प्रयागराज में नवजात को भी मास्क लगाया गया
- फोटो : पीटीआई
राजस्थान के सीएम ने लॉकडाउन की घोषणा की
- राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 22 से 31 मार्च तक पूरे राज्य को लॉकडाउन कर दिया है।
- इस दौरान सब्जी, दूध और दवा की दुकानें खुली रहेंगी।
पश्चिम बंगाल में अंततराज्यीय बसों पर पाबंदी
- पश्चिम बंगाल में 21 मार्च को रात 12 बजे से 31 मार्च तक अंतरराज्यीय बसों के परिचालन पर पाबंदी लगा दी जाएगी।
- पड़ोसी राज्यों से किसी भी बस को राज्य में प्रवेश नहीं मिलेगा।
गुजरात के कई शहर लॉकडाउन
- गुजरात में अहमदाबाद, सूरत, राजकोट और वडोदरा को 25 मार्च तक लॉकडाउन कर दिया गया है।
- इस दौरान सब्जी, दूध और दवा की दुकानें जैसे जरूरी सामान की दुकानें खुली रहेंगी।
पुडुचेरी में धारा 144
- पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने प्रदेश में 23 से 31 मार्च तक धारा 144 लगा दी गई है।
- लोग सुबह 7 से 9 बजे और शाम 6 से नौ बजे तक ही घर से बाहर निकल सकेंगे।
4500 रुपये से अधिक नहीं वसूल पाएंगी निजी लैब
- भारत सरकार निजी प्रयोगशालाओं में कोविड-19 या कोरोना वायरस की जांच के लिए भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों को अधिसूचित कर दिया है। इसके तहत नमूने के परीक्षण के तौर पर अधिकतम 4500 रुपये ही लिए जा सकते हैं।
- इसमें संदिग्ध मामलों के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट के रूप में 1500 रुपये और संदूषण परीक्षण के लिए अतिरिक्त 3000 रुपये का शुल्क शामिल है। हालांकि, आईसीएमआर राष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल के इस समय में मुफ्त या रियायती परीक्षण को प्रोत्साहित करता है।
- नागपुर शहर पुलिस आयुक्त बीके उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने लॉकडाउन के पहले दिन नियम का उल्लंघन करने वाले 348 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।
- बंगलूरू मेट्रो रेल कॉरपोरेशन कहा कि वह सोमवार 23 मार्च से मंगलवार 31 मार्च तक अपनी सेवाओं को बहाल रखने के साथ और कोरोना वायरस को फैलने से रोकने लिए सोशल डिस्टेंसिंग के उपायों को अपनाएगा।
- वित्त मंत्रालय ने शनिवर को कहा कि केंद्र ने 14वें वित्त आयोग के तहत राज्यों को अनुदान की लंबित राशि जारी की है, इसलिए ताकि स्थानीय निकायों की ओर से दी जाने वाली बुनियादी सेवाएं प्रभावित ना हों।
आप जहां हैं वहीं रहिए : पीएम मोदी
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि शहरों को छोड़कर गांवों की ओर न भागें।
- पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'भीड़भाड़ में यात्रा करने से इसके फैलने का खतरा बढ़ता है। आप जहां जा रहे हैं, वहां भी यह लोगों के लिए खतरा बनेगा। आपके गांव और परिवार की मुश्किलें भी बढ़ाएगा।'
-
पर्यटकों से गोवा के मुख्यमंत्री की अपील
- गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पर्यटकों से अपील की है कि वह 31 मार्च से पहले गोवा नहीं आएं। कोरोना वायरस के प्रकोप के मद्देनजर समुद्र तट, रेस्तरां और कई सार्वजनिक स्थान बंद रहेंगे।
येदियुरप्पा कल किसी से नहीं मिलेंगे
- कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के मीडिया सचिव ने शनिवार को बताया कि मुख्यमंत्री ने कल अपने आवास से बाहर नहीं जाने का फैसला किया है; उन्होंने लोगों से अनुरोध और मंत्रियों को निर्देश दिए हैं कि वे भी कल उनसे मिलने न आएं।
केरल में अब तक 52 मामले, पंजाब में भी मामले बढ़े
- केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने शनिवार को बताया कि राज्य में 12 नए मामले सामने आए हैं। कन्नूर से 3, कासरगोड से 6 और एर्नाकुलम से 3 मामले सामने आए हैं। राज्य में कुल संख्या अब 52 हो गई।
- इधर पंजाब में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।
नासिक में शराब की बिक्री पर प्रतिबंध
- नासिक में महामारी रोग अधिनियम और आपदा प्रबंधन अधिनियम लागू होने के बाद अगले आदेश तक शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
कोरोना से निपटेगी समिति
- भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार के. विजय राघवन ने बताया कि कोरोना वायरस से निपटने के लिए नीति आयोग के डॉ. विनोद पॉल की सह अध्यक्षता वाली एक समिति बनाई गई है, जिसमें प्रो. के विजयराघवन शामिल होंगे।
- यह समिति विज्ञान से संबंधित विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और त्वरित निर्णय लेने और उनके क्रियान्वयन को लेकर कार्य करेगी। समिति की आज हुई बैठक में रिसर्च, योजना और कार्यान्वयन को लेकर चर्चा की गई।
जनता कर्फ्यू वक्त की जरूरत: गृह मंत्री
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार कोरोना वायरस को फैलने से रोकने का संदेश देने के लिए सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा कि जनता कर्फ्यू वक्त की जरूरत है, लोग इसमें शामिल हों और दूसरे लोगों को इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित करें।
- उन्होंने कहा कि जनता कर्फ्यू के लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील वक्त की जरूरत है। जब भारत कोरोना से लड़ रहा है, ऐसे में आइये कोविड-19 को पराजित करने की अपनी कोशिश करें। 22 मार्च को सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक घरों में ही रहें। अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को भी प्रोत्साहित करें। यह हमारा आंदोलन है और इसे साथ मिलकर हम जीतेंगे।
- शाह ने कहा कि कल जनता कर्फ्यू के दौरान शाम 5 बजे जो लोग भारत को सुरक्षित और स्वस्थ रखने के लिए 24 घंटे काम कर रहे हैं, उनके प्रति अपना समर्थन और आभार व्यक्त करना न भूलें। अपने परिवार के साथ घर की बालकनियों में आकर उनका धन्यवाद व्यक्त करें।
दिल्ली: सोमवार को मेट्रो सेवा सामान्य नहीं रहेगी
- दिल्ली में सोमवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मेट्रो सेवा बंद रहेगी। सभी लाइनों पर शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक के लिए ही मेट्रो सेवा बहाल की जाएगी। मेट्रो स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा भी बंद रहेगी।
- देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच महाराष्ट्र में लाइन में लोग एक-दूसरे से दूरी बनाकर खड़े नजर आए। इसे ही सोशल डिस्टेंसिंग कहा जाता है।
- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए उठाए गए कदमों पर चर्चा के लिए 23 मार्च को एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है। सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सोनिया गांधी ने की राहत पैकेज की वकालत
- कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि देश में फैली रही वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से आम जनजीवन काफी हद तक प्रभावित हो रहा है।
- उन्होंने कहा कि सभी कारोबार, विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु और मध्यम व्यवसाय कोरोना के कारण बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। इस असाधारण समय में असाधारण उपायों को अमल में लाने की जरूरत है।
- सभी उद्योगों को श्रेणीवार राहत पैकेज समेत टैक्स नहीं लेने, ब्याज और देनदारी संबंधी उपायों की घोषणा की जानी चाहिए। वेतनभोगी वर्ग के लिए सरकार और आरबीआई को ईएमआई के भुगतान में राहत पर विचार करना चाहिए।
- सोनिया गांधी ने कहा कि कोरोना ने सबसे ज्यादा रोजगार देने वाले कृषि क्षेत्र को भी प्रभावित किया है। कृषि क्षेत्र के लिए सरकार को एक विशेष राहत पैकेज सुनिश्चित करना चाहिए।
एक दिन में 65 नए मामले
- देश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 283 तक पहुंच गई है। शनिवार को 65 नए मामले सामने आए हैं।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि हम 7000 मामलों में लोगों की तलाश कर रहे हैं।
- उन्होंने बताया कि देश में अभी तक 111 लैब काम कर रही हैं। 1600 भारतीयों व अन्य देशों से आने वाले लोगों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। 262 भारतीयों को रोम से स्वदेश वापस लाया जाएगा।
- लव अग्रवाल ने यह भी कहा कि हमें सिर्फ फैशन में या विश्वास बढ़ाने के लिए कोरोना वायरस की जांच नहीं करना चाहिए। हमें यह समझना होगा कि जांच के लिए प्रोटोकॉल बनाए गए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
- केरल में कोरोना वायरस लगातार बढ़ता जा रहा है, इसके बावजूद लोग दिशानिर्देशों का उल्लंघन कर रहे हैं।
- तिरुवनंतपुरम के श्रीकृष्णा स्वामी मंदिर में आयोजित फेस्टिवल 'अरत्तू' में सैकड़ों लोग जुटे। जबकि राज्य में भीड़ के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
10 रुपये से ज्यादा कीमत पर नहीं बेच सकेंगे सर्जिकल मास्क
- केंद्र सरकार ने सर्जिकल मास्क की कालाबाजारी पर रोक लगाने की ओर कदम उठाते हुए उनकी कीमतें तय कर दी हैं।
- उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने 3 प्लाई वाले सर्जिकल मास्क की बिक्री 12 मार्च के दाम पर ही करने या फिर किसी भी सूरत में 10 रुपये से ज्यादा नहीं रखने का फैसला किया है। यह फैसला 13 मार्च से लागू होगा।
- इसी तरह दो प्लाई के मास्क की कीमत 8 रुपये से ज्यादा नहीं वसूली जाएगी।
- हैंड सैनेटाइजर की कीमतें भी तय कर दी गई हैं। 200 मिली बोतल के लिए 100 रुपये से ज्यादा कीमत नहीं वसूली जाएगी।
- यह अधिसूचना 30 जून 2020 तक प्रभावी रहेगी।
ओडिशा में 40 फीसदी लॉकडाउन
- ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा है कि राजधानी समेत राज्य का 40 फीसदी हिस्सा एक हफ्ते के लिए लॉकडाउन कर दिया गया है।
- इसमें आठ बड़े शहर और पांच जिले शामिल हैं। सीएम के मुताबिक विदेश से लौटने वाले 3200 लोगों में से 70 फीसदी इन्हीं जिलों से संबंध रखते हैं।
- नवीन पटनायक ने यह भी कहा कि लॉकडाउन के दौरान एयरपोर्ट, रेलवे, बस स्टैंड और जरूरी सेवाओं को छूट दी गई है। इन सेक्टर के सभी कर्मचारियों को आपातकालीन कर्मी कहा जाएगा।
सुबह की सैर पर जाने से बचें : केजरीवाल
- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को सभी लोगों से सुबह की सैर को रद्द करने की अपील की है।
- सीएम ने कहा कि फिलहाल हम लॉकडाउन नहीं कर रहे हैं, लेकिन भविष्य में जरूरत पड़ने पर ऐसा किया जा सकता है।
- केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में पांच या उससे ज्यादा लोग एकजुट नहीं हो सकेंगे। अगर जुटते भी हैं तो उनमें कम से कम एक मीटर का फासला होगा।
- इससे पहले सार्वजनिक स्थल पर 20 से ज्यादा लोगों के एकजुट करने पर प्रतिबंध था।
दिल्ली में 72 लाख लोगों को मिलेगा मुफ्त राशन
- दिल्ली के सीएम ने यह भी कहा कि कोरोना वायरस की वजह से दिहाड़ी मजदूरों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
- दिल्ली सरकार ने फैसला किया है कि ऐसे 72 लाख लोगों को मुफ्त राशन दिया जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति को 5 किलो के बजाय 7.5 किलो राशन मिलेगा।
महाराष्ट्र के अकोला जिले में लॉकडाउन
- महाराष्ट्र के अकोला जिले में 22 से 24 मार्च तक लॉकडाउन करने की घोषणा कर दी गई है।
- अकोला के जिला प्रशासन ने आदेश जारी कर कहा है कि जरूरी चीजों को छोड़कर सब कुछ बंद रहेगा।
- महाराष्ट्र में मुंबई, पुणे, ठाणे और नागपुर को पहले ही काफी हद तक लॉकडाउन कर दिया गया है।
- रेलवे ने यात्रा भाड़ा वापसी नियमों में किया फेरबदल
- देश में कोरोना वायरस फैलने के खतरे को देखते हुए ट्रेनों में भीड़भाड़ से बचने के लिए रेलवे ने शनिवार को परामर्श जारी कर उन यात्रियों का भाड़ा लौटाने के नियमों में ढील दी है जिन्होंने 21 मार्च से 15 अप्रैल के बीच यात्रा करने के लिए टिकट बुक कराया था।
- आदेश में कहा गया है कि यदि रेलवे द्वारा 21 मार्च से 15 अप्रैल के बीच ट्रेन रद्द की जाती है तो यात्रा की तारीख से 45 दिन पहले टिकट काउंटर पर टिकट दिखाकर भाड़ा वापस लिया जा सकता है।
- वर्तमान में यह समयसीमा तीन घंटे की है। ट्रेन रद्द न होने और यात्री द्वारा यात्रा रद्द किए जाने की सूरत में यात्रा की तारीख से 30 दिन पहले टिकट जमा रसीद (टीडीआर) जमा किया जा सकता है।
गुजरात में 11 हुई संक्रमितों की संख्या
- गुजरात के गृहमंत्री प्रदीपसिंह जडेजा ने कहा कि प्रदेश में 13 कोरोना वायरस पॉजिटिव केस हो गए हैं।
- वडोदरा में तीन, सूरत में तीन, अहमदाबाद में पांच, गांधीनगर में एक और राजकोट में एक मामला सामने आया है।
- हम कोरोना के दो और तीन चरण के बीच हैं। एक व्यक्ति ने अलगाव वार्ड से भागने की कोशिश की जिसके खिलाफ हमने पुलिस कार्रवाई की है।
कोविड-19: विदेश से आने की बात छुपाने पर दंपती के खिलाफ मामला दर्ज
- थाईलैंड से आने की बात प्राधिकारियों से कथित रूप से छुपाने के मामले में महाराष्ट्र के जलगांव जिले में एक दंपती के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
- विदेशों से आने वाले लोगों को कोरोना वायरस के खतरे के कारण अनिवार्य रूप से पृथक रहने को कहा गया है, भले ही उनमें बीमारी के लक्षण दिखाई दें या नहीं।
- जिला प्रशासन की एक सर्वेक्षण टीम ने शुक्रवार को दंपती का पता लगाया जिसने थाईलैंड की अपनी हालिया यात्रा की बात छुपाई थी।
पति के हाथों पर पृथक रखे जाने की मुहर मिलने पर दंपती को ट्रेन से उतारा
- एक दंपती को बंगलूरू-नई दिल्ली राजधानी से उस वक्त उतारा गया जब साथी यात्रियों ने पति के हाथ पर घर पर पृथक रहने के लिए लगाई गई मुहर देखी।
- अधिकारियों ने कहा कि दंपती दिल्ली के रहने वाला है। उन्होंने शनिवार सुबह सिकंदराबाद से बंगलूरू-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस पकड़ी थी। रेलवे ने कहा कि ट्रेन जब सुबह करीब पौने दस बजे तेलंगाना के काजीपेट पहुंची तो एक सहयात्री ने उस वक्त पति के हाथ पर क्वारंटीन के लिए लगी मुहर देखी जब वह हाथ धुल रहा था।
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामलों में ‘बड़ी वृद्धि’
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने शनिवार को कहा कि राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या में ‘बड़ी वृद्धि’ हुई है और उन्होंने लोगों से इस विषाणु को फैलने से रोकने के लिए सार्वजनिक यातायात का इस्तेमाल करने से बचने की अपील की है। पत्रकारों से बातचीत में टोपे ने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 11 नए मामले आने के साथ 63 हो गई है।
रेल से दिल्ली से आंध्र प्रदेश का सफर करने वाले आठ लोग संक्रमित
रेल मंत्रालय ने कहा कि आठ यात्री जिन्होंने 13 मार्च को दिल्ली से रामगुंडम तक आंध्र प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से यात्रा की थी वो शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
मुंबई-जबलपुर गोदान एक्सप्रेस में सफर करने वाले चार लोग संक्रमित
रेल मंत्रालय ने कहा है कि रेलवे ने पाया है कि 16 मार्च को मुंबई से जबलपुर जाने वाली गोदान एक्सप्रेस (11055) पर यात्रा करने वाले चार यात्री कोविड-19 संक्रमित पाए गए हैं। वे पिछले सप्ताह दुबई से भारत आए थे। सभी संबंधितों को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए सतर्क कर दिया गया है।
कर्नाटक में तीन नए मामले
कर्नाटक सरकार ने कहा कि राज्य में 3 नए कोविड-19 मामलों की पुष्टि हुई है। प्रदेश में कुल सकारात्मक मामलों की संख्या 18 हो गई है।
चंडीगढ़ में एक महिला संक्रमित
चंडीगढ़ में पंचकुला के सिविल सर्जन डॉ जसजीत कौर ने कहा कि एक कोरोना रोगी के संपर्क में आई एक महिला संक्रित पाई गई है। उसे यहां एक आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।
कुछ मिनटों की सावधानी कई लोगों की जान बचा सकती है: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने एक वीडियो ट्वीट किया और लिखा कि कुछ मिनटों की सावधानी महत्तवपूर्ण साबित हो सकती है और कई लोगों की जान बचा सकती है। सोशल मीडिया पर इस दिलचस्प वीडियो को देखा। यदि आपके पास ऐसे वीडियो हैं जो लोगों को शिक्षित कर सकते हैं और कोविड-19 से जूझने के बारे में जागरुकता फैला सकते हैं, तो कृपया #IndiaFightsCorona के साथ उसे थेयर करें।
भारत में 271 हुई मरीजों की संख्या, आज 35 नए मामले
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार देश में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 271 हो गई है। इस सभी मरीजों में संदिग्ध लोग और संक्रमित लोगों के संपर्क में आए लोग शामिल हैं। आज देश में 35 नए मामले सामने आए हैं।
कोरोना वायरस: राजस्थान में सामने आए छह नए मामले
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के छह नए मामले सामने आए हैं और इसके साथ ही राज्य में अब तक इसके 23 मामले सामने आ चुके हैं। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि 42 संदिग्ध मामलों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) रोहित कुमार सिंह ने बताया कि छह में से पांच लोग उस निजी अस्पताल के कर्मी हैं जहां एक चिकित्सक कोविड-19 से संक्रमित पाया गया था।
गुजरात में एक और व्यक्ति संक्रमित
गुजरात में एक और व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। राज्य में अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या आठ हो गई है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
नोएडा में एक और मरीज की पुष्टि
नोएडा के सेक्टर 74 स्थित एक सोसायटी में एक व्यक्ति कोरोना वायरस संक्रमित पाया गया है। नोएडा के डीएम बीएन सिंह ने आज से 23 मार्च तक सोसाइटी परिसर को सील करने का आदेश दिया। लोगों को अपने घरों में ही रहने का आदेश दिया गया है।
कर्नाटक में एक और व्यक्ति संक्रमित
कर्नाटक के मंत्री बी श्रीरामुलु ने कहा कि मक्का के यात्रा करने वाले 32 वर्षीय व्यक्ति कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया है। उसे आइसोलेशन में रखा गया है और उपचार चल रहा है।
कनिका कपूर की पार्टी में शामिल हुए यूपी के स्वास्थय मंत्री का लिया गया सैंपल
बॉलीवुड की मशहूर गायिका कनिका कपूर की पार्टी में शामिल हुए उत्तर प्रदेश के स्वास्थय मंत्री जय प्रताप सिंह और उनके पूरे परिवार के सैंपल लिए गए हैं। आज उनकी कोरोना रिपोर्ट आएगी। फिलहाल उन्होंने अपने आप को घर में एकांतवास में रखा हुआ है।
मुंबई में स्थिर हालत वाले मरीजों को सरकारी अस्पताल से मिलेगी छुट्टी
शहर में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने उन सभी मरीजों को निगम अस्पतालों से छुट्टी देने का फैसला किया है जिनकी हालत स्थिर है। महानगरपालिका के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि यह कदम इसलिए उठाया जा रहा है ताकि आवश्यकता पड़ने पर पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सके।
महाराष्ट्र में संक्रमण के मामले बढ़कर 63 हुए
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 63 हो गए हैं। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि एक दिन के अंदर 11 कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। इनमें विदेश यात्रा करने वाले आठ व्यक्ति शामिल हैं और उनके संपर्क में आने के बाद तीन लोग संक्रमित हो गए। हमारे पास आइसोलेशन के लिए 250 से अधिक बेड हैं और राज्य के अस्पतालों में 7000 से अधिक साधारण बेड हैं।
यहां पढ़ें 20 मार्च (शुक्रवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 19 मार्च (गुरुवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 18 मार्च (बुधवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 11 से 17 मार्च तक के सभी अपडेट