इंदौर में कोरोना संक्रमितों के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। नए पॉजिटिव मामले 65 आए हैं। अब तक कुल मृत्यु 35 हुई है। अब तक शहर में संक्रमितों की कुल संख्या 427 हो गई है।
स्पष्ट किया जाता है कि ट्रेन सेवा पूरी तरह से रद्द की गई है, तीन मई तक पूरे देश में कहीं कोई ट्रेन नहीं चलेगी। न ही किसी तरह की विशेष ट्रेन चलाने की योजना है।
तेलंगाना में मंगलवार को 52 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए, कुल संख्या 644 पहुंची। अबतक 110 स्वस्थ हुए, 18 की मौत हुई।
कर्नाटक के बंगलूरू में 38 हॉटस्पॉट चिन्हित किए गए।
महाराष्ट्र: बांद्रा पुलिस स्टेशन में 800-1000 अज्ञात लोगों के खिलाफ महामारी एक्ट के तहत केस दर्ज। आज बांद्रा में सैकड़ों प्रवासी लोग अपने घर जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंच गए थे। पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद मामला संभाला।
गुजरात के सीएम विजय रूपाणी ने कहा, अहमदाबाद में 350 से अधिक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। यानी गुजरात के आधे से ज्यादा मरीज अहमदाबाद से हैं। बुधवार सुबह 6 बजे से 21 अप्रैल सुबह 6 बजे तक दानिलिम्दा, जमालपुर और दरियापुर में कर्फ्यू रहेगा। दोपहर एक से चार बजे तक छूट रहेगी लेकिन सिर्फ महिलाओं को ही बाहर निकलने की अनुमति होगी।
आंध्र प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 483 पहुंची। 16 लोग स्वस्थ हुए, अबतक नौ की मौत हुई।
राजस्थान में आज कोरोना के 108 नए मामले सामने आए। इनमें से 83 जयपुर से हैं। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 1005 पहुंची।
महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि जिन्होंने भी ये अफवाह फैलाई कि रेलगाड़ियां शुरू हो रही हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महाराष्ट्र में आज 18 की मौत, 350 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 2684 पहुंची। अबतक 178 की मौत, 259 स्वस्थ हुए।
जो भी बाहरी राज्यों के मजदूर यहां हैं, वो निश्चिंत और निर्भीक होकर यहां रहें। डरने की कोई बात नहीं है। हम आपका पूरा ध्यान रख रहे हैं। कोई कमी होगी तो वो भी पूरी करेंगे। बांद्रा में ये घटना इसलिए हुई क्योंकि किसी ने उनको जानकारी दी कि 14 अप्रैल के बाद ट्रेनें चालू हो जाएंगी। मैं मजदूरों से कहना चाहता हूं कि हमें आपको यहां घरों में बंद रखने में मजा नहीं आ रहा। पर ये आप ही की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
जो लोग इस पूरे मामले को लेकर राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं, वो ध्यान से सुन लें, इस तरह आग से ना खेलें। ये राजनीति करने का वक्त नहीं है। मैं हर दल के नेता से संपर्क में हूं। सब इस लड़ाई में साथ हैं। जो लोग अफवाह फैला रहे हैं वो भी समझ लें। उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) ने कहा कि कोरोना वायरस संकट के चलते 2020 में हवाई यात्री राजस्व में 314 बिलियन डॉलर की कमी आएगी। 2019 के मुकाबले 55 फीसदी कमी आएगी।
महाराष्ट्र के गृह मंत्री ने कहा कि बांद्रा में उमड़ी भीड़ लॉकडाउन को बढ़ाए जाने का नतीजा है। जो लोग मुंबई में फंसे थे, उन्हें लगा था कि वो लॉकडाउन खत्म होने के बाद अपने गृहनगर वापस लौट सकेंगे। लेकिन पीएम के संबोधन से निराश इन लोगों का गुस्सा इस तरह सड़कों पर नजर आया।
खबर है कि मुंबई के बांद्रा की तरह सूरत के वारछा इलाके में भी बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर सड़कों पर आ गए और अपने गृहनगर भेजने की मांग करने लगे। पुलिस इन्हें समझाने में जुटी रही।
सूरत के डीसीपी ने बताया कि मजदूर बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए थे और घर जाने की मांग कर रहे थे। हमन उन्हें समझाया कि लॉकडाउन के चलते ये संभव नहीं है। उन्होंने खाना नहीं मिलने की भी शिकायत की। हमने एक एजेंसी को बुलाया है जो खाना बांट रही है।
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा- केंद्र ने बांद्रा भीड़ मामले का तुरंत संज्ञान लिया और राज्य सरकार की मदद भी कर रही है। हमें पता है कि केंद्र और राज्य सरकार किस तरह की मुश्किल का सामना कर रहे हैं। हालात को समझने के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का शुक्रिया।
गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे से फोन पर बात की और बांद्रा रेलवे स्टेशन पर जुटी प्रवासी मजदूरों की भीड़ को लेकर चिंता जताई। शाह ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से कोरोना वायरस के खिलाफ मुहिम कमजोर होगी और ऐसी घटनाओं को रोका जाना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार को पूरा समर्थन देने की भी बात कही।
कोरोना वायरस के मद्देनजर देश में तीन मई तक लॉकडाउन बढ़ाए जाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एलान के बाद भारत सरकार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
दिल्ली के आरएमएल अस्पताल के दो डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आशंका जताई जा रही है कि दोनों डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए होंगे। इनके संपर्क में आए लोगों की तलाश की जा रही है।
प. बंगाल में आज 10 नए मामले आए सामने, कुल संक्रमितों की संख्या 120 हुई, अबतक राज्य में सात लोगों की मौत हुई है।
केरल में कोरोना वायरस के आज आठ नए मामले सामने आए, चार कन्नूर से तीन कोझिकोड से और एक कासरगोड से। इनमें से पांच लोग दुबई से लौटे हैं, तीन लोग दूसरों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए। राज्य में अब कुल 173 मरीज हैं, 211 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
मुंबई में आज कोरोना वायरस के 204 नए केस मिले हैं और 11 लोगों की मौत हुई है। मुंबई में संक्रमितों की कुल संख्या 1753 पहुंची। अबतक यहां 111 लोगों की मौत हो चुकी है।
मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन पर प्रवासी मजदूरों की भारी भीड़ जुटी। इनकी मांग थी कि इन्हें वापस इनके गांव व शहर भेजा जाए। हालांकि पुलिस और स्थानीय नेताओं के समझाने पर ये लोग मान गए और वहां से चले गए। बता दें कि आज पीएम मोदी ने देश में 3 मई तक लॉकडाउन का एलान किया है।
शिलांग में 26 साल के युवक ने बेथानी अस्पताल की खिड़की से कूदकर जान दे दी, इस अस्पताल में एक वरिष्ठ डॉक्टर को कोरोना संक्रमित पाया गया था। इस अस्पताल को सोमवार रात को सील किया गया था और इसे क्वारंटीन सेंटर में तब्दील किया गया था। संक्रमित डॉक्टर का कोई यात्रा इतिहास नहीं है।
मध्यप्रदेश: इंदौर के मनोरमा राजे टीबी अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों ने कहा- हम 30 लोग हैं और दो-दो लोग एक कमरे में रह रहे हैं। हमारे कमरे साफ और सैनिटाइज नहीं किए जाते हैं। उचित खाना नहीं दिया जा रहा है। हमारे स्टाफ से एक कोरोना पॉजिटिव मिला है लेकिन किसी भी तरह की सावधानी नहीं बरती जा रही है।
असम: गुवाहाटी में अठागांव कब्रिस्तान मस्जिद और स्पैनिश गार्डन कॉम्प्लेक्स को संक्रमित क्षेत्र घोषित किया गया। इलाके में सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है।
पश्चिम बंगाल के आासनसोल में क्वारंटीन सेंटर बनाने को लेर स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच भिड़ंत में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। प्रशासन ने स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र को क्वारंटीन सेंटर बनाने का फैसला लिया था जिस पर हंगामा हुआ। जब मंगलवार दोपहर स्वास्थ्य और प्रशासनिक अधिकारी यहां पहुंचे तो स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और इसका विरोध जताने लगे।
पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केंद्र से अपील की है कि उद्योगों, दुकानों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में काम कर रहे कर्मचारियों को पूरा वेतन दिया जाने के निर्देश पर दोबारा विचार किया जाए, ऐसा करने पर उद्यमी पूरी तरह से कंगाल हो सकते हैं।
मध्यप्रदेश: पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि कोरोना से मृत्यु होने पर शासन मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाए।
पुणे के ससून अस्पताल में काम करने वाली 34 साल की नर्स कोरोना पॉजिटिव मिली। नर्स को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया।
आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले के श्रीकालहस्ती पुलिस ने रोड पर चित्र बनाकर लोगों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक किया।
जम्मू और कश्मीर के प्रमुख सचिव (योजना) रोहित कंसल ने बताया कि राज्य में कोरोना पॉजिटिव 13 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल की कल बैठक होगी। यह बैठक सात, लोक कल्याण मार्ग पर होगी।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मुताबिक, सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय एयरलाइन्स तीन मई रात 11.59 बजे तक निलंबित रहेंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर अपनी डीपी बदल दी है। अब नरेंद्र मोदी ने मास्क (गमछा) लगाए हुए फोटो को अपलोड किया है।
महाराष्ट्र के नागपुर शहर में आज कोरोना पॉजिटिव के सात नए मामले सामने आए हैं। नागपुर नगर निगम ने इसकी पुष्टि की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को संबोधित कर रहे हैं। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि:-
मुंबई के वर्ली कोलीवाड़ा को कोरोना कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है, यहां लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित है।
दिल्ली सरकार ने पश्चिम विहार के कृष्णा अपार्टमेंट के ए-1बी ब्लॉक को सील कर दिया है। इस जगह को कोविड-19 कंटेनमेंट जोन घोषित किया है।
आईसीएमआर ने कहा है कि मां से उसके नवजात शिशु में कोरोना वायरस का संक्रमण होने की संभावना है।
असम सरकार द्वारा सुबह 10 से शाम के 5 बजे तक शराब की बिक्री की अनुमति देने के बाद गुवाहाटी में लोग एक शराब की दुकान के बाहर लाइनों में खड़े दिखे।
उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में 16 नए संक्रमित मिले हैं जिसके बाद यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 80 हो गई है।
असम के स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक यहां गोलपारा में एक व्यक्ति कोरोना से संक्रमित मिला है, मरीज निजामुद्दीन के मरकज से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है, इसी के साथ राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 31 हो गई है।