देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 957 नए मामले सामने आए हैं और 36 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 14,792 हो गई है। जिसमें 12,289 सक्रिय हैं, 2015 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 488 लोगों की मौत हो गई है। यहां पढ़ें देश में कोरोना वायरस से संबंधित सभी अपडेट्स...
झारखंड के धनबाद में एक और पॉजिटिव मामला सामने आया है। इसे लगाकर अब शहर में संक्रमित व्यक्तियों की कुल संख्या 2 हो गई है। उपायुक्त अमित कुमार ने इस बात की जानकारी दी।
11:55 PM, 18-Apr-2020
मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार को नौ लोगों में संक्रमण की पुष्टि और एक की मौत
मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार को नौ लोगों में संक्रमण और एक की मौत की पुष्टि की गई है। जिले में अब तक संक्रमितों की कुल संख्या 890 है। इंदौर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ प्रवीण जड़िया ने यह जानकारी दी है।
11:46 PM, 18-Apr-2020
घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर अभी कोई फैसला नहीं, कंपनियां अभी न करें बुकिंग
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ाने शुरू करने पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि एयरलाइन्स को सलाह दी जाती है कि फैसला होने के बाद ही बुकिंग शुरू करें।
घरेलू/ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के परिचालन को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं- हरदीप सिंह पुरी
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि उड्डयन मंत्रालय स्पष्ट कर देना चाहता है कि अभी तक घरेलू/ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के परिचालन को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। एयरलाइंस को सलाह दी गई है कि वे इस संबंध में निर्णय आने के बाद ही अपनी बुकिंग चालू करें।
10:48 PM, 18-Apr-2020
दिल्ली में आज 186 नए पॉजिटिव केस सामने आए
दिल्ली में कोरोना का प्रकोप बढ़ रहा है। आज 186 नए पॉजिटिव केस सामने आए और एक की मौत हो गई। 134 लोग आज ठीक हो गए हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। राष्ट्रीय राजधानी में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 1893 हो गई, जिनमें 207 ठीक/डिस्चार्ज भी शामिल हैं और अब तक 43 लोगों की मौत हो गई हैः दिल्ली सरकार
विज्ञापन
10:35 PM, 18-Apr-2020
तेलंगाना में आज कोरोना के 43 नए मामले
तेलंगाना में आज कोरोना के 43 नए मामले सामने आए। राज्य में कुल केस 605 हो गए हैं। 186 लोग ठीक हो चुके हैं और 18 की मौत हुई हैः स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग औरंगाबाद डीएचओ की कार से नकदी और शराब की बोतलें बरामद, मामला दर्ज
एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने शनिवार को महाराष्ट्र के जालना जिले में औरंगाबाद जिला स्वास्थ्य अधिकारी (डीएचओ) की कार से नकदी और शराब की बोतलें बरामद की और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
10:32 PM, 18-Apr-2020
अहमदाबाद में कोरोना के 239 नए मामले
अहमदाबाद में कोरोना वायरस के 239 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही यहां कुल मामलों की संख्या 862 हो गई है। इस बात की जानकारी यहां के स्वास्थ्य विभाग ने दी।
10:29 PM, 18-Apr-2020
असम में अब से नहीं होगा चीन से आए हुए पीपीई का इस्तेमाल-स्वास्थ्य मंत्री
असम के स्वास्थ्य मंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा ने कहा है कि राज्य में अब से चीन से आए हुए पीपीई का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। इसकी क्वालिटी को लेकर तमाम सवाल उठ रहे हैं। चीन में निर्मित पीपीई किट भारतीय मानकों पर खरी नहीं उतरीं। बता दें कि असम ने बुधवार शाम को चीन के गुआंसे आए हुए गझोउ से 50,000 व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट प्राप्त किए।
10:14 PM, 18-Apr-2020
आज 35,494 सैंपल का टेस्ट किया गया-ICMR
कुल 3,72,123 सैंपल का टेस्ट किया गया। कुल 3,54,969 लोगों का टेस्ट किया। आज 35,494 सैंपल का टेस्ट किया गयाः भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर)
10:10 PM, 18-Apr-2020
जम्मू और कश्मीर के कश्मीर डिवीजन में आज 13 नए मामले
जम्मू और कश्मीर के कश्मीर डिवीजन में आज 13 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही कुल यहां कुल पॉजिटिव मामले 341 हो गए हैं, जिनमें से 285 सक्रिय हैं। पांच लोगों की मौत हो गई हैः जम्मू-कश्मीर सरकार
10:04 PM, 18-Apr-2020
कर्नाटक सरकार ने डीएचबी ग्लोबल को दो लाख पीपीई (व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण) किट और बिग फार्मास्युटिकल्स को एक लाख का ऑर्डर दिया है। पहली खेप 19 अप्रैल को दोपहर 1.30 बजे केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंच रही है और दूसरी खेप सोमवार को सुबह 10.45 बजे पहुंचेगी: कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग
09:59 PM, 18-Apr-2020
राजस्थान में कुल संक्रमित मामले 1351, जयपुर में चार की मौत
राजस्थान में आज कोरोना के 122 नए मामले सामने आए हैं। अजमेक से 3, बांसवारा से एक, 42 भरतपुर से, 25 जयपुर से, एक जैसलमेर से, 26 जोधपुर से, दो टोंक से, 17 नागौर से और पांच कोटा से मामले सामने आए हैं। वहीं, जयपुर में आज चार लोगों की मौत हो गई है। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 1351 हो गई हैः राजस्थान स्वास्थ्य विभाग
09:56 PM, 18-Apr-2020
लॉकडाउन के बीच कलबुर्गी शहर के एक कब्रिस्तान में आज 80-100 लोग अंतिम संस्कार के लिए एकत्रित हुए। पांच नामजद और अन्य लोगों के खिलाफ रोजा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है: डीसीपी कलबुर्गी
09:40 PM, 18-Apr-2020
मध्य प्रदेशः दूसरी रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद अपने-अपने घरों को लौटे अधिकारी
मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव, पल्लवी जैन गोविल और भोपाल स्वास्थ्य विभाग के निदेशक जे विजय कुमार अपने-अपने घरों को लौट गए हैं। इन दोनों की दूसरी रिपोर्ट नेगेटिव आई हैः भोपाल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ प्रभाकर तिवारी
09:27 PM, 18-Apr-2020
मध्य प्रदेशः पिछले 24 घंटे में 59 लोग हुए ठीक, मौत की कोई खबर नहीं
मध्य प्रदेश के किसी भी जिले में आज किसी की मौत नहीं हुई। राज्य में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1402 है, जिसमें 69 मौतें, 127 डिस्चार्ज शामिल हैं। पिछले 24 घंटे में 59 लोग ठीक हो गए हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई हैः राज्य स्वास्थ्य विभाग
08:38 PM, 18-Apr-2020
मध्य प्रदेश के धार में आज आधी रात से धारा 144 लागू
कोरोना वायरस केबढ़ते मामले को देखते हुए मध्य प्रदेश के धार में धारा 144 लागू। आज आधी रात से तीन दिन के लिए धारा 144 लगाई गईः धार डीएम श्रीकांत भनोट
08:35 PM, 18-Apr-2020
ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्यों के ग्राणीण विकास मंत्रियों, अफसरों से बात की। इस दौरान 20 अप्रैल से छूट देने को लेकर हुई चर्चा।
08:22 PM, 18-Apr-2020
केरल में 20 अप्रैल से ऑड और ईवन स्कीम लागू की जाएगी
राज्य में 20 अप्रैल से ऑड और ईवन स्कीम भी लागू की जाएगी। योजना को लागू करके, हम सड़क पर वाहनों की संख्या को 40 फीसदी तक कम कर सकते हैं। ड्राइवर सहित तीन व्यक्ति एक कार में यात्रा कर सकते हैं। महिलाओं द्वारा संचालित वाहनों और सरकार के वाहनों को छूट दी जाएगी। अंतरराज्यीय यात्रा के लिए स्व घोषणा जरूरी है। जो लोग ऑफिस जा रहे हैं, वे अपना पहचान पत्र दिखा सकते हैं। सामान्य कारणों से एक जिले से दूसरे जिले में जाने की अनुमति नहीं है। चिकित्सा प्रयोजन और भोजन वितरण के लिए अनुमति दी जाएगी : केरल पुलिस प्रमुख लोकनाथ बेहरा
08:06 PM, 18-Apr-2020
मुंबई में आज सबसे अधिक 184 पॉजिटिव केस सामने आए
महाराष्ट्र में आज कोरोना के 328 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 3648 हो गई है। मुंबई में आज सबसे अधिक 184 पॉजिटिव केस सामने आए और पुणे में 78 केस सामने आए हैं।
गुजरात में आज पांच की मौत, मरने वालों की संख्या 53 हुई
गुजरातः आज 104 नए मामले सामने आए और पांच लोगों की मौत हो गई। इसके बाद राज्य में मरने वालों का आंकड़ा 53 हो गया है। यहां सक्रिय मामलों की कुल संख्या 1376 है, जिसमें 93 ठीक हो गए हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
07:49 PM, 18-Apr-2020
केरल के मुख्यमंत्री ने कहा कि केरल के लोगों द्वारा राज्य सरकार द्वारा जारी किए गए निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया जा रहा है। कई स्वेच्छा से क्वारंटीन में चले गए, तो कई ने जोखिम को देखते हुए नियंत्रण कक्ष पर संपर्क किया। अन्य लोगों ने स्वेच्छा से स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय स्व-सहायता की सहायता की। हमारी आम जनता के इस निस्वार्थ सहयोग ने केरल को सुरक्षित रखने में एक प्रमुख भूमिका निभाई है।
07:45 PM, 18-Apr-2020
देहरादूनः महिला चिकित्सा अधिकारी को कोरोना पॉजिटिव
उत्तराखंड के देहरादून में एक महिला चिकित्सा अधिकारी को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। संपर्क ट्रेस किया जा रहा है। देहरादून में सभी प्राथमिक संपर्कों को होम क्वारंटीन के तहत रखा गया हैः भारतीय सेना के सूत्र
07:10 PM, 18-Apr-2020
हम उसी कंपनी से तेजी से एंटीबॉडी परीक्षण किट खरीद रहे हैं जो केंद्र को किट की आपूर्ति करती है। हमने 24,000 किट खरीदे और केंद्रीय सरकार से 12,000 किट प्राप्त किए। इसलिए कुल मिलाकर, हमारे पास राज्य में 36,000 किट हैं: तमिलनाडु मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष उमानाथ
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एसीपी नॉर्थ लुधियाना अनिल कोहली और कानूनगो गुरमेल सिंह के परिजनों के लिए 50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की। कोरोना के कारण दोनों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी अधिकारी जो ड्यूटी पर तैनात है और कोरोना के कारण उनकी मृत्यु होती है तो उसके परिवार को भी समान राशि का भुगतान किया जाएगाः मुख्यमंत्री कार्यालय
07:01 PM, 18-Apr-2020
तमिलनाडु में आज 49 नए पॉजिटिव मामले सामने आए
राज्य में आज 49 नए पॉजिटिव मामले सामने आए। राज्य में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 1372 हो गई है। कुल 82 लोगों को आज ठीक होने के बाद छुट्टी दी गई: सी. विजयभास्कर, तमिलनाडु स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री
पंजाब में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 219
पंजाब में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 219 हो गई है, जिसमें 31 ठीक हो चुके हैं। राज्य में कुल 16 मौतें भी हुई हैं: सूचना और जनसंपर्क विभाग, पंजाब सरकार हिमाचल में कोरोना मामले बढ़कर 39 हुए
हिमाचल प्रदेश में कोरोना मामले बढ़कर 39 हो गए, जिनमें से 12 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि एक की मौत हुई है, अब तक 2,240 टेस्ट किए गए हैं: राज्य स्वास्थ्य विभाग
06:47 PM, 18-Apr-2020
गृह मंत्री अमित शाह ने की बैठक
कोरोना वायरस महामारी की स्थिति पर गृह मंत्री अमित शाह ने की बैठक। मंत्रालय ने राज्यों से समन्वय स्थापित करने के लिए कंट्रोल रूम बनाया।
06:11 PM, 18-Apr-2020
असमः 82 फीसदी लोगों में कोरोना के कोई लक्षण नहीं
असम के मंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने कहा है कि राज्य में कुल 34 रोगियों में से 82 फीसदी लोगों में कोरोना के कोई लक्षण नहीं दिखाई दिए। अधिकांश रोगी 50-60 वर्ष आयु वर्ग में आते हैं। धुबरी, गोलपारा, नलबाड़ी, मोरीगांव और गोलाघाट को रेड जोन में शामिल किया गया है।
मुंबई में कोरोना पॉजिटिव होने के बाद 26 नाविकों के आइसोलेट कर दिया गया है। ये सभी आईएनएस आंग्रे से संबंधित है। अब तक हमारे जहाज, पनडुब्बी या एयर स्टेशन में से एक भी मामला सामने नहीं आया है: भारतीय नौसेना
06:03 PM, 18-Apr-2020
भुवनेश्वर में एक और कोरोना का मामला दर्ज किया गया है। राज्य में कुल मामलों की संख्या अब 61 हो गई है। 24 मरीजों का इलाज किया गया है जबकि 1 व्यक्ति ने बीमारी से दम तोड़ दिया: ओडिशा स्वास्थ्य विभाग
05:53 PM, 18-Apr-2020
पिछले 24 घंटे में 957 नए मामले और 36 लोगों की मौत
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 957 नए मामले सामने आए हैं और 36 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 14,792 हो गई है। जिसमें 12,289 सक्रिय हैं, 2015 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 488 लोगों की मौत हो गई है।
05:48 PM, 18-Apr-2020
हमारे लिए प्रवासी श्रमिक मेहमान हैं- केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन
हमारे पास सार्वजनिक स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्य रखरखाव का एक मजबूत नेटवर्क है। जमीनी स्तर पर भी बड़े पैमाने पर कार्य किया जा रहा है: केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन
हमारे लिए ये लोग प्रवासी श्रमिक नहीं हैं, वे हमारे मेहमान हैं। यही कारण है कि हमने उनके लिए अतिथि श्रमिक शब्द चुना है। अब तक 18,912 शिविरों में 3,38,426 अतिथि श्रमिकों को शरण दी गई है: केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन
05:43 PM, 18-Apr-2020
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 2274 सैंपल के टेस्ट में कल 67 नए मामले सामने आए है। पिछले दो तीन दिनों में कोरोना का मामला कम हुआ है। मुझे उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मामले और भी कम होंगे।
05:30 PM, 18-Apr-2020
कर्नाटक में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 25 नए केस
कर्नाटक में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 25 नए केस सामने आए हैं। राज्य में 384 मामलों की पुष्टि हुई है, जिनमें 14 की मौत और 104 ठीक/डिस्चार्ज हो गए हैं।
05:18 PM, 18-Apr-2020
पश्चिम बंगाल में कोरोना के 178 मामले, 12 की मौत
पश्चिम बंगाल में अब तक कुल कोरोना के मामले 178 हैं और 12 लोगों की मौत हुई है। सात लोग ठीक हो चुके हैं।
04:56 PM, 18-Apr-2020
कुल 14378 मामलों में से 4291 केस तब्लीगी जमात से
कुल 14378 मामलों में से 4291 (29.8%) मामले निजामुद्दीन मरकज क्लस्टर से प्रभावित हैं। तमिलनाडु में 84 फीसदी, दिल्ली में 63 फीसदी, तेलंगाना में 79 फीसदी उत्तर प्रेदश में 59 फीसदी और आंध्र प्रदेश में 61 फीसदी मामले इस घटना से संबंधित हैं: स्वास्थ्य मंत्रालय
04:47 PM, 18-Apr-2020
राजस्थानः भाजपा विधायकों के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने के मामले दर्ज
राजस्थान में कोरोना लॉकडाउन के दौरान भाजपा के दो विधायकों के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने के मामले दर्ज हुआ है। पहला मामला कोटा के महावीर नगर पुलिस थाने में रामगंजमंडी के भाजपा विधायक मदन दिलावर के खिलाफ दर्ज हुआ है। वही, दूसरा मामला जयपुर के मानसरोवर थाने में सांगानेर के विधायक के अशोक लाहोटी के खिलाफ दर्ज हुआ है। एक विधायक को कोरोना लॉकडाउन उल्लंघन का नोटिस दिया जा चुका है। बता दें कि राज्य में कोरोना से संक्रमितों की संख्या 1270 हो गई है।
04:42 PM, 18-Apr-2020
उत्तराखंड में अब तक कोरोना वायरस के के उल्लंघन के मामले में 1758 मामले दर्ज किए गए और 7220 लोगों को गिरफ्तार किया गया: उत्तराखंड पुलिस
04:39 PM, 18-Apr-2020
गृह मंत्रालय ने क्या क्या कहाः-
केंद्र और सभी राज्यों ने नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर शुरू किए हैं। सभी राज्यों ने राज्य और जिला आपातकालीन केंद्र भी शुरू किए हैं। श्रम मंत्रालय ने मजदूरों की शिकायतों के समाधान के लिए 20 कंट्रोल रूम शुरू किए हैं।
गृह मंत्रालय के कंट्रोल रूम 24/7 टोल फ्री नंबर 1930 और 1944 के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों का समाधान कर रहे हैं। इसके अलावा, हेल्पलाइन नंबर 112 सभी 29 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में चालू है जिसका उपयोग पुलिस, फायर और एम्बुलेंस सेवाओं के लिए प्रयोग किया जा सकता है।
सिंगल इमरजेंसी नंबर 112 , लोकेशन आधारित ट्रैकिंग का उपयोग करता है और तेजी से सेवाएं प्रदान करता है कोरोना के दौरान नागरिकों द्वारा इसका उपयोग बड़े पैमाने पर किया जा रहा है।
04:27 PM, 18-Apr-2020
अब तक देश में 1992 लोग ठीक हो चुके हैं-स्वास्थ्य मंत्रालय
देश में 1992 कोरोना मरीज ठीक हो चुके हैं, यह कुल मरीजों का 13.85 फीसदी है। कुल मामलों की संख्या 14378 हो गई है, पिछले 24 घंटे में 991 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं और 43 लोगों की मौत हो गई है, जिससे मरने वालों की कुल संख्या 480 हो गई है : स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल
04:21 PM, 18-Apr-2020
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा, देश में कोरोना से मृत्युदर 3.3 फीसदी है। अगर उम्र के हिसाब से विश्लेषण किया जाए तो 14.4 फीसदी मौतें 45 साल तक के लोगों की हुई है। 45-60 फीसदी के उम्र के मरीजों में 10.3 फीसदी, 60 से 75 साल के मरीजों में 33.1 फीसदी और 75 साल से ऊपर के मरीजों में 42.2 फीसदी मृत्युदर रही है।
04:13 PM, 18-Apr-2020
जमात कार्यक्रम की वजह से 23 राज्यों में बढ़े कोरोना के मामले
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि 45 जिलों में पिछले 14 दिनों में कोरोना का एक भी मामला नहीं। 23 राज्यों में जमात के कार्यक्रम की वजह से कोरोना के मरीज बढ़े। दिल्ली में 63 फीसदी मरीज इसी कार्यक्रम से मिले हैं।
04:09 PM, 18-Apr-2020
पिछले 24 घंटे में 991 नए मामले, 43 की मौत
स्वास्थ्य मत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा है पिछले 24 घंटे में 991 नए मामले सामने आए हैं और 43 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, देशभर में कोरोना के संक्रमित मरीजों की संख्या 14 हजार के पार पहुंच चुकी है, जबकि इससे मरने वालों का आंकड़ा भी बढ़कर 480 हो गया है। देश में कोरोना से मृत्युदर 3.3 प्रतिशत रही है।
03:55 PM, 18-Apr-2020
कोलाबा के आईएनएस आंग्रे डिपो से कोरोना के 20 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, जहा 130 लोगों को क्वारंटीन किया गया था। मरीजों को नौसेना के अस्पताल में शिफ्ट किया गया है और उनका इलाज चल रहा है। बाकियों को क्वारंटीन किया गया हैः रक्षा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक
03:40 PM, 18-Apr-2020
असम में कोरोना के 12 मरीज हुए ठीक
असम में कोरोना से संक्मित एक और मरीज ठीक हो गया है। इसके साथ ही राज्य में अब तक 12 कोरोना के मरीज ठीक हो चुके हैं। इस बात की जानकारी असम के मंत्री ने दी।
03:37 PM, 18-Apr-2020
नौसेना के वाइस एडमिरल एमएस पवार ने कहा, हम पड़ोसियों की मदद को तैयार हैं। हमारे वॉरशिप पर कोई कोरोना संक्रमण का केस नहीं है।
03:33 PM, 18-Apr-2020
ग्रामीण डाक सेवकों सहित सभी डाक कर्मचारी जिनकी ड्यूटी पर रहते हुए कोरोना से मौत होती है उनके लिए 10 लाख रुपये का मुआवजा देने का फैसला किया गया है। यह दिशा-निर्देश तुरंत लागू होकर संकट खत्म होने तक रहेगा: संचार मंत्रालय
03:30 PM, 18-Apr-2020
थूकने या खुले में शौच करने वाले को 1000 रुपये जुर्माना भरना होगा
नई दिल्ली में किसी भी प्रकार से थूकने या खुले में शौच करने वाले को 1000 रुपये जुर्माना भरना होगा। गुटखा, तंबाकू और शराब बेचने पर भी पाबंदी लगाई गई है: नई दिल्ली नगर निगम
03:28 PM, 18-Apr-2020
लाइफलाइन उड़ान के तहत 274 उड़ानें संचालित की गई
लाइफलाइन उड़ान के तहत 274 उड़ानें एयर इंडिया, अलायंस एयर, आईएएफ और प्राइवेट कैरियर्स द्वारा संचालित की गई हैं। इनमें से 175 उड़ानें एयर इंडिया और एलायंस एयर द्वारा संचालित की गई हैं। कार्गो से अब तक लगभग 463.15 टन सामान पहुंचाया गया है।
03:11 PM, 18-Apr-2020
लुधियाना के एसीपी ने तोड़ा दम
लुधियाना के सहायक पुलिस आयुक्त अनिल कोहली का आज निधन हो गया। वह कोरोना से संक्रमित पाए गए थे और कई दिनों से वेंटिलेटर पर थे। उनका लुधियाना के एसपीएस अस्पताल में इलाज चल रहा था। जिला जनसंपर्क कार्यालय ने इसकी पुष्टि की है।
03:05 PM, 18-Apr-2020
ओडिशा के कलाकार ने अपनी कला के माध्यम से लोगों को दिया संदेश
दुनिया में कोरोना वायरस महामारी के बीच भुवनेश्वर के अलीश्वर राव ने अपनी कला के माध्यम से लोगों से अपने घरों में ही रहने की अपील की। उन्होंने पेंसिल की निब पर 'स्टे होम, स्टे सेफ' (घर पर रहें, सुरक्षित रहें) संदेश उकेरा है और साथ ही माचिस की तीलियों से एक घर भी बनाया है।
राव ने कहा कि मैंने सोचा कि मैं अपनी कला के माध्यम से कोई संदेश दूं। 2.8 इंच लंबी पेंसिल पर संदेश लिखने में मुझे दो दिन लगे और बोतल के अंदर 256 माचिस की तीलियों से घर बनाने में सात दिन। जो लोग बिना वजह बाहर घुमते हैं मेरा उनसे निवेदन है कि घर में रहें और सुरक्षित रहें।
02:54 PM, 18-Apr-2020
महाराष्ट्र में लॉकडाउन का उल्लंघन करने के आरोप में 10729 लोग गिरफ्तार
महाराष्ट्र पुलिस के अनुसार, कोरोना वायरस लॉकडाउन के उल्लंघन के मामले में 10,729 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 33984 वाहनों को जब्त किया गया और आईपीसी की धारा 188 के तहत 52626 मामले दर्ज किए गए हैं। आठ पुलिस अधिकारी और 29 अन्य पुलिस कर्मी राज्य में कोरोना से संक्रमित हैं।
02:48 PM, 18-Apr-2020
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने डीसीजीआई को दिए निर्देश
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) को कोरोना वायरस से संबंधित महत्वपूर्ण दवाओं के संबंध में सर्वेक्षण और निगरानी करने का निर्देश दिया है।
02:25 PM, 18-Apr-2020
हरियाणा में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 227
हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 227 है। जिसमें 137 सक्रिय मरीज हैं, 88 ठीक हो चुके हैं और दो की मौत हो गई है।
02:20 PM, 18-Apr-2020
20 अप्रैल से दिल्ली एम्स में गैर-कोरोना रोगियों का भी होगा इलाज
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, दिल्ली में 20 अप्रैल से सभी गैर-कोरोना रोगी जिनका यहां इलाज चल रहा था और उन्हें अनुवर्ती (फॉलोअप) उपचार की सलाह दी गई थी, एक अनुवर्ती नियुक्ति प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। दी गई तिथि पर, संबंधित विभाग के डॉक्टर इन रोगियों को बुलाएंगे और उन्हें अपेक्षित चिकित्सकीय सलाह देंगे।
02:14 PM, 18-Apr-2020
मणिपुर में स्वास्थ्य अधिकारियों पर मामला दर्ज
मणिपुर के लाम्फेल में केंद्रीय चिकित्सा निदेशालय पर छापेमारी के दौरान पुलिस द्वारा घटिया एन-95 मास्क जब्त किए जाने के बाद मणिपुर सरकार के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
01:52 PM, 18-Apr-2020
लिफ्ट में थूकने पर दो विदेशी नागरिकों के खिलाफ मामला दर्ज
मंगलूरू के कोडाइलबेल में शुक्रवार को अपने अपार्टमेंट की लिफ्ट में कथित तौर पर थूकने के आरोप में दो विदेशी नागरिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इन दोनों को कोडाइलबेल में ही घर में क्वारंटीन में रखा गया था। इसके बाद दो विदेशी नागरिकों और उनके कमरे में रहने वाले तीन साथियों को क्वारंटीन केंद्र में भेज दिया गया है।
01:49 PM, 18-Apr-2020
प्रवासी मजदूरों के घर भेजने के लिए सुप्रीम कोर्ट में पीआईएल
सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका (पीआईएल) दायर की गई है जिसमें कोरोना नेगेटिव आने वाले प्रवासी मजदूरों की घर वापसी की मांग की गई है। पीआईएल में ये भी कहा गया है कि सरकार को प्रवासी मजदूरों को उनके घर के नजदीकी शहर और गांव तक सुरक्षित यात्रा की अनुमति देनी चाहिए और आवश्यक परिवहन उपलब्ध कराना चाहिए।
01:29 PM, 18-Apr-2020
चंडीगढ़ की मंडियों में आने लगा गेहूं
चंडीगढ़ के सेक्टर-39 की अनाज मंडी में गेहूं आना शुरू हो गया है, ऐसे में मजदूर यहां आकर काम मिलने का इंतजार कर रहे हैं। इस दौरान ये सभी आपस में सामाजिक दूरी का विशेष ख्याल रख रहे हैं।
01:15 PM, 18-Apr-2020
उत्तराखंड में दो नए मामले
उत्तराखंड के हरिद्वार जिला प्रशासन ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस के दो नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद राज्य में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या बढ़कर 42 हो गई है।
01:10 PM, 18-Apr-2020
कोरोना मरीजों पर प्लाज्मा के परीक्षण की इजाजत मिली
केंद्रीय औषधि नियामक ने भारतीय आयुर्विज्ञान शोध परिषद (आईसीएमआर) के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है जिसमें उसने कोविड-19 के मरीजों के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी प्लाज्मा के नैदानिक परीक्षण (डायग्नोस्टिक जांच) की इजाजत मांगी थी। भारत के औषधि महानियंत्रक ने कहा कि आईसीएमआर ने केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन को उन संस्थानों की सूची सौंपी थी जिन्होंने इस परीक्षण में रुचि दिखाई थी और वे स्वास्थ्य शोध निकाय के परामर्श से ऐसा कर सकते हैं।
केंद्रीय औषधि नियामक ने एक नोटिस में कहा कि यह सूचित किया जाता है कि लोकहित में नैदानिक परीक्षण करने के आईसीएमआर के प्रस्ताव पर 13 अप्रैल को विषय विशेषज्ञों की समिति की बैठक में चर्चा की गई और कोविड-19 की मौजूदा स्थिति को देखते हुए त्वरित मंजूरी प्रक्रिया को अपनाया गया।
12:59 PM, 18-Apr-2020
मध्यप्रदेश में संक्रमितों की संख्या 1335 हुई
मध्यप्रदेश स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 1355 हो गई और इस वायरस से अब तक 69 लोगों की मौत हो चुकी है।
12:54 PM, 18-Apr-2020
कर्नाटक में 12 नए मामले
कर्नाटक में शुक्रवार शाम पांच बजे से आज दोपहर 12 बजे तक कोरोना पॉजिटिव के 12 नए मामले दर्ज किए गए। इसके बाद राज्य में कोरना पॉजिटिव मामलों की संख्या 371 हो गई है। जिसमें 92 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 13 लोगों की मौत हो गई है। 12 नए मामलों में से 11 पुराने मरीज के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं और एक पहले से ही गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण (SARI) से पीड़ित है।
12:51 PM, 18-Apr-2020
एयर इंडिया का विमान चीन के लिए रवाना
एयर इंडिया का बी-787 विमान कोरोना वायरस संबंधित चिकित्सा आपूर्ति लेने के लिए आज दिल्ली से गुआंगझौ, चीन के लिए रवाना हुआ है।
12:46 PM, 18-Apr-2020
केरल में बुजुर्ग की मौत पर स्वास्थ्य मंत्री ने दिया स्पष्टीकरण
केरल के स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने स्पष्ट किया कि आज सुबह जिस 85 साल के बुजुर्ग की मौत हुई थी, वह कोरोना की वजह से नहीं बल्कि उम्र संबंधित बीमारियों की वजह से हुई है। उनका शव उनके परिवार को सौंप दिया गया है। दाह संस्कार के लिए कोविड19 प्रोटोकॉल का पालन करने की आवश्यकता नहीं है।
12:39 PM, 18-Apr-2020
मेघालय में दो नए मामले
मेघायल के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने ट्वीट कर बताया कि राज्य में कोरोना पॉजिटिव के दो नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 10 हो गई है। दोनों नए मामले पहले पॉजिटिव मरीज के घर में मिले हैं। इनमें एक परिवार का सदस्य है और दूसरा घर का एक सहायक है।
12:36 PM, 18-Apr-2020
पुणे में एक कांस्टेबल और उसकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव
महाराष्ट्र के पुणे के ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि 42 साल के एक कांस्टेबल और उसकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।
11:31 AM, 18-Apr-2020
केरल में 85 साल के बुजुर्ग की मौत
केरल में 85 साल के एक बुजुर्ग की पहली रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। बाद में दोबारा जांच कि गई और रिपोर्ट निगेटिव आई, लेकिन आज सुबह उनकी मौत हो गई। उनकी अंतिम रिपोर्ट अभी नहीं आई है।
11:15 AM, 18-Apr-2020
गुजरात में 176 नए मामले
गुजरात स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में कोरोना पॉजिटिव के 176 नए मामले सामने आए हैं। नए मामलों में अहमदाबाद में 143, सूरत में 13, वडोदरा में 13, राजकोट में दो, भावनगर में दो, आनंद, भरूच और पंचमहल में एक-एक मामले शामिल हैं। इसी के साथ राज्य में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 1272 हो गई है। जिसमें 88 ठीक हो चुके हैं और 48 लोगों की मौत हो गई है।
11:12 AM, 18-Apr-2020
कोरोना मरीजों के इलाज के लिए प्लाज्मा चढ़ाने की योजना
गुजरात सरकार ने राज्य में कोविड-19 के मरीजों, खासकर नाजुक हालत वाले संक्रमित लोगों के इलाज के लिए प्लाज्मा चढ़ाकर उपचार करने का निर्णय किया है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के मकसद से यह फैसला किया गया है।इलाज के इस तरीके के तहत, कोविड-19 से पूरी तरह ठीक हुए मरीज के शरीर से प्लाज्मा लेकर गंभीर स्थिति वाले मरीज में चढ़ाया जाएगा ताकि उसका शरीर वायरस से लड़ने के लिए एंटीबॉडीज बना सके।
वहीं, गुजरात स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि शुक्रवार शाम छह बजे के बाद कोरोना संक्रमित सात मरीजों की मौत हो गई है। इसी के साथ राज्य में मृतकों की संख्या 48 हो गई है।
11:08 AM, 18-Apr-2020
आंध्र प्रदेश में 31 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 603 हुई
आंध्र प्रदेश कोविड-19 के नोडल अधिकारी अर्जा श्रीकांत ने बताया कि पिछले 24 घंटों में राज्य में 31 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसके बाद राज्य में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 603 हो गई है। जिसमें 42 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 15 लोगों की मौत हो गई है।
11:02 AM, 18-Apr-2020
झारखंड में एक नया मामला आया सामने
झारखंड की राजधानी रांची में एक महिला जिसने दो दिन पहले सदर अस्पताल में एक बच्चा को जन्म दिया था। शुक्रवार को वह कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। उसके बच्चे को रिम्स अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। सदर अस्पताल के जिन स्वास्थकर्मियों ने महिला का इलाज किया था या उस वक्त वहां मौजूद थे, उनकी भी जांच की जाएगी।
रिम्स के चिकित्सा अधीक्षक वी कश्यप ने बताया कि बच्चे की उचित देखभाल की जा रही है और सभी सावधानी बरती जा रही है। विशेषज्ञों और डॉक्टरों द्वारा एक विस्तृत चर्चा की गई, और बच्चे को उचित स्वच्छता के बाद मां द्वारा दूध पिलाए जाने की अनुमति दी गई है। बच्चे का नमूना आज जांच के लिए भेजा जाएगा।
10:18 AM, 18-Apr-2020
यूपी में 98 कोरोना पॉजिटिव पाए गए
किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ के अनुसार, शुक्रवार को कोरोना के 1062 सैंपल्स की जांच की गई थी, जिसमें से 98 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
10:17 AM, 18-Apr-2020
नागपुर में कोरोना के चार नए मामले
नागपुर महानगर पालिका के अनुसार, यहां कोरोना पॉजिटिव के चार नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ नागपुर जिले में कोरोना पॉजिटिव कुल संख्या 63 हो गई है। जिसमें 12 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और एक की मौत हो गई है।
09:53 AM, 18-Apr-2020
एसएसपी और एडीजी की पत्नी ने सामुदायिक रसोई में खाना बनाया
उत्तर प्रदेश के मेरठ के एसएसपी और एडीजी की पत्नी ने सामुदायिक रसोई में खाना बनाया, इस रसोई में तैयार खाना जरूरतमंद लोगों और लोगों की सेवा में तैनात पुलिसकर्मियों में बांटा जाएगा। एसएसपी की पत्नी रिचा सहानी कहती हैं जिसने वर्दी पहन ली उसके लिए देश पहले होता है और ये उनके काम का हिस्सा है।
09:52 AM, 18-Apr-2020
छात्रावासों को अस्थायी तौर पर क्वारंटीन सेंटर में बदलने का आदेश
कर्नाटक के कलबुर्गी के उपायुक्त शरत बी ने आदेश दिया है कि गुलबर्गा विश्वविद्यालय और कर्नाटक केंद्रीय विश्वविद्यालय के छात्रावासों को अस्थायी तौर पर क्वारंटीन सेंटर में बदला जाए।
09:52 AM, 18-Apr-2020
राजस्थान में 41 नए मामले, दो की मौत
राजस्थान स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में आज कोरोना पॉजिटिव के 42 नए मामले सामने आए हैं और जयपुर में दो लोगों की मौत हुई है। इसके बाद राज्य में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 1270 हो गई है और अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है। जिन दो लोगों की आज मौत हुई है उनमें से एक मरीज को पुरानी किडनी की बीमारी थी और दूसरे को मधुमेह था।
09:18 AM, 18-Apr-2020
देशभर में संक्रमितों की संख्या 14000 के पार
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 14,000 के आंकड़े को पार गई है। पिछले 24 घंटे में 991 नए मामले सामने आए हैं और 43 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 14,378 हो गई है। जिसमें 11,906 सक्रिय हैं, 1992 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 480 लोगों की मौत हो गई है।
08:23 AM, 18-Apr-2020
गाजीपुर फल और सब्जी मार्केट में सुबह जुट रही भीड़
लॉकडाउन के बीच दिल्ली के गाजीपुर फल और सब्जी मार्केट में जरूरी सामान खरीदते लोग।
08:15 AM, 18-Apr-2020
मुंबई में नौसेना के 20 कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए
नौसेना के अधिकारी ने बताया कि मुंबई में एक नौसैनिक अड्डे पर नौसेना के 20 कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। पहला मामला सात अप्रैल को वहां के आईएनएस आंग्रे बेस पर दर्ज किया गया था। प्रभावित कर्मियों के संपर्क में आने वाले अन्य सभी व्यक्तियों की भी जांच की गई है। इन सभी को मुंबई स्थित नेवी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोविड-19 के लिए इलाज करा रहे नौसेना के 20 कर्मी पश्चिम नौसैन्य कमान की साजोसामान संबंधी शाखा का हिस्सा हैं।
08:07 AM, 18-Apr-2020
लॉकडाउन के उल्लंघन के आरोप में दुल्हन-दूल्हा के खिलाफ मामला दर्ज
गुजरात के नवसारी के चिखली में कोरोना वायरस से निपटने लगाए गए लॉकडाउन के मानदंडों के उल्लंघन करने के आरोप में दुल्हन, दूल्हे और उनके रिश्तेदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। नवसारी के एसपी ने बताया कि पुलिस ने वंकल गांव के एक मंदिर में छापा मारा जहां 14 लोग शादी के लिए जमा हुए थे। पुलिस उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है।
07:05 AM, 18-Apr-2020
इंडिया पोस्ट की नई पहल
इंडिया पोस्ट ने देशभर में जरूरी सामानों और दवाओं की आपूर्ति के लिए एक नई पहल की है। कोरोना वायरस की वजह से लगे लॉकडाउन में वे पिछड़े इलाकों और लोगों तक पेंशन और नकदी को पहुंचाने के लिए आधार-सक्षम भुगतान प्रणाली की मदद लेंगे।
07:04 AM, 18-Apr-2020
पुलिस कांस्टेबल ने यमराज बनकर लोगों को किया जागरूक
एमपी के इंदौर में एक पुलिस कांस्टेबल ने लोगों में जागरुकता फैलाने के उद्देश्य से यमराज की तरह के कपड़े पहन लिए और लोगों से घरों में रहने की अपील की।
07:02 AM, 18-Apr-2020
बिहार के दरभंगा में एक गांव में घर-घर सर्वे करने गई आशा और एएनएम कर्मचारियों के साथ बदसलूकी के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और लोगों से सहयोग करने को कहा है।
02:26 AM, 18-Apr-2020
केंद्र सरकार ने राज्यों को दिए लाखों पीपीई किट, मास्क और हाइड्रोक्सीक्लोरोक़्वीन दवाइयां
स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी के मुताबिक केंद्र सरकार अभी तक अलग-अलग राज्यों को 4,12,400 पीपीई किट दे चुकी है।
इसके अलावा 25,82,178 एन-95 मास्क भी दिए गए हैं।
केंद्र सरकार ने राज्यों को अब तक 4.29 करोड़ हाइड्रोक्सीक्लोरोक़्वीन दवाइयां भी बांटी हैं।
जल्दी ही सिंगापुर से भी दो लाख पीपीई किट भारत आने वाली है।
02:23 AM, 18-Apr-2020
दिल्ली पुलिस के संक्रमितों को मिलेंगे एक लाख रुपये
दिल्ली के पुलिस आयुक्त ने ड्यूटी के दौरान संक्रमित हुए पुलिसकर्मियों को एक लाख रुपये की सहायता देने का फैसला किया है।
02:22 AM, 18-Apr-2020
केरल सरकार ने जिलों को चार जोन में बांटा
केरल सरकार ने मामलों और महामारी के प्रभाव के आधार पर जिलों को चार जोन (रेड, ऑरेंज ए, ऑरेंज बी और ग्रीन) में बांट दिया है।
12:48 AM, 18-Apr-2020
नोएडा में एक तिहाई लोग ठीक हुए
यूपी के गौतमबुद्ध नगर जिले में 92 संक्रमितों में से एक तिहाई, यानी 33 लोग स्वस्थ्य हुए या अस्पताल से निकल गए। पिछले 24 घंटे में यहां एक भी नए मामले सामने नहीं आए हैं।
12:25 AM, 18-Apr-2020
मुरादाबाद और आगरा में मिले संक्रमित
मुरादाबाद में एक बच्चे समेत सात लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। नए मामलों के साथ जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 38 हो गई है।
यूपी के आगरा में शुक्रवार को 24 नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही जिले में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर अब 196 हो गई है।
12:24 AM, 18-Apr-2020
इंदौर में 50 नए मामले सामने आए
मध्यप्रदेश के इंदौर में 17 अप्रैल को 50 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जिले में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 892 हो गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 1360 हो गई है और अब तक कोरोना संक्रमण से 69 लोगों की मौत हो चुकी है।
12:20 AM, 18-Apr-2020
बिहार में दो नए मामले सामने आए, संक्रमितों की संख्या 85 हुई
बिहार में दो नए संक्रमित पाए गए हैं, एक पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने की वजह से दोनों में संक्रमण फैला। अन्य लोगों की भी खोज हो रही है। फिलहाल राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 85 हो गई है। मुख्य सचिव, स्वास्थ्य, संजय कुमार के मुताबिक इनमें से 17 साल का एक संक्रमित मरीज बिहारशरीफ और दूसरा 42 साल का मरीज बेगूसराय में मिला है।
12:18 AM, 18-Apr-2020
हिमाचल प्रदेश में दो नए संक्रमित
हिमाचल प्रदेश में दो नए संक्रमित मिले हैं, जिसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 38 हो गई है।
12:11 AM, 18-Apr-2020
घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर अभी कोई फैसला नहीं, सरकार के निर्णय के बाद ही शुरू होगी बुकिंग
सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन ने भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) द्वारा विकसित प्रोटोकॉल के अनुसार, COVID-19 रोगियों में प्लाज्मा के तहत परीक्षण के लिए इच्छुक संस्थानों को हरी झंडी दे दी है। यहां पढ़ें 17 अप्रैल (शुक्रवार) के सभी अपडेट्स