दिल्ली में कोरोना वायरस से संक्रमित पेटीएम कर्मचारी के संपर्क में आई एक महिला को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को बताया कि प्राथमिक जांच में महिला के भी वायरस से संक्रमित होने के संकेत मिले हैं। विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक, दिल्ली में कोरोना वायरस की प्राथमिक जांच में एक और महिला संक्रमित पाई गई है। हालांकि, इसकी पुष्टि होनी बाकी है। महिला का विदेश जाने का कोई इतिहास नहीं है लेकिन वह 28 फरवरी 2020 को वह पेटीएम कर्मी के संपर्क में आई थी जिसके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है।
जयपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन ने कहा है कि उसने 14वें ज्वैलर्स एसोसिएशन शो को फिलहाल रद्द करने का फैसला किया है जो 10 अप्रैल से 13 अप्रैल के बीच आयोजित होना था। अब ये शो अक्तूबर 2020 में आयोजित होगा।
कोरोनावायरस संक्रमण को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच एक अधिकारी ने शनिवार को कहा कि 12 देशों के यात्रियों को कन्वेयर बेल्ट क्षेत्र तक अन्य यात्रियों से अलग रखा जाएगा।देश में वायरस संक्रमण के 30 से ज्यादा मामलों के पॉजिटिव पाए जाने के बाद यह पहल इसके प्रसार को रोकने की दिशा में उठाए गए कई कदमों में से एक है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक प्रवक्ता ने कहा कि 12 देशों से आने वाले यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर अलग रखा जाएगा।
विशेष सचिव (स्वास्थ्य) संजीव कुमार ने कहा कि देश में कोरोनावायरस के तीन नए मामले सामने आए हैं। वायरस से पीड़ितों की संख्या 34 पहुंच गई है। इनमें से दो मामले लद्दाख में सामने आए हैं। इन्होंने ईरान की यात्रा की थी। वहीं एक केस तमिलनाडु से मिला है जिसने ओमान की यात्रा की थी।
ईरान में कोरोना वायरस के चलते शनिवार को सांसद फतेमह रहबर (55 वर्ष) की मौत हो गई। सरकारी न्यूज एजेंसी इरना ने यह जानकारी दी। एजेंसी के मुताबिक, तेहरान निर्वाचन क्षेत्र से हाल ही संसद के सदस्य चुने गए रहबर दूसरे सांसद हैं, जिनकी कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हुई है। उन्होंने बताया कि ईरान में इस वायरस के चलते अब तक सात नेताओं और अधिकारियों की जान जा चुकी है। ईरान में तेजी से फैले कोरोना वायरस से देशभर में 4,747 लोग संक्रमित हैं जबकि कम से कम 124 की मौत हो चुकी है।
शनिवार को ईरान की राजधानी तेहरान से एक विमान 300 भारतीयों के लार के नमूने लेकर सुबह साढ़े पांच बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचा। इन लोगों के कोरोनावायरस से संक्रमित होने की आशंका जताई जा रही है। ईरान का महान विमान वापसी पर सुबह साढ़े 10 बजे कई ईरानी नागरिकों को भी अपने साथ ले गया।
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में एक भारतीय समेत 15 और लोग जानलेवा कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इसके साथ ही यूएई में कोरोनावायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 45 हो गई है। स्वास्थ्य और रोकथाम मंत्रालय ने बताया कि इन 15 में से 13 लोग हाल ही में विदेश से संयुक्त अरब अमीरात आए हैं। इनमें से तीन लोग यूएई के, दो-दो लोग सऊदी अरब, इथोपिया और ईरान के हैं जबकि एक-एक व्यक्ति थाईलैंड, मोरक्को, चीन और भारत का है।
इंदौर में कोरोनावायरस के दो नए संदिग्ध मरीज सामने आए हैं। पहला संदिग्ध 23 वर्षीय युवक है, जो दुबई से लौटा है। दूसरी मरीज इटली की 23 वर्षीय युवती है। वह गुरुवार को ही यहां आई। उसे जांच के लिए एमवायएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, इंदौर-दुबई फ्लाइट की बुकिंग भी 30 फीसदी तक घट गई है।
राजस्थान में इतालवी जोड़े को छोड़कर सभी संदिग्ध लोगों की कोरोना वायरस जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) रोहित कुमार ने शुक्रवार को कहा कि अब तक कुल 282 लोगों के नमूनों की जांच की गई है। इनमें से 280 लोगों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव और दो लोगों (इतालवी जोड़े) की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने कहा कि अब किसी भी व्यक्ति की जांच रिपोर्ट आनी बाकी नहीं है। इतालवी जोड़े को यहां एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोरोनावायरस संक्रमण को लेकर बीते 20 दिन में दो हजार से ज्यादा लोग अपनी जांच करा चुके हैं। इसमें विदेशों से आने वालों को छोड़ दें तो करीब 500 दिल्ली वालों ने पिछले एक सप्ताह में कोरोनावायरस की जांच के लिए सैंपल दिए हैं। दिल्ली में एम्स और नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल सेंटर में कोरोनावायरस की जांच जारी है, जबकि सैंपल एकत्रित करने के लिए लेडी हार्डिंग और आरएमएल अस्पताल की मदद ली गई है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने कोरोनावायरस की जांच से संबंधित जांच केंद्र और सैंपल कलेक्शन लैब की पूरी लिस्ट जारी है। देशभर में कोरोनावायरस की जांच के लिए 52 और सैंपल कलेक्शन के लिए 57 लैब बनाए गए हैं।
कोरोनावायरस की जांच से संबंधित जांच केंद्र और सैंपल कलेक्शन लैब की पूरी लिस्ट देखने के लिए यहां क्लिक करें...
अमेरिका में कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों के बीच टेक्सास के ऑस्टिन शहर के अधिकारियों ने फिल्म और संगीत से जुड़े एक बड़े कार्यक्रम को रद्द कर दिया है। 'साउथ बाय साउथवेस्ट' नाम के इस कार्यक्रम में दुनियाभर से हजारों की संख्या में लोग आते हैं। ऑस्टिन के मेयर स्टीव एडलर ने शुक्रवार को कहा कि वह शहर में स्थानीय आपदा घोषित कर रहे हैं और कार्यक्रम को रद्द करने का आदेश भी जारी कर रहे हैं। आयोजकों ने एक बयान में निराशा जताते हुए कहा कि 34 वर्षों में ऐसा पहली बार है, जब आयोजन नहीं किया जा रहा है।
संयुक्त राष्ट्र ने चीन, दक्षिण कोरिया और फ्रांस समेत नौ देशों से कोरोनावायरस के कारण अपनी संयुक्त राष्ट्र शांति सेनाओं की बारी-बारी से तैनाती में तीन महीने की देरी करने के लिए कहा है। संयुक्त राष्ट्र में राजनयिक सूत्रों ने बताया कि परिचालन की निरंतरता को बनाए रखने के लिए इन देशों से यह अनुरोध किया गया है। कंबोडिया, थाईलैंड, नेपाल, भारत, इटली और जर्मनी समेत नौ देशों में COVID-19 का प्रकोप बना हुआ है। संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन को ‘ब्लू हेल्मेट्स’ के रूप में जाना जाता है। संयुक्त राष्ट्र चाहता है कि परिचालन की निरंतरता को बनाए रखने के लिए तैनात किये गये सैनिक स्वस्थ रहे। ब्लू हेल्मेट्स में 15 देशों में शांति अभियानों के लिए लगभग 100,000 लोग हैं।
चीन में कोरोना वायरस से शनिवार को 28 और लोगों की मौत हो गई जिससे इस वायरस से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3,070 पहुंच गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के अनुसार, इस वायरस के संक्रमण के 99 नए मामले सामने आये हैं। नए मामलों की संख्या इस वायरस के केंद्र रहे हुबेई प्रांत के बाहर दर्ज किए गए हैं। 25 नए मामले मध्य प्रांत के बाहर दर्ज किए गए हैं।
अमेरिका में सैन फ्रांसिस्को के तट पर खड़े क्रूज जहाज पर सवार 21 लोगों के कोरोनावायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने कहा कि जिन लोगों में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है उनमें से 19 चालक दल के सदस्य तथा दो यात्री हैं। पेंस ने बताया कि जहाज को इस सप्ताह के अंत तक एक गैर वाणिज्यिक डॉक तक लाया जाएगा और सभी 3,533 यात्रियों तथा चालक दल के सदस्यों की जांच की जाएगी। ग्रैंड प्रिंसेस नाम का यह जहाज बुधवार से सैन फ्रांसिस्को में फंसा है। इसमें सवार दो लोगों के कोरोना वायरस की चपेट में आने का पता चला था। इनमें से एक की बाद में मौत हो गई थी।
दुनियाभर में कोरोनावायरस का कहर बढ़ता ही जा रहा है। यह वायरस भारत समेत दुनिया के 96 देशों को अपनी चपेट में ले चुका है। इस वायरस से अब तक 3466 लोगों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार देर रात तक इससे संक्रमितों की संख्या एक लाख के पार पहुंच गई। वहीं, भारत में अब तक कोरोनावायरस के 34 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। कोरोना के खतरे से निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों ने भी कमर कस ली है।
आज प्रधानमंत्री से मिलेंगे हर्षवर्धन
देश में कोरोनावायरस के फैलते प्रभाव के मद्देनजर शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।