया कि पिछले 24 घंटों में कोरोना का कोई नया मामला दर्ज नहीं हुआ है। अब तक देशभर में कुल 106 सीआईएसएफ कर्मी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं।
11:39 AM, 14-May-2020
इंदौर में संक्रमितों की संख्या 2200 के पार
इंदौर में कोरोना महामारी का प्रसार थमने का नाम नहीं ले रहा है। रेड जोन में शामिल जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान 131 नए मामले मिलने के साथ ही महामारी के मरीजों की तादाद 2,107 से बढ़कर 2,238 पर पहुंच गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जडिया ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 1,046 मरीजों को इलाज के बाद संक्रमणमुक्त होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। इसके बाद अस्पतालों में इलाज करा रहे मरीजों की तादाद घटकर 1,096 रह गयी है।
11:08 AM, 14-May-2020
दिल्ली में लॉकडाउन 4.0 के बारे में 2-3 दिनों में पता चलेगा
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने लॉकडाउन 4.0 को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री ने जनता से सुझाव मांगे थे, हमें करीब पांच लाख सुझाव मिले हैं। एक नीति तैयार की जा रही है और आपको 2-3 दिनों में इसके बारे में पता चल जाएगा, जो कुछ भी खुलता है वह सामाजिक दूरी को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा।
11:03 AM, 14-May-2020
दिल्ली की रोहिणी जेल में एक कैदी कोरोना पॉजिटिव
दिल्ली की रोहिणी जेल का एक कैदी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। वह इलाज के लिए डीडीयू अस्पताल में भर्ती था और 10 मई को उसका ऑपरेशन हुआ था। वहां उसकी कोरोना जांच भी की गई थी जिसकी रिपोर्ट बुधवार को आई और वह कोरोना पॉजिटिव निकला। इसके बाद 20 अन्य कैदियों और पांच जेल स्टाफ को क्वारंटीन किया गया है। जेल अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है।
11:00 AM, 14-May-2020
कल मंत्री समूह की होगी बैठक
कोरोना वायरस को लेकर दिल्ली में मंत्री समूह (जीओएम) की बैठक कल निर्माण भवन में होगी।
10:57 AM, 14-May-2020
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज फिर शाम चार बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई आर्थिक पैकेज की घोषणा की दूसरी किस्त के बारे में जानकारी देंगी। वित्त मंत्री 20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज से जुड़े विवरण बताएंगी। माना जा रहा है कि मंत्री कृषि क्षेत्र और उससे जुड़ी गतिविधियों को लेकर बड़ा एलान कर सकती हैं। इसके अलावा सप्लाई चेन को दुरुस्त करने के लिए मोदी सरकार की तरफ से बड़ी राहत दिए जाने की उम्मीद है।
10:24 AM, 14-May-2020
30 जून तक के नियमित यात्री ट्रेनों के टिकट रेलवे ने रद्द किए
भारतीय रेलवे ने नियमित यात्री ट्रेनों में 30 जून, 2020 को या उससे पहले यात्रा करने के लिए बुक किए गए सभी टिकटों को रद्द कर दिया है। 30 जून 2020 तक बुक किए गए सभी टिकटों की राशि लौटा दी गई है। सभी स्पेशल ट्रेनें और श्रमिक स्पेशल ट्रेनें निर्धारित समयानुसार चलते रहेंगे।
10:19 AM, 14-May-2020
पटना से दिल्ली पहुंची स्पेशल ट्रेन
बिहार के पटना, राजेंद्र नगर टर्मिनल रेलवे स्टेशन से यात्रियों को लेकर एक स्पेशल ट्रेन आज नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची। सरकार के दिशार्निदेशों के मुताबिक रेलवे स्टेशन पर सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग की गई। एक यात्री सुनिल ने बताया कि मुझे खुशी है कि रेल सेवाएं फिर से शुरू हुईं। यात्रा के दौरान कोई समस्या नहीं हुई।
09:44 AM, 14-May-2020
राजस्थान में 66 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 4394 हुई
राजस्थान स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में आज सुबह नौ बजे तक कोरोना पॉजिटिव के 66 नए मामले सामने आए हैं और एक की मौत हुई है। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या 4394 और मृतकों की संख्या 122 हो गई है। वहीं, 2575 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं और 1697 सक्रिय मामले हैं।
09:38 AM, 14-May-2020
ओडिशा में 73 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 611 हुई
सूचना और जनसंपर्क विभाग, ओडिशा के मुताबिक, राज्य में आज सुबह नौ बजे तक कोरोना पॉजिटिव के 73 नए मामले सामने आए हैं। इनमें खोरधा में तीन, गंजाम में 43, भद्रक में नौ, जाजपुर में 17, सुंदरगढ़ में दो मामले शामिल हैं। इनमें से 71 अन्य राज्यों से लौटे हैं और दो मामले नियंत्रण क्षेत्र (कंटेनमेंट जोन) में पाए गए हैं। इसके बाद राज्य में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 611 हो गई है।
09:10 AM, 14-May-2020
हिमाचल प्रदेश में दो नए मामले, संक्रमितों की संख्या 69 हुई
हिमाचल प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि 30 साल की एक महिला और उसकी सात साल की बेटी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। दोनों सिरमौर जिले से हैं। वे चार मई को दिल्ली से लौटे थे और तब से घर में ही क्वारंटीन में रह रहे थे। राज्य में कुल सकारात्मक मामले अब 69 हो गए हैं। जिसमें कुल 28 सक्रिय मामले हैं।
09:02 AM, 14-May-2020
देशभर में संक्रमितों की संख्या 78003 हुई
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 3722 नए मामले सामने आए हैं और 134 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 78,003 हो गई है, जिनमें 49,219 सक्रिय हैं, 26,235 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 2549 लोगों की मौत हो चुकी है।
08:51 AM, 14-May-2020
अहमदाबाद से स्पेशल ट्रेन पहुंची दिल्ली
अहमदाबाद से यात्रियों को लेकर एक स्पेशल ट्रेन आज सुबह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन से उतरने के बाद यात्रियों की जांच की गई। एक यात्री ने बताया कि मैं पिछले डेढ़ महीने से वहां फंसा हुआ था अब दिल्ली आकर मैं बहुत खुश हूं। रेलवे की सारी सुविधा अच्छी थी, उन्होंने हमारी सारी सुविधा का ध्यान रखा।
08:47 AM, 14-May-2020
यूपी में 28 नए कोरोना पॉजिटिव
किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGM), लखनऊ के मुताबिक, बुधवार को परीक्षण किए गए 982 नमूनों में से 28 के नतीजे पॉजिटिव आए हैं।
08:45 AM, 14-May-2020
बिहार में सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत, 12 लोग घायल
बिहार के समस्तीपुर में शंकर चौक के पास आज एक बस और एक ट्रक की टक्कर होने से दो लोगों की मौत और 12 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। बस मुजफ्फरपुर से 32 प्रवासी मजदूरों को लेकर कटिहार जा रही थी।
08:28 AM, 14-May-2020
गाजीपुर फल और सब्जी मंडी दो दिनों के लिए बंद
दिल्ली के गाजीपुर फल और सब्जी बाजार के अध्यक्ष एसपी गुप्ता ने बताया कि गाजीपुर फल और सब्जी मंडी को दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। मंडी के सचिव और उप सचिव कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
08:10 AM, 14-May-2020
दिल्ली-उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर वाहनों की जांच
देश में लॉकडाउन के बीच पुलिसकर्मी दिल्ली-उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर वाहनों की जांच कर रहे हैं। देश में तीसरे चरण का लॉकडाउन 17 मई तक रहेगा।
07:49 AM, 14-May-2020
महाराष्ट्र से घर लौट रहे आठ मजदूरों की मौत, लगभग 54 घायल
महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश में अपने घर लौट रहे आठ मजदूरों की बुधवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई जबकि 54 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा मध्यप्रदेश के गुना कैंट थाना क्षेत्र में हुआ है। मजदूर एक ट्रक में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे, इसी दौरान गुना में ट्रक और बस में टक्कर हो गई। घायल व्यक्तियों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। मृतक सभी आठ मजदूर महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश अपने घर जा रहे थे।
एएसपी गुना ने बताया कि आठ मजदूरों की मौत हो चुकी है और 54 अन्य घायल हो गए हैं। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। आगे की जांच जारी है।
07:18 AM, 14-May-2020
सुप्रीम कोर्ट का दिशानिर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने 13 मई को एक दिशानिर्देश जारी करते हुए कहा है कि जब तक देश में स्वास्थ्य संबंधित आपदा है तब तक अधिवक्ता वर्चुअल कोर्ट सिस्टम के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट के समक्ष सुनवाई के दौरान "सादे सफेद शर्ट/सफेद-सलवार-कमीज/ सफेद साड़ी" पहन सकते हैं। निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
07:12 AM, 14-May-2020
झारखंड में चार नए संक्रमित
झारखंड के गिरिडीह में 13 मई को चार लोग संक्रमित मिले हैं, इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 181 हो गई है।
07:07 AM, 14-May-2020
श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से घर वापसी जारी
बेंगलूरू के 1166 सवारियों के साथ श्रमिक स्पेशल ट्रेन कल त्रिपुरा की राजधानी अगरतला पहुंची।
महाराष्ट्र के नाशिक से 1428 लोगों को लेकर कल विशेष ट्रेन एमपी के रीवा के लिए रवाना हुई।
04:51 AM, 14-May-2020
कोरोना संक्रमित महिला ने दिया बच्चे को जन्म
हरियाणा: एक संक्रमित महिला ने रोहतक के पीजीआई अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया है। दोनों बच्चे स्वस्थ हैं, लेकिन दोनों को अलग रखा गया है। बच्चे की जांच की गई है और उसके रिपोर्ट का इंतजार है: प्रोफेसर ओपी कालरा
04:48 AM, 14-May-2020
राजस्थान सरकार का नया दिशानिर्देश
कोरोना महामारी को देखते हुए राजस्थान सरकार ने नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार राज्य में बाहर (विदेश या अन्य राज्य) से आने वाले हर व्यक्ति की जांच होगी और उनका पंजीकरण भी होगा। इनके अलावा अन्यों को 14 दिन के लिए क्वारंटीन ने रहना अनिवार्य होगा। जो घर में क्वारंटीन नहीं हो सकते हैं, वे जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए सेंटर में रहेंगे।
02:05 AM, 14-May-2020
राजस्थान में दुकान खोलने में मिली छूट
रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानें, हाईवे के ढाबे, हार्डवेयर, एसी-कूलर, ऑटोमोबाइल, एल्क्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिकल सामानों की दुकानें भी खोली जा सकती हैं : राजस्थान सरकार
12:55 AM, 14-May-2020
इंदौर में 131 नए संक्रमित
मध्य प्रदेश: इंदौर में 13 मई को 131 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है, इसके साथ ही यहां कुल मामले बढ़कर 2238 हो गए हैं। वहीं एक और मौत के साथ मृतकों की संख्या बढ़कर 96 हो गई है।
12:43 AM, 14-May-2020
वंदे भारत मिशन के तहत विदेशों से भारतीयों की घर वापसी जारी
वंदे भारत मिशन के तहत 244 भारतीयों को लेकर वाशिंगटन डीसी से दिल्ली के लिए एक विशेष विमान रवाना हुआ है। अमेरिका में भारत के उच्चायुक्त तरनजीत सिंह संधू के मुताबिक ये पहले चरण का चौथा विमान था, अभी तीन विमान और जाएंगे। उनके पास 28000 लोगों ने पंजीकरण करवाया है, उनके दूसरे चरण का इंतजार है।
कुवैत से 177 भारतीय विशेष विमान से अहमदाबाद के सरदार पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे।
12:11 AM, 14-May-2020
भारत में कोरोनाः राजस्थान में आज 206 नए मामले, चार लोगों ने तोड़ा दम
दिल्ली: शाहदरा के एक इलाके, दिलशाद गार्डन के पॉकेट्स (जे, के और एल) और पुरानी सीमापुरी के जी, एच और जे ब्लॉक को कंटेनमेंट जोन से हटा दिया गया है। अब राष्ट्रीय राजधानी में कुल 79 कंटेनमेंट जोन हो गए हैं।