पहले निपाह वायरस, फिर केरल में आई बाढ़ और अब कोरोना वायरस के चलते केरल के युवा जोड़े को तीसरी बार अपनी शादी टालनी पड़ी। एरान्हीपालन के रहने वाले प्रेमचंद्रन (26) और सैंड्रा संतोष (23) बचपन के मित्र हैं और इस रविवार को उनकी शादी होनी थी, लेकिन इलाके में लगी पाबंदियों के चलते उन्हें समारोह टालने पर मजबूर होना पड़ा। सबसे पहले दोनों की शादी 20 मई, 2018 को तय हुई थी। लेकिन मई में राज्य में निपाह वायरस फैलने के कारण इसे टाल दिया गया।
निपाह के चलते कोझिकोड़ व मलाप्पुरम जिले में 17 लोगों की जान गई थी। निपाह से निजात मिलने के बाद जोड़े ने 2019 में ओणम त्योहार के दौरान शादी तय की, लेकिन अगस्त में आई भीषण बाढ़ के कारण परिवारों ने इस साल 20 मार्च को शादी करने का फैसला किया। लेकिन इस बार कोरोना वायरस उनके जीवन में खलनायक बनकर आया। हालांकि इसके बावजूद यह युवा जोड़ा इसे सकारात्मक नजरिये से देख रहा है और अब इस साल सितंबर में शादी करने का फैसला किया है।