गुजरात में सोमवार को 34 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 572 पहुंच चुकी है। इनमें से 56 को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है जबकि 26 की मौत हो गई है। गुजरात स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक संक्रमितों में से 484 की हालत स्थिर है जबकि 8 संक्रमित वेंटिलेटर पर हैं।
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भी लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने बताया कि लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ाया गया है।
आंध्र प्रदेश में सोमवार को संक्रमण के सात नए मामले सामने आए हैं। इनमें से तीन गुंटूर और चार नेल्लोर जिले के हैं। राज्य में अब कुल 439 मामले सामने हो चुके हैं, जिनमें से 12 को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और सात की मौत हो गई है।
महाराष्ट्र के पुणे में सोमवार को दो और लोगों की मौत हो गई है। यहां अब तक 34 लोगों की जान जा चुकी है। सोमवार को एक 40 वर्षीय पुरुष और 50 वर्षीय महिला की मौत हुई। दोनों ही गंभीर बीमारी से ग्रसित थे।
अरुणाचल प्रदेश ने भी कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। मुख्य सचिव नरेश कुमार ने कहा कि लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इस दौरान सिर्फ सरकारी बसों को चलने की अनुमति होगी। संबंधित अधिकारियों से मंजूरी हासिल कर निर्माण कार्य किए जा सकेंगे, लेकिन प्रवासी मजदूरों की सेवा नहीं ली जा सकेगी।
मुंबई में सोमवार को 150 नए मामले सामने आए हैं और नौ लोगों की मौत हो गई। मुंबई में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 1549 तक पहुंच गई है और अब तक 100 लोगों की मौत हो चुकी है। सोमवार को 43 लोग ठीक होकर घर लौट गए। इस तरह कुल 141 लोग ठीक हो चुके हैं।
उत्तराखंड में सोमवार शाम सात बजे तक 35 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से सात लोग इलाज कराकर घर लौट चुके हैं। वर्तमान में राज्य में 55,676 लोग क्वारंटीन में हैं और 258 लोगों में कोरोना के लक्षण मिले हैं।
मुंबई के धारावी इलाके में संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। दुनिया के सबसे बड़े स्लम कहलाए जाने वाले इस क्षेत्र में सोमवार को दो और पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके साथ ही यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 49 हो गई है। पांच लोगों की मौत भी हो चुकी है।
तमिलनाडु की स्वास्थ्य सचिव बीला राजेश ने बताया कि सोमवार को 98 मामले पॉजिटिव पाए गए। इनमें से 91 केस एक ही स्रोत से हैं।
सोनिया ने पीएम को लिखा पत्र, कहा- सुनिश्चित करें कि कोई भूखा न रहे
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखते हुए मांग की है कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रत्येक लाभार्थी को और ऐसे लोगों को जिनके पास राशन कार्ड नहीं है, सितंबर तक 10 किलो अनाज दिया जाए। गांधी ने प्रधानमंत्री को लिखा, कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के खिलाफ इस लड़ाई में हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भूखा न रहे।
तमिलनाडु में 30 अप्रैल तक बढ़ा लॉकडाउन
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए तमिलनाडु में लॉकडाउन की अवधि 30 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है। लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने वाला तमिलनाडु देश का सातवां राज्य है।
'लॉकडाउन बनाए रखने के लिए राज्य लगातार काम कर रहे'
गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, लॉकडाउन के मानकों को लागू रखने के लिए राज्य लगातार काम कर रहे हैं। सेवानिवृत्त अधिकारियों, एनएसएस (राष्ट्रीय सेवा योजना) व एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी पुलिस की इस संबंध में सहायता कर रहे हैं।
उत्तराखंड : पिछले 100 घंटों में कोई नया केस नहीं
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बताया है कि राज्य में पिछले 100 घंटों में कोरोना वायरस का कोई पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने बताया कि अब तक सात संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं।
रावत ने कहा, हल्द्वानी में कोरोना प्रसार को रोकने के लिए वहां के बनभूलपुरा इलाके में कर्फ्यू लगाने का आदेश जारी किया गया है। उन्होंने कहा यह फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि कल वल्लभपुरा में सार्वजनिक स्थानों पर भारी भीड़ देखी गई थी।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राष्ट्र को संबोधित नहीं करेंगे। प्रधानमंत्री मंगलवार को सुबह 10 बजे राष्ट्र को संबोधित कर सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने आज दिल्ली के शास्त्री भवन में सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक की।
कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए दिल्ली में कोरोना का हॉटस्पॉट चांदनी महल को भी सरकार ने नियंत्रण क्षेत्र (कंटेनमेंट जोन) घोषित कर दिया है।
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 221 नए मामले सामने आए और 22 लोगों की मौत हुई। अब तक राज्य में 1982 कोरोना पॉजिटिव के मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 149 लोगों की मौत हो चुकी है। सिर्फ मुंबई में एक दिन में 16 लोगों की जान गई और 152 नए कोरोना केस सामने आए।
यूपी के बदायूं जिले में एक कोरोना संक्रमित के मिलने के बाद 14 गांवों को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।
हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक राज्य में की गई 159 लोगों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है।