देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1553 नए मामले सामने आए हैं और 36 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 17,656 हो गई है, जिसमें 14,255 सक्रिय हैं, 2842 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 559 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, लॉकडाउन के बीच आज से राज्यसभा और लोकसभा सचिवालय समेत देश के सभी सरकारी विभागों में आंशिक रूप से कामकाज शुरू हो गया है। यहां पढ़ें देश में कोरोना वायरस से संबंधित सभी अपडेट्स...
विज्ञापन
लॉकडाउन के दौरान ढील के बाद काम पर लौटे लोग
- फोटो : ANI
राजस्थान में आज कोरोना के 98 और मामले सामने आए हैं, जिनमें जयपुर से 50, जोधपुर से 32, और कोटा से सात मामले हैं और दो की मौत हो गई है। मरने वालों में एक कोटा और दूसरा नागौर के हैं। राज्य में कुल कोरोना वायरस के मामले अब 1576 हो गए हैं और अब तक 25 लोगों की मृत्यु हो गई है: राज्य स्वास्थ्य विभाग
10:40 PM, 20-Apr-2020
महाराष्ट्र में जल्द ही होगा 75000 रैपिड टेस्ट
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा है कि हम जल्द ही 75000 रैपिड टेस्ट करेंगे। क्योंकि इसके लिए केंद्र सरकार ने हमें सशर्त अनुमति दी है। हमने मुंबई के धारावी जैसे कुछ क्षेत्रों में एहतियात के तौर पर हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन (HCQ) का उपयोग करने का भी फैसला किया है। हम यह ध्यान देंगे कि कार्डिएक की दिक्कत वाले, 65 साल के ऊपर के लोग और 15 साल से नीचे के बच्चों को हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन के टैबलेट ना दिए जाएं।
10:07 PM, 20-Apr-2020
पिछले 24 घंटे में राष्ट्रीय राजधानी में 78 मामले, दो की मौत
पिछले 24 घंटे में राष्ट्रीय राजधानी में 78 और कोरोना के मामले आए हैं और दो लोगों की मौत हो गई है। दिल्ली में अब 2081 में कुल मामले हो गए हैं, जिनमें 1603 सक्रिय हैं और 431 लोग ठीक हो गए हैं और अब तक कुल 47 मौतें हुई हैं: दिल्ली स्वास्थ्य विभाग
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने डॉक्टरों, नर्सों, स्वास्थ्य देखभाल कर्मचारियों और अस्पतालों के खिलाफ हिंसा को लेकर एक विशेष केंद्रीय कानून की मांग की है। बता दें कि 'व्हाइट अलर्ट टू द नेशन' के तहत सभी डॉक्टर्स और अस्पतालों के कर्मचारी 22 अप्रैल को रात नौ बजे विरोध और सतर्कता के रूप में मोमबत्ती जलाएंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार कल होगा: सूत्र
दिल्ली के पांच और इलाके कंटेनमेंट जोन घोषित
दिल्ली के पांच और इलाकों को पिछले 24 घंटों में कोविड-19 कंटेनमेंट जोन की सूची में डाला गया। राष्ट्रीय राजधानी में कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 84 हो गई है। तुगलकाबाद एक्सटेंशन की लेन 24-28, जहांगीरपुरी का ब्लॉक-जी, संजय एंक्लेव के फ्लैट नंबर 265 से 500, त्रिलोकपुरी का ब्लॉक-34, और शालीमार बाग का ब्लॉक AF को कंटेनमेंट जोन की सूची में जोड़ा गया है।
08:44 PM, 20-Apr-2020
महाराष्ट्र में आज शाम 6 बजे तक 466 नए कोरोना के मामले सामने आए और 9 मौतें भी हुई हैं। कुल मामले 4666 हो गए हैं और राज्य में अब तक कुल 232 मौतें हुईं हैं। आज अस्पतालों से 65 रोगियों को छुट्टी दी गई है। ठीक होने वाले रोगियों की संख्या 572 है: महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग
उत्तराखंड में आज शाम 6 बजे तक दो नए कोरोना मामले (दोनों देहरादून से) सामने आए हैं। राज्य में कुल मामलों की संख्या 46 हो गई है: राज्य स्वास्थ्य विभाग
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्य में 825 बेड की संयुक्त क्षमता वाले पांच और कोरोना अस्पताल शुरू करते हुए डॉक्टरों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रल्हाद जोशी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए: मुख्यमंत्री कार्यालय तेलंगाना में कोरोना के 14 और मामले
आज रात 8 बजे तक तेलंगाना में 14 और कोरोना के मामले सामने आए हैं और दो लोगों की मौत हो गई है। राज्य में वर्तमान में कुल 872 मामले हैं और 23 लोगों की मौत हुई है: राज्य स्वास्थ्य विभाग
विज्ञापन
08:30 PM, 20-Apr-2020
गुजरात में आज 93 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 1939 हुई
गुजरात में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। आज 93 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही यहां कुल मामलों की संख्या 1939 हो गई है। कुल मामलों में से 131 लोग ठीक हो गए हैं और 71 लोगों की मौत हो गई हैः गुजरात स्वास्थ्य विभाग
आईसीएमआर को रिपोर्ट करने वाली कुल परिचालन (स्वतंत्र परीक्षण शुरू) सरकारी लैब 201 हैं। इसके अलावा तीन कलेक्शन साइट्स हैं: भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद
07:56 PM, 20-Apr-2020
ओडिशा में 20 अप्रैल तक 15 क्षेत्रों को कोरोना कंटेनमेंट जोन के रूप में वर्गीकृत किया गया है: राज्य स्वास्थ्य और कल्याण विभाग
गुजरात के पुलिस महानिदेशक शिवानंद झा ने कहा है कि कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए अहमदाबाद, सूरत और राजकोट के कुछ क्षेत्रों में 24 अप्रैल तक कर्फ्यू जारी रहेगा।
कोरोना के 18 नए पॉजिटिव मामले कश्मीर डिवीजन में पाए गए हैं। जम्मू और कश्मीर में कुल मामलों की संख्या 368 हो गई है।
महाराष्ट्र: मुंबई के एक अस्पताल के 11 स्टाफ सदस्यों को कोरोना टेस्ट नेगेटिव आने के बाद आज उन्हें छुट्टी दे दी गई। 14 दिनों के लिए उन्हें होम क्वारंटीन के के तहत रखा जाएगा। अस्पताल के 30 से अधिक स्टाफ सदस्यों का पिछले सप्ताह कोरोना का टेस्ट किया गया था।
07:56 PM, 20-Apr-2020
गृह मंत्रालय द्वारा संशोधित लॉकडाउन दिशानिर्देशों पर केरल को लिखे पत्र पर केरल के मुख्यमंत्री ने कहा, राज्य सरकार और केंद्र के बीच कोई विवाद नहीं है। केरल केंद्र द्वारा जारी किए गए निर्देशों का पालन कर रहा है। नाई की दुकानें नहीं खोली जाएंगी और रेस्तरां केवल ऑनलाइन डिलीवरी प्रदान करेंगे। लॉकडाउन के दौरान नाई की दुकानें खोलने के लिए पहले निर्णय लिया गया था, लेकिन कई विशेषज्ञ इसके खिलाफ हैं। इसलिए, केरल सरकार इस फैसले को वापस ले रही है।
07:52 PM, 20-Apr-2020
पश्चिम बंगाल में 245 सक्रिय मामले और 12 की मौत
पश्चिम बंगाल में पिछले पिछले 24 घंटे में 47 मामले बढ़े हैं। राज्य में कुल 245 सक्रिय मामले हैं और 12 लोगों की मौत हो गई है: राज्य स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग
07:40 PM, 20-Apr-2020
मणिपुर कोरोना फ्री मुक्त राज्य बना
मणिपुर अब कोरोना मुक्त राज्य बन गया है। हमने ग्रामीण क्षेत्रों में लॉकडाउन को छूट देने का फैसला किया है लेकिन यह अगले आदेश तक इंफाल में जारी रहेगा। शहरी क्षेत्रों में सुबह 8 बजे से दोपहर दो बजे के बीच आवश्यक सामानों की दुकानें खुलेंगी: मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह
07:38 PM, 20-Apr-2020
कोविड-19 टेस्टिंग किट पूरे देश में इस्तेमाल किया जा रहा है, लेकिन किसी ने इसकी क्वॉलिटी पर सवाल खड़े नहीं किए। मैंने सीएम को पत्र लिखकर केंद्र से मिले किट के बारे में जानकारी मांगी है। मेरे पास जानकारी है कि टेस्टिंग किट कई जिलों में भेजे गए, लेकिन इस्तेमाल नहीं किए गएः राहुल सिन्हा, बीजेपी नेता, पश्चिम बंगाल
07:22 PM, 20-Apr-2020
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से टेलीफोन पर बात कर उनके पिता के निधन पर शोक जताया।
07:17 PM, 20-Apr-2020
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पीएम मोदी को पत्र में कहा, 'गृह मंत्री ने राज्य में अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीमों की यात्रा के बारे में दोपहर एक बजे टेलीफोन पर मुझसे बात की। दुर्भाग्य से हमारी बातचीत से बहुत पहले, टीमें सुबह 10:10 बजे कोलकाता में उतर चुकी थीं।' ममता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र में लिखा, 'केंद्रीय टीमों ने राज्य सरकार को पूरी तरह से अंधेरे में रखा और रसद सहायता के लिए बीएसएफ और एसएसबी जैसे केंद्रीय बलों से संपर्क किया।'
07:10 PM, 20-Apr-2020
धारावी में आज 30 नए कोरोना पॉजिटिव मामले
मुंबई धारावी में आज 30 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए। क्षेत्र में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 168 हो गई है, जिनमें 11 मौतें भी शामिल हैं : बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी)।
07:03 PM, 20-Apr-2020
तमिलनाडु में आज 43 नए मामले और दो की मौत
आज तमिलनाडु में 43 नए कोरोना पॉजिटिव मामले और 2 मौतें दर्ज की गई। राज्य में कुल पॉजिटिव केस 1520 हो गए हैं। राज्य में अब तक कुल 17 मौतें हुई हैं: डॉ सी. विजयभास्कर, तमिलनाडु स्वास्थ्य मंत्री
06:57 PM, 20-Apr-2020
बीएमसी के दो कर्मचारी हुए कोरोना से संक्रमित
बीएमसी के आपदा प्रबंधन विभाग में तैनात दो कर्मचारियों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। दोनों में बीमारी के कोई लक्षण दिखाई नहीं दिए थे। उन्हें बृहन्मुंबई नगर निगम के कोरोना देखभाल केंद्र की आइसोलेशन में रखा गया है।
06:55 PM, 20-Apr-2020
अफगानिस्तान को दवाएं और अन्य सहायता मुहैया कराने के लिए आभार व्यक्त करने वाले राष्ट्रपति गनी के ट्वीट का पीएम मोदी ने जवाब दिया। ट्विटर पर लिखा- भारत और अफगानिस्तान विशेष दोस्ती का रिश्ता है। आतंक के खिलाफ हमने लंबे वक्त तक साथ लड़ाई।
06:50 PM, 20-Apr-2020
हरियाणा में कोरोना के 251 सक्रिय मामले
हरियाणा में कोरोना के 251 (14 इतालवी नागरिकों सहित) सक्रिय मामले हैं, जिनमें से 141 को छुट्टी दे दी गई है। अब तक दो लोगों की मौत हो गई हैः स्वास्थ्य विभाग हरियाणा
06:45 PM, 20-Apr-2020
ओडिशा में पांच और कोरोना अस्पतालों के खुल जाने से राज्य में ऐसी चिकित्सा सुविधाओं की कुल बेड क्षमता सोमवार को 5,000 तक पहुंच गई। इस बात की जानकारी अधिकारियों ने दी। ये पांच अस्पताल सुंदरगढ़, बरगढ़, अंगुल, जगतसिंहपुर और नबरंगपुर जिलों में कोरोना मरीजों के लिए खोले गए थे। इन अस्पतालों में 825 बेड हैं। राज्य के 30 जिलों में से 26 में कोरोना समर्पित अस्पताल है।
06:34 PM, 20-Apr-2020
आज हमने राज्य के बाहर फंसे 14859 अरुणाचल नागरिकों के लिए वित्तीय सहायता के रूप में 5.20 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी की है, इनमें से प्रत्येक अरुणाचल नागरिक को कैबिनेट के फैसले के अनुसार वित्तीय सहायता के रूप में 3500 रुपये दिए जाएंगे: अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री
06:32 PM, 20-Apr-2020
केरल से आज कोरोना के छह नए मामले
केरल से आज कोरोना के छह नए मामले सामने आए हैं। ये सभी मामले कन्नूर के हैं। इनमें से पांच ने विदेश की यात्रा की थी। राज्य में कोरोना के कुल केस 408 हैं, जिनमें 114 सक्रिय हैं: पिनराई विजयन, केरल के मुख्यमंत्री
06:28 PM, 20-Apr-2020
महाराष्ट्र में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 4483 हुई
महाराष्ट्र में 283 अधिक मामले और दर्ज किए गए। इसी के साथ राज्य में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 4483 हो गई है। यह आंकड़ा आज सुबह 11 बजे तक का है। 283 नए मामलों में से मुंबई से 187 मामले दर्ज किए गए हैं: राजेश टोपे, महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री
06:25 PM, 20-Apr-2020
पंजाब में आज एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। व्यक्ति का एक COVID19 रोगी से संपर्क है: राज्य स्वास्थ्य विभाग
06:23 PM, 20-Apr-2020
महाराष्ट्र में 36 घंटे में कोरोना के 835 नए मामले सामने आए
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सोमवार को कहा कि पिछले 36 घंटों में राज्य में कोविड-19 के 835 नए मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के कुछ क्षेत्रों में सीमित औद्योगिक गतिविधियों के लिए अनुमति दी गई है, लेकिन इसे इस संकेत के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए कि कोरोना वायरस का खतरा तनिक भी कम हो गया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में पिछले 36 घंटों में कोविड-19 के मामलों में 835 की वृद्धि हुई है। हम अर्थव्यवस्था को फिर से शुरू करने के लिए लॉकडाउन के कड़े मानदंडों को कुछ शिथिल कर रहे हैं।
ठाकरे ने कहा, 'किसी को यह नहीं समझना चाहिए कि कोरोना वायरस का खतरा खत्म हो गया है।' उन्होंने कहा कि ऐसे इलाके जो कोरोना वायरस से ज्यादा प्रभावित नहीं हैं, वहां चुनिंदा औद्योगिक गतिविधियां शुरू की जा रही हैं।
06:16 PM, 20-Apr-2020
बोकारो में आज कोरोना का नया मामला
बोकारो में आज कोरोना पॉजिटिव का नया मामला सामने आया है। राज्य में कुल मामलों की संख्या 42 हो गई: नितिन मदन कुलकर्णी, झारखंड स्वास्थ्य सचिव
06:13 PM, 20-Apr-2020
पंजाब में कोरोना के कुल 245 मामले अब तक सामने आए
पंजाब में कोरोना के कुल 245 मामले अब तक सामने आए है। 38 लोग ठीक हो चुके हैं और 6 की मौत हुई है। एसएएस नगर में 61 मामले, जालंधर में 48 और पटियाला में 26 मामले सामने आए हैं: स्वास्थ्य विभाग पंजाब
06:12 PM, 20-Apr-2020
कर्नाटक में कोरोना मामलों की संख्या बढ़कर 408 हो गई जिसमें 16 मौतें हुई हैं और 112 लोगों को ठीक होने के बाद छुट्टी दी गई है। पिछले 24 घंटों में 18 नए मामले सामने आए हैं: राज्य स्वास्थ्य विभाग
06:09 PM, 20-Apr-2020
अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया
कोरोना संकट के मद्देनजर भारत की तरफ से दवाएं और अन्य राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने पीएम नरेंद्र मोदी का आभार जताया। गौरतलब है कि भारत ने अफगानिस्तान को एरिना एयरलाइंस के माध्यम से 100,000 पैरासिटामोल और 500,000 हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन की गोलियां अफगानिस्तान भेजी थीं। इससे पहले भारत 75000 मीट्रिक टन गेंहू की खेप भी भेजा था।
06:01 PM, 20-Apr-2020
देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 17,656 हुई
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 17,656 हो गई है, जिसमें 14,255 सक्रिय हैं, 2842 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 559 लोगों की मौत हो गई है।
05:46 PM, 20-Apr-2020
केंद्र सरकार के मंत्रालयों/विभागों में सभी विभागीय कैंटीन को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है।
05:41 PM, 20-Apr-2020
हिमाचल में कोरोना के 23 सक्रिय मामले, 11 ठीक हुए
हिमाचल प्रदेश में कोरोना के 23 सक्रिय मामले हैं, 11 मरीज ठीक हो गए हैं ,चार राज्य से बाहर चले गए और एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। राज्य में अब तक कुल 2902 लोगों का टेस्ट किया गया है: हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य विभाग
05:38 PM, 20-Apr-2020
कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में 18 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 480 हुई
कर्नाटक में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 480 हो गई, जिसमें 16 मौतें और 112 छुट्टी शामिल हैं। पिछले 24 घंटों में 18 नए मामले सामने आए हैं: राज्य स्वास्थ्य विभाग
05:20 PM, 20-Apr-2020
संघ सरकार ने महात्मा गांधी रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत श्रमिकों की मजदूरी में बढ़ोतरी की है। औसत वृद्धि 20 रु की गई है: ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्रालय
05:19 PM, 20-Apr-2020
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, मैं माननीय पीएम नरेंद्र मोदी जी और गृह मंत्री अमित शाह जी से इसके लिए निर्धारित की गई कसौटी को साझा करने का आग्रह करती हूं। मुझे डर है कि हम बिना सही कारण के इस पर आगे नहीं बढ़ पाएंगे क्योंकि यह संघवाद की भावना के अनुरूप नहीं है।
05:15 PM, 20-Apr-2020
केंद्र सरकार पर ममता बनर्जी ने साधा निशाना
हम कोरोना संकट को लेकर केंद्र के सभी रचनात्मक सुझावों और समर्थ की सराहना करते हैं। हालांकि, केंद्र सरकार देश के चुनिंदा जिलों में आईएमसीटी की तैनाती की बात कर रही है, इसका आधार बंगाल में स्पष्ट नहीं हैः पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
04:58 PM, 20-Apr-2020
तमिलनाडु में लॉकडाउन प्रतिबंध तीन मई तक जारी
तमिलनाडु सरकार ने सोमवार को कहा कि राज्य में प्रतिबंधात्मक आदेश और कोरोना संबंधी अन्य लॉकडाउन प्रतिबंध तीन मई तक जारी रहेंगे। राज्य में 1,477 पॉजिटिव मामल हैं और 16 लोगों की मौत हो गई है।
04:47 PM, 20-Apr-2020
आईसीएमआर ने कहा कि 100 कोरोना मरीजों में 80 फीसदी मामलों में या तो लक्षण ही नहीं दिखते या दिखते हैं तो बहुत साधारण लक्षण दिखते हैं।
04:42 PM, 20-Apr-2020
जम्मू और कश्मीर में 14 नए मामले
14 नए कोरोना मामलों की सूचना मिली है, सभी कश्मीर से हैं। कुल मामलों की संख्या अब 368 हो गई है जिसमें से जम्मू से 55 और कश्मीर से 313 मामले हैं: रोहित कंसल, प्रधान सचिव (योजना), जम्मू और कश्मीर सरकार
04:40 PM, 20-Apr-2020
एक और व्यक्ति का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। वह वर्तमान में चार पॉजिटिव मामलों में से किसी एक के संपर्क में आया था। पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 5 हो गई है: चेतन सांघी, मुख्य सचिव, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
04:38 PM, 20-Apr-2020
केरल सरकार ने लॉकडाउन में ढीलों में संशोधन करने का फैसला किया
केंद्र की आपत्ति के बाद केरल सरकार ने लॉकडाउन में ढीलों में संशोधन करने का फैसला किया। कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान बसों के चलने, होटलों के खुलने और दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठक यात्रा करने की अनुमति नहीं : आधिकारिक सूत्र
04:36 PM, 20-Apr-2020
यहां पिछले 28 दिनों में कोरोना का कोई भी मामला नहीं
स्वास्थ्य मंत्रालय के संटुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि पुड्डुचेरी के माहे, कर्नाटक के कोडागु और उत्तराखंड के पौड़ी-गढ़वाल जिले में पिछले 28 दिनों में कोरोना का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। गोवा भी अब कोरोना फ्री हो चुका है।
04:34 PM, 20-Apr-2020
मुंबई में 53 पत्रकार कोरोना पॉजिटिव
मुंबई में 167 पत्रकारों में 53 का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। इनमें से अधिकांश टीवी रिपोर्टर, कैमरामैन, वीडियो जर्नलिस्ट और प्रिंट मीडिया के फोटोग्राफर हैं: बृहन्मुंबई नगर निगम
04:25 PM, 20-Apr-2020
देश में अब 7.5 दिनों में कोरोना के मामले दोगुने हो रहे- स्वास्थ्य मंत्रालय
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि देश में अब 7.5 दिनों में कोरोना के मामले दोगुने हो रहे हैं। पहले 3.4 दिनों में कोरोना के मामले दोगुने हो रहे थे। देश में अभी तक 2546 लोग ठीक हो चुके हैं और ठीक होने की दर 14.75 है। 59 जिलों में पिछले 14 दिनों में कोरोना का एक भी मामला सामने नहीं आया।
04:23 PM, 20-Apr-2020
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1553 नए मामले
पिछले 24 घंटे में 1553 नए मामले सामने आए हैं और 36 लोगों की मौत हुई है। वहीं, देश में कुल संक्रमितों की संख्या 17,265 हो गई हैः लव अग्रवाल, संयुक्त सचिव, स्वास्थ्य मंत्रालय
04:18 PM, 20-Apr-2020
गृह मंत्रालय ने क्या-क्या कहाः
लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई हो रही है।
हम लॉकडाउन के हालात की हम निगरानी कर रहे हैं।
गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखकर कहा गया है कि वह आपदा प्रबंधन दिशानिर्दशों का सख्ती से पालन करें।
मंत्रालय ने कहा कि कुछ राज्यों के कुछ जिलों में कोरोना के काफी मामले सामने आए हैं।
कुछ हॉटस्पॉट्स में कोरोना की स्थिति बिगड़ रही है या बिगड़ती जा रही है। इन प्रभावी जगहों की स्थिति का ऑन द स्पॉट आंकलन करने के लिए आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के अंतर्गत गृह मंत्रालय ने 6 इंटर मिनीस्टीरियल सेंट्रल टीमों का गठन किया है।
गृह मंत्रालय ने केरल सरकार को लिखे पत्र में कहा कि राज्य सरकार ने 17 अप्रैल को बंद संबंधी उपायों के लिए संशोधित दिशा-निर्देशों को प्रसारित किया जिसमें उन गतिविधियों की इजाजत दी गई जो केंद्र सरकार द्वारा 15 अप्रैल को जारी संगठित संशोधित निर्देशों के तहत प्रतिबंधित हैं।
गृह मंत्रालय ने कहा कि केंद्र सरकार ने कोविड-19 स्थिति के आकलन के लिए छह अंतर मंत्रालयी केंद्रीय टीम गठित की हैं और राज्यों को जरूरी निर्देश जारी किए हैं।
गृह मंत्रालय ने अन्य राज्यों से भी कहा है कि लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन लोगों के स्वास्थ्य को गंभीर रूप से खतरे में डाल रहा है।
03:50 PM, 20-Apr-2020
ब्रिटेन की अदालत ने विजय माल्या की प्रत्यर्पण से संबंधित याचिका खारिज की।
03:36 PM, 20-Apr-2020
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए राष्ट्रीय जैव ईंधन समन्वय समिति की बैठक आयोजित की। धर्मेंद्र प्रधान ने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय कैसे कोरोना के खिलाफ लड़ाई में देश की मदद कर सकता है इस पर चर्चा की।
03:30 PM, 20-Apr-2020
उत्तराखंड में कोरोना की स्थिति पर पूरी तरह से नियंत्रण- मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत
राज्य में कोरोना की स्थिति पर पूरी तरह से नियंत्रण है। हमारे स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, पुलिसकर्मियों और सभी फ्रंटलाइन वर्कर्स की भूमिका सराहनीय है। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि वे लॉकडाउन नियमों का पालन जारी रखें: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत
03:17 PM, 20-Apr-2020
स्पाइसजेट का विमान चीन से जरूरी सामान लेकर दिल्ली पहुंचा
स्पाइसजेट का विमान बी-737 रविवार को चीन के शंघाई से चिकित्सा और आपातकालीन जरूरी आपूर्ति लेकर दिल्ली पहुंचा। स्पाइसजेट ने लॉकडाउन के दौरान अब तक 430 कार्गो उड़ानों का संचालन किया है और 3300 टन से अधिक सामानों को ढोया है। 430 कार्गो उड़ानों में से 130 अंतर्राष्ट्रीय कार्गो उड़ानें शामिल हैं।
03:09 PM, 20-Apr-2020
आईएमए ने काला दिवस मनाने की दी चेतावनी
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने कहा कि यदि सरकार व्हाइट अलर्ट के बाद भी डॉक्टरों और अस्पतालों के खिलाफ हिंसा पर केंद्रीय कानून लागू करने में विफल रहती है, तो आईएमए 23 अप्रैल को काला दिवस मनाएगा। देश के सभी डॉक्टर काली पट्टी बांधकर काम करेंगे।
02:58 PM, 20-Apr-2020
22 अप्रैल को रात नौ बजे डॉक्टर्स और स्वास्थ्यकर्मी जलाएंगे मोमबत्ती
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने कहा है कि हमारे डॉक्टर्स को कार्यस्थलों पर सुरक्षा और वैध जरूरतों को पूरा करना होगा। साथ ही अपशब्द और हिंसा तुरंत बंद होनी चाहिए। देश को सचेत करने के लिए व्हाइट अलर्ट टू द नेशन के तहत सभी डॉक्टर्स और अस्पतालों के कर्मचारी 22 अप्रैल को रात नौ बजे विरोध और सतर्कता के रूप में मोमबत्ती जलाएंगे।
02:45 PM, 20-Apr-2020
दिल्ली सरकार को डीबीटी के लिए मिले एक लाख 60 हजार आवेदन
दिल्ली के यातायात मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि हमारे पास 1,60,000 आवेदन आए हैं। अवेदन के खाते लिंक है या नहीं आधार वेरिफाई है या नहीं इसके बाद ही प्रत्यक्ष लाभ स्थानांतरण (डीबीटी) के जरिए पैसा दिया जाता है। 23,000 लोगों को पैसा ट्रांसफर कर दिया गया है। 20,000 आवेदन वेरिफाई हो गए हैं उन्हें जल्द ही राशि मिल जाएगी।
02:42 PM, 20-Apr-2020
दिल्ली सरकार डीबीटी के जरिए गरीबों की कर रही मदद
दिल्ली सरकार ने प्रत्यक्ष लाभ स्थानांतरण (डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर) स्कीम के जरिए ऑटो चालकों को 5,000 रुपए की राशि दी। एक ऑटो चालक राहुल कुमार ने बताया कि 5000 रुपए की सहायता राशि मिल चुकी है। मेरे खाते में 5,000 रुपए तीन दिन में आ गए थे। इस हालात में यह राशि बहुत मायने रखती है। मैंने 15 अप्रैल को अप्लाई किया था और 18 को मुझे मिल गए।
02:37 PM, 20-Apr-2020
आंध्र प्रदेश में 75 नए मामले, तीन की मौत
आंध्र प्रदेश में में पिछले 24 घंटे में कोरोना पॉजिटिव के 75 नए मामले दर्ज किए गए हैं और तीन लोगों की मौत हुई है। इसके बाद राज्य में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 722 और मृतकों की संख्या 20 हो गई है।
02:21 PM, 20-Apr-2020
उद्धव ठाकरे ने लॉकडाउन को लेकर लोगों को किया सचेत
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि किसी को यह नहीं सोचना चाहिए कि लॉकडाउन हटा दी गई है। हमने सिर्फ अर्थव्यवस्था के पहिये को थोड़ा सा घुमाने की कोशिश की है। मैंने सुना है कि कुछ लोग लॉकडाउन के दौरान मिली इस ढील को लॉकडाउन खत्म होने के रूप में मान रहे हैं। यदि वे इस तरह का व्यवहार करते रहे तो हम सख्त कदम उठाएंगे।
01:47 PM, 20-Apr-2020
पालघर मामले पर अमित शाह ने उद्धव ठाकरे से की बात
पालघर की घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने महाराष्ट्र सरकार से रिपोर्ट मांगी है। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बात की।
01:36 PM, 20-Apr-2020
पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होंगे मुख्यमंत्री योगी
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्र लिखकर अपने पिता के कल होने वाले अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होने की बात कही है। साथ ही योगी ने अपनी माता और घर के सदस्यों से अपील की है कि कोरोना संकट के मद्देनजर लॉकडाउन का पालन करते हुए कम से कम लोग अंतिम संस्कार में शामिल हों। उन्होंने अंत में लिखा है कि लॉकडाउन के बाद आपके दर्शन के लिए अवश्य आऊंगा।
01:29 PM, 20-Apr-2020
महाराष्ट्र के पालघर मामले में दो पुलिसकर्मी निलंबित
पालघर घटना के सिलसिले में कासा पुलिस स्टेशन के दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पालघर के एसपी गौरव सिंह ने यह जानकारी दी। पालघर में 17 अप्रैल को चोरी के संदेह में तीन लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और 110 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
01:26 PM, 20-Apr-2020
कोरोना पॉजिटिव महिला ने स्वस्थ बच्चे को दिया जन्म
महाराष्ट्र के पुणे के ससून अस्पताल के अधिकारी ने बताया कि एक 25 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव महिला ने अस्पताल में एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। महिला को अप्रैल 16 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बच्चा कोरोना से संक्रमित नहीं है और उसे एक अलग वार्ड में रखा गया है।
01:21 PM, 20-Apr-2020
पीएम मोदी ने मालदीव के राष्ट्रपति से कोरोना को लेकर की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह से फोन पर बात की और कोरोना महामारी से मिलकर लड़ने की प्रतिबद्धता जताई।
01:19 PM, 20-Apr-2020
पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय के संपर्क में आए 16 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव
साउथ दिल्ली में एक पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय जो कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। उसके संपर्क में आए 16 हाई रिस्क लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
12:43 PM, 20-Apr-2020
ओडिशा में कोरोना के पांच अस्पतालों में आज से इलाज शुरू
ओडिशा में कोरोना वायरस संक्रमितों के इलाज के लिए समर्पित पांच अस्पतालों में आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुविधाओं की शुरुआत की गई। इस दौरान ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, प्रहलाद जोशी, और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
12:31 PM, 20-Apr-2020
केंद्र सरकार ने छह अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीमों का गठन किया
भारत सरकार ने स्थिति के आकलन के लिए छह अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीमों (IMCT) का गठन किया है, इसके निवारण के लिए राज्य प्राधिकरणों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए और आम जनता के बड़े हित में केंद्रीय सरकार को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की है।
12:22 PM, 20-Apr-2020
कुछ राज्यों में लॉकडाउन के उल्लंघन की रिपोर्ट- गृह मंत्रालय
गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि कुछ राज्यों में लॉकडाउन के उल्लंघन कि रिपोर्ट आई है। जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। इससे कोरोना के प्रसार का भी खतरा पैदा होगा। सोशल डिस्टेंसिंग के मानदंडों का पूर्ण उल्लंघन, शहरी क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही हो रही है। उन्होंने कहा कि देश के कुछ शहरों में स्थिति विशेष गंभीर है- इनमें मध्यप्रदेश का इंदौर, महाराष्ट्र के मुंबई और पुणे, राजस्थान का जयपुर और पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, पूर्वी मेदनीपुर, 24 नॉर्थ परगना, दर्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी शामिल हैं।
12:03 PM, 20-Apr-2020
कर्नाटक में पांच नए मामले, संक्रमितों की संख्या 395 हुई
कर्नाटक सरकार ने बताया कि कलबुर्गी से कोरोना पॉजिटिव के पांच नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद राज्य में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 395 हो गई है। जिसमें से 16 लोगों की मौत हो गई है और 111 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
11:55 AM, 20-Apr-2020
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता का निधन
उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) अवनीश के.अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता जी का आज सुबह 10.44 बजे निधन हो गया। उनके साथ हमारी गहरी संवेदनाएं हैं।
योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट दिल्ली के एम्स में भर्ती थे। लीवर और किडनी में दिक्कत बढ़ने पर बीती 13 मार्च को उन्हें दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था।
11:53 AM, 20-Apr-2020
मुंबई में कुछ फील्ड रिपोर्टर कोरोना पॉजिटिव- सूत्र
न्यूज एजेंसी एएनआई के सूत्रों के मुताबिक मुंबई में कुछ फील्ड रिपोर्टर भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
11:18 AM, 20-Apr-2020
गुजरात में 108 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 1851 हुई
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग, गुजरात सरकार के अनुसार राज्य में आज कोरोना पॉजिटिव के 108 नए मामले सामने आए हैं और चार लोगों की मौत हुई है। इसके बाद राज्य में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 1851 हो गई है। जिसमें 106 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 67 लोगों की मौत हो चुकी है।
11:16 AM, 20-Apr-2020
यूपी के कानपुर में 17 नए मामले
कानपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक शुक्ला ने बताया कि जिले में 49 सक्रिय मामले थे। माइक्रोबायोलॉजी विभाग की रिपोर्ट के अनुसार आज 17 और पॉजिटिव मामले सामने आए हैं।
11:08 AM, 20-Apr-2020
बिहार के सरकारी विभागों में कामकाज शुरू
कोरोना लॉकडाउन की अवधि के बीच बिहार के सरकारी विभागों में आज से सीमित कर्मचारियों के साथ कामकाज फिर से शुरू कर दिया गया है।
10:50 AM, 20-Apr-2020
इतावली नागरिक ठीक होने के बाद अपने देश के लिए रवाना
केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के वर्कला के एक अस्पताल में कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद भर्ती एक इतालवी नागरिक को ठीक होने के बाद बंगलूरू के लिए रवाना किया गया। जहां से वह इटली जाएगा। इतालवी नागरिक रॉबर्टो टोनिजो को 13 मार्च को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद यहां भर्ती किया गया था। डॉक्टरों ने कहा कि वह 26 मार्च को ही ठीक हो गया था, उसके बाद उसे अब तक क्वारंटीन में रखा गया था। रॉबर्टो टोनिजो ने कहा कि मैं बहुत खुश हूं। मैं डॉक्टरों और सभी लोगों का धन्यवाद करता हूं। यहां खाने से लेकर हर सुविधा बेहतरीन थी। ये मेरे घर जैसा है मैं यहां दोबारा वापस आऊंगा।
10:47 AM, 20-Apr-2020
आज से राज्यसभा और लोकसभा सचिवालय में कामकाज शुरू
राज्यसभा और लोकसभा सचिवालय में 24 मार्च के बाद आज से कामकाज शुरू हो गया है। प्रवेश के समय सभी वाहनों को सैनिटाइज और लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है।
10:43 AM, 20-Apr-2020
मणिपुर कोरोना मुक्त
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा कि मुझे खुशी है कि मणिपुर अब कोरोना मुक्त हो गया है। दोनों रोगी पूरी तरह से ठीक हो गए हैं और उनकी रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। राज्य में कोरोना वायरस के नए मामले सामने नहीं आए हैं।
10:39 AM, 20-Apr-2020
मध्यप्रदेश में पीडीएस दुकानों पर किफायती कीमत में मिलेंगे मास्क
मध्यप्रदेश सरकार कोरोना वायरस से बचाव के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) वाली दुकानों पर सूती कपड़े से बने हुए 50 लाख मास्क लोगों के लिए उपलब्ध कराएगी। एक जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि राज्य के शहरी क्षेत्रों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए इस मास्क को सरकार खरीदेगी।
10:07 AM, 20-Apr-2020
झारखंड में आठ नए मामले, कुल संख्या 41 हुई
झारखंड में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के आठ नए मामले सामने आए हैं, इसके साथ ही राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ कर रविवार को 41 पहुंच गई है। अधिकारियों ने बताया कि आठ नए मामलों में से छह रांची में जबकि धनबाद और सिमडेगा में एक-एक मामले आए हैं।
09:57 AM, 20-Apr-2020
नागपुर में तीन नए मामले
महाराष्ट्र के नागपुर में कोरोना पॉजिटिव के तीन नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद नागपुर में कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 76 हो गई है।
09:52 AM, 20-Apr-2020
लॉकडाउन में ढील पर केरल सरकार ने दी सफाई
केरल के मंत्री कड़कम्पल्ली सुरेंद्रन ने कहा कि हमने केंद्र द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुए ही लॉकडाउन में ढील दी है। हो सकता है कुछ गलतफहमी के कारण केंद्र ने स्पष्टीकरण मांगा है। एक बार जब हम स्पष्टीकरण दे देंगे, मुझे उम्मीद है कि समस्या हल हो जाएगी। हमने केंद्र द्वारा निर्धारित सभी मानदंडों का पालन किया है।
09:43 AM, 20-Apr-2020
राजस्थान में एक की मौत
राजस्थान स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि नागौर के अस्पताल में भर्ती 62 वर्षीय कोरोना संक्रमित व्यक्ति की कल रात मौत हो गई। वह उच्च रक्तचाप से भी पीड़ित थे।
09:37 AM, 20-Apr-2020
राजस्थान में 17 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 1495 हुई
राजस्थान स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में आज सुबह नौ बजे तक कोरोना पॉजिटिव के 17 नए मामले सामने आए हैं। नए मामलों में अजमेर, बांसवाड़ा और नागौर में एक-एक, झुंझुनू, जोधपुर और कोटा में दो-दो और जयपुर में आठ मामले शामिल हैं। इसके बाद राज्य में कुल कोरोना पॉजिटिव मामले 1495 हो गए हैं। जिसमें से 205 लोग ठीक हो चुके हैं और 24 लोगों की मौत हो गई है।
09:34 AM, 20-Apr-2020
जबलपुर से फरार कोरोना पॉजिटिव मरीज पकड़ा गया
मध्यप्रदेश के जबलपुर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड से भाग गए एक कोरोना पॉजिटिव मरीज मदनपुर चेक पोस्ट नरसिंहपुर के पास पकड़ा गया। उसे पहले राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत गिरफ्तार किया गया था और जबलपुर केंद्रीय जेल में भेजा गया था।
09:31 AM, 20-Apr-2020
ओडिशा में संक्रमितों की कुल संख्या 68
ओडिशा स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 68 है, जिनमें 43 सक्रिय हैं, 24 ठीक हो चुके हैं और एक की मौत हो गई है।
09:00 AM, 20-Apr-2020
देशभर में संक्रमित मरीजों की संख्या 17265 हुई
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1553 नए मामले सामने आए हैं और 36 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 17,265 हो गई है, जिसमें 14,175 सक्रिय हैं, 2547 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 543 लोगों की मौत हो गई है।
08:48 AM, 20-Apr-2020
केरल में केंद्रीय गृह मंत्रालय की गाइडलाइंस की अवहेलना
सूत्रों के मुताबिक, केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने बंद के दौरान अतिरिक्त ढील देने के लिए केरल सरकार की आलोचना की है। केंद्र सरकार ने कहा है कि केरल सरकार ने लॉकडाउन में छूट के लिए संशोधित दिशानिर्देश जारी किए हैं। अपने आदेश में केरल सरकार ने उन गतिविधियों को भी शुरू करने की अनुमति दी है जो गृह मंत्रालय द्वारा 15 अप्रैल को जारी आदेशों में प्रतिबंधित हैं।
केरल सरकार द्वारा दी जाने वाली ऐसी अतिरिक्त गतिविधियों में नाई की दुकानें, रेस्तरां, पुस्तक भंडार, नगरपालिका सीमा में एमएसएमई, छोटी दूरी आदि के लिए शहरों / कस्बों में बस यात्रा शामिल हैं।
गृह मंत्रालय ने कहा कि कस्बों में बस संचालन को मंजूरी, दो पहिया वाहनों की सवारी, कार की पिछली सीट पर दो लोगों को बैठने देने की अनुमित बंद के नियमों का उल्लंघन है।
08:27 AM, 20-Apr-2020
पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विभाग ने आईसीएमआर पर लगाया आरोप
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग, पश्चिम बंगाल ने 19 अप्रैल को लगातार कई ट्वीट्स कर भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) पर डिफेक्टिव टेस्टिंग किट देने का आरोप लगाया और कहा कि इसी वजह से जांच में देरी हो रही है।
08:17 AM, 20-Apr-2020
लॉकडाउन के बीच कुछ राज्यों में थोड़ी ढील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एलान के मुताबिक आज से कुछ राज्यों में लॉकडाउन से छूट दी जा रही है। हालांकि, कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच इक्का-दुक्का राज्यों को छोड़कर ज्यादातर राज्य ढील देने के मूड में नहीं हैं। गैर-कनटेनमेंट जोन यानी जिन जिलों में कोरोना का एक भी मरीज नहीं या जहां 10 से कम मरीज हैं वहां कुछ बेहद जरूरी उद्योग धंधों को छूट दी जा सकती है। केंद्र के निर्देशों के अनुसार राज्यों ने अपने जिलों को रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन में बांटा है। 10 या इससे अधिक कोरोना मरीजों वाले जिलों को रेड जोन में रखा गया है जहां लॉकडाउन के दौरान कोई छूट नहीं मिलेगी।
08:15 AM, 20-Apr-2020
राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल वसूली शुरू
तमिलनाडु में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने आज से राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल वसूली शुरू कर दी है। चेन्नई के पोरुर टोल प्लाजा का दृश्य।
06:11 AM, 20-Apr-2020
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन कोरोना वायरस को लेकर जी-20 देशों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ हुई बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जरिए शामिल हुए। उन्होंने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि पूरी दुनिया स्वास्थ्य समस्या से जूझ रही है, ऐसे में यही सही मौका है जब सभी को एकजुट होकर बेहतर कदम उठाने होंगे।
06:05 AM, 20-Apr-2020
आईआईटी दिल्ली के असिस्टेंट प्रोफेसर बिपिन कुमार ने स्वदेशी तकनीक से कवच मास्क बनाया है, जिसकी कीमत 45 रुपये रखी गई है।
04:30 AM, 20-Apr-2020
महाराष्ट्र में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने वासी में आज से राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल टैक्स लेना शुरू कर दिया है।
04:27 AM, 20-Apr-2020
कर्नाटक में बृहत बंगलूरू महानगर पालिका (बीबीएमपी) द्वारा कोविड19 के मरीजों को कथित रूप से क्वारंटीन में भेजने के दौरान जमकर हंगामा और उपद्रव हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
02:27 AM, 20-Apr-2020
बिहार से आए एक मरीज के अनुसार एम्स में इलाज के लिए आए विभिन्न राज्यों के मरीज और उनके परिजन दिल्ली में फंस गए हैं। लॉकडाउन के दौरान मैं अपने परिजनों के साथ 13 मार्च को आया था और मेरा ऑपरेशन 30 मार्च के लिए निर्धारित किया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने इसे लॉकडाउन हटने तक के लिए टाल दिया है। यूपी के विरेंद्र को भी कोरोना की वजह से लगे लॉकडाउन में कुछ ऐसी ही दिक्कत हो रही है।
02:22 AM, 20-Apr-2020
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक देश के अलग-अलग लैबों में कोरोना की जांच क्षमता बढ़ रही है और उम्मीद है कि 31 मई तक एक दिन में एक लाख टेस्ट होने लगेंगे। साथ ही जनशक्ति, संसाधनों और बुनियादी ढांचे को मजबूत करके कुल 16 क्षेत्रीय डिपो स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अलावा एनआईएमआर, नई दिल्ली और एनआईवी, पुणे में स्थित डिपो भी केंद्रीय डिपो के रूप में कार्य करेंगे।
12:35 AM, 20-Apr-2020
बिहार में तीन नए संक्रमित
बिहार में तीन नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 96 हो गई है। तीनो संक्रमित मुंगेर से हैं जिनकी उम्र 30, 36 और 52 वर्ष है।
12:31 AM, 20-Apr-2020
कश्मीर में चार नए संक्रमित
कश्मीर में चार नए संक्रमित मिले हैं, इनमें तीन मामले बांदीपुरा और एक बारामुला से है। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 354 (जम्मू में 55 और कश्मीर में 299) हो गई है: रोहित कंसल, मुख्य सचिव (प्लानिंग), जम्मू-कश्मीर सरकार
12:10 AM, 20-Apr-2020
भारत में कोरोना: देशभर में कुल मामले 17656, अब तक 559 की मौत, 2842 हुए ठीक
केरल स्वास्थ्य विभाग ने एक आदेश जारी किया है, जिसमें राज्य के 14 जिलों में निगम, नगर पालिका और पंचायतों सहित 88 स्थानीय निकायों को हॉटस्पॉट बनाया गया है।