फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत में कोरोना LIVE: पहली बार एक दिन में तीन मौतें, 81 नए मामले, अब तक 396 संक्रमित

Mon, 23 Mar 2020 06:37 AM IST
आसिम खान न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

देश में गंभीर होते जा रहे कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते पहली बार एक दिन में तीन मौत हुई है। इसी के साथ देश में कोरोना के चलते मरने वाला का आंकड़ा सात पहुंच गया है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक रविवार दोपहर 2:30 बजे तक पूरे देश भर में कोविड-19 पॉजिटिव मरीजों की संख्या 396 हो गई है। यहां पढ़ें देश के ताजा हालात...
 
विज्ञापन
कई राज्यों में सरकारी बसें नहीं चलेंगी - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोरोना के चलते बिहार में मौत का पहला मामला सामने आने से लोग सकते में आ गए। कुछ दिन पहले ही कतर से लौटे 38 वर्षीय युवक को शनिवार रात ही पटना एम्स में भर्ती कराया गया था। वह डायबिटीज का मरीज था और उसकी किडनी भी खराब थी। 60 साल से कम उम्र में मौत का यह पहला मामला है। बिहार में अब तक कोरोना के संक्रमण का भी मामला नहीं आया था। 

विज्ञापन


इसके अलावा, रविवार को ही मुंबई में दूसरी मौत की भी खबर आई। मुंबई के कस्तूरबा गांधी अस्पताल में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हालांकि, उन्हें डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और दिल की बीमारी थी। गुजरात के सूरत में 67 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। वह अस्थमा के मरीज थे और दोनों किडनी फेल हो गई थीं। गुजरात में कोरोना से मौत का यह पहला मामला है। मरने वाले सात में से छह लोगों को डायबिटीज थी।

11 दिन में सात मौतें, दो दिन में 40 फीसदी नए केस

कोरोना से संक्रमण के चलते पहली मौत 11 मार्च को कर्नाटक में हुई थी। दूसरी मौत दिल्ली में 13 मार्च को हुई थी। तीसरी मौत महाराष्ट्र में 17 मार्च, चौथी मौत पंजाब में 19 मार्च और एक-एक मौतें बिहार, महाराष्ट्र और गुजरात में 22 मार्च को हुई। बीते दो दिन में 40 फीसदी नए केस सामने आए हैं।

महाराष्ट्र में सबसे गंभीर स्थिति, धारा 144 लागू

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस की स्थिति गंभीर हो गई है। अब तक यहां 63 मरीजों में कोरोनावायरस की पुष्टि हो चुकी है, जिनका राज्य के अलग-अलग हॉस्पिटल में इलाज जारी है। राज्य के सभी स्कूल-कॉलेज, जिम और स्वीमिंग पूल बंद कर दिए गए हैं। निजी कक्षाएं, परीक्षाएं टालने का भी आदेश दिया गया है। वहीं, महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा, मेरे पास अब महाराष्ट्र में धारा 144 लागू करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है। देश के बाहर की किसी भी फ्लाइट को मुंबई में लैंड करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

गुजरात में दो की मौत, एक कोरोना पॉजिटिव दूसरा मरीज संदिग्ध

गुजरात में एक 69 वर्ष के एक पुरुष की सूरत के एक अस्पताल में मौत हो गई। वहीं एक कोरोना संदिग्ध महिला की भी मौत हो गई है। हालांकि, महिला की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग की तरफ से यह जानकारी दी गई है।

संसद का बजट सत्र आज हो सकता है समाप्त

संसद का बजट सत्र सोमवार को दोनों सदनों में वित्त बिल पास करने के बाद खत्म हो सकता है। सूत्रों ने रविवार को बताया, कोरोना वायरस के मद्देनजर 23 मार्च को संसद सत्र अनिश्चित काल के लिए स्थगित करने की घोषणा हो सकती है। इससे पहले, बजट सत्र तीन अप्रैल को समाप्त होना था। टीएमसी समेत कई दलों ने कोरोना वायरस के खतरे और कई राज्यों में लॉकडाउन की घोषणा के बाद सोमवार को सत्र में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया था।  

सुप्रीम कोर्ट में आज सिर्फ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सुनवाई

कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई सीमित करने का फैसला किया है। इसके तहत अब केवल एक ही बेंच अति आवश्यक मामलों की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये करेगी। रविवार रात जारी सूचना के मुताबिक सोमवार को केवल सीजेआई एसए बोबडे और जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की बेंच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सुनवाई करेगी।

बंगाल में कोरोना संक्रमित की तादाद बढ़कर सात हुई

कोलकाता के बालीगंज इलाके में तीन और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के साथ ही मरीजों की तादाद बढ़ कर सात हो गई है। लंदन से एक युवक कोरोना वायरस के संक्रमण का शिकार होकर कोलकाता लौटा था। अब उसके माता-पिता के साथ घर में काम करने वाली नौकरानी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। रविवार को जांच रिपोर्ट आने पर संक्रमण की पुष्टि हुई। यानी एक ही परिवार के तीन लोग इसकी चपेट में आ गए हैं।

कहां कितने मामले

राज्य संक्रमितों की संख्या
महाराष्ट्र  63 (03 विदेशी)
केरल  52 (07 विदेशी)
दिल्ली 27 (01 विदेशी)
तेलंगाना 21 (11 विदेशी)
राजस्थान 24 (02 विदेशी)
हरियाणा 17 (14 विदेशी)
तमिलनाडु 06 (02 विदेशी)
कर्नाटक 20
पंजाब 13
लद्दाख 13
गुजरात 14
चंडीगढ़ 05
मध्यप्रदेश 04
जम्मू-कश्मीर 04
पश्चिम बंगाल 04
आंध्र प्रदेश 03
उत्तराखंड 03
ओडिशा 02
हिमाचल प्रदेश 02
छत्तीसगढ़ 01
पुडुचेरी 01

यहां पढ़ें 22 मार्च का अपडेट

Coronavirus in India Live Updates - फोटो : PTI
पंजाब में 21 हुई संक्रमित मरीजों की संख्या
  • शहीद भगत सिंह नगर के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी राजिंदर भाटिया ने कहा कि पंजाब में सात और लोग कोरोना वायरस संक्रमित पाए गए हैं। अब, राज्य में कुल 21 लोग से संक्रमित हैं। 
आईआईटी दिल्ली के अनुसंधानकर्ताओं ने किफायती जांच पद्धति विकसित की
  • आईआईटी दिल्ली के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के अनुसंधानकर्ताओं ने कोविड-19 संक्रमण की जांच के लिए एक तरीका विकसित किया है जो जांच की कीमत को काफी हद तक घटा कर इसे किफायती बना सकता है।
  • पुणे का राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी) क्लीनिकल नमूनों पर इस जांच को प्रमाणित करने की प्रक्रिया में है। प्रतिष्ठित संस्थान के कुसुमा स्कूल ऑफ बायोलॉजिकल साइंसेज के अनुसंधानकर्ताओं द्वारा विकसित “उपकरण मुक्त जांच” को संस्थान की अनुसंधान प्रयोगशालाओं में अनुकूल परिस्थितियों में परखा गया और संवेदनशीलता के लिए इसकी जांच की गई।
  • टीम के मुताबिक, जारी वैश्विक महामारी के पैमाने को देखते हुए स्वदेश विकसित जांच किट तैयार करना इस समय की जरूरत है।

असम में दोबारा हुई जांच में बच्ची में नहीं मिला संक्रमण
  • असम में साढ़े चार साल की बच्ची दूसरी बार हुई जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं पाई गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को यह जानकारी दी। इससे पहले हुई शुरुआती जांच में बच्ची में संक्रमण की बात सामने आई थी।
  • शर्मा ने जांच रिपोर्ट की प्रति संलग्न करते हुए ट्वीट किया, 'कोविड-19 की संदिग्ध चार की साल की बच्ची जिसका जोरहाट मेडिकल कॉलेज और डिब्रूगढ़ के आरएमआरसी में जांच की गई थी, वह संक्रमित नहीं पाई गई है। अब तक असम में किसी भी व्यक्ति में कोविड-19 की पुष्टि नहीं हुई है।'

‘जनता कर्फ्यू’ एक हफ्ते पहले ही लागू हो जाना चाहिए था : राउत
  • देश में रविवार को ‘जनता कर्फ्यू’ के बीच शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने कहा कि कोरोना वायरस के प्रसार पर लगाम लगाने के लिए ऐसा बंद एक सप्ताह पहले ही लागू हो जाना चाहिए था। एक क्षेत्रीय समाचार चैनल से बातचीत में राउत ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी का देश की अर्थव्यवस्था पर ‘गहरा असर’ होगा।
  • राउत ने कहा, ‘कर्फ्यू एक हफ्ते पहले ही लागू हो जाना चाहिए था। सरकार की अलग राय हो सकती है लेकिन यह मेरी निजी राय है कि बंद करने का फैसला पहले ही लिया जाना चाहिए था।’

31 मार्च तक सभी यात्री ट्रेन रद्द
  • कोरोना वायरस के चलते भारतीय रेलवे ने 31 मार्च तक सभी यात्री ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है।
  • रेलवे बोर्ड की बैठक में फैसला लिया गया है कि सभी मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेन 31 मार्च तक बंद रहेंगी।
  • न्यूनतम उपनगरीय रेल सेवाएं, कोलकाता मेट्रो 22 मार्च की आधी रात तक ही चलेंगी, इसके बाद सेवाएं 31 मार्च की आधी रात तक बंद रहेंगी।

मुंबई से हावड़ा पहुंचने पर 1,000 यात्रियों की जांच की गई
  • मुंबई से एक विशेष ट्रेन में करीब 1,000 यात्री रविवार सुबह हावड़ा पहुंचे और पश्चिम बंगाल सरकार के चिकित्सा अधिकारियों ने कोरोना वायरस के खतरे के चलते उनकी जांच की। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
  • पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के बीच रेलवे द्वारा महाराष्ट्र तथा अन्य राज्यों से हजारों यात्रियों को पश्चिम बंगाल लाए जाने पर गुस्सा जताया था और अंतरराज्यीय ट्रेनों पर फौरन रोक लगाने की मांग की थी।

कर्नाटक सरकार ने राज्य की सीमाएं बंद करने का फैसला किया
  • कर्नाटक सरकार ने कोविड-19 पर लगाम लगाने के लिए 10वीं कक्षा की परीक्षा समेत सभी परीक्षाएं टाल दी हैं और राज्य की सीमाओं को बंद करने का फैसला किया है।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए ‘जनता कर्फ्यू’ का आह्वान किए जाने से राजधानी समेत राज्य के अन्य हिस्सों में सड़कों पर वीरानी छाई रही।
  • मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री की ‘जनता कर्फ्यू’ अपील का समर्थन करने के लिए राज्य के लोगों की प्रशंसा की और उनका आभार जताया।

तृणमूल ने अपने सांसदों से संसद से वापस आने को कहा
  • तृणमूल कांग्रेस ने रविवार को घोषणा की कि उसने कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर अपने सभी सांसदों को संसद से लौटकर अपने निर्वाचन क्षेत्रों में वापस आने का निर्देश दिया है।
  • तृणमूल के नेता एवं राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ’ब्रायन ने दोनों सदनों के पीठासीन अधिकारियों को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि सदन की कार्यवाही 23 मार्च को पूरी कर दी जाए।
  • तृणमूल के लोकसभा में 22 और राज्यसभा में 13 सदस्य हैं।

बिहार में कोरोना पीड़ित व्यक्ति की किडनी फेल होने के कारण मौत, एक महिला संक्रमित
  • बिहार में कोरोना वायरस संक्रमित एक व्यक्ति की किडनी फेल होने के कारण रविवार को मौत हो गई। वह मुंगेर का रहने वाला था और कल पटना के एम्स में भर्ती कराया गया था।
  • व्यक्ति ने कतर की यात्रा की थी। पटना एम्स के डॉ प्रभात कुमार सिंह ने यहा जानकारी दी। वहीं एक महिला संक्रमित पाई गई है। पटना के एम्स में महिला का इलाज जारी है।
 

देश में 341 हुई कोरोना संक्रमितों की संख्या
  • भारत में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 341 हो गई है। आज 26 नए मामले सामने आए हैं। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की तरफ से यह जानकारी दी गई है।
महाराष्ट्र में संक्रमित मरीजों की संख्या 74 हुई
  • महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 74 (6 मुंबई और 4 पुणे) हो गई है। शनिवार शाम से अबतक 10 नए मामले सामने आए हैं। वहीं दो लोगों की मौत हो चुकी है।
मुंबई में कोरोना पीड़ित व्यक्ति की मौत, मधुमेह का था रोगी
  • मुंबई के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 63 साल के कोविड-19 के एक मरीज ने बीती रात बीमारी के चलते दम तोड़ दिया।
  • कोरोना वायरस के पॉजिटिव पाया गए रोगी को मधुमेह, उच्च रक्तचाप और इस्केमिक हृदय रोग जैसी बीमारियां थीं।
 

यहां पढ़ें 21 मार्च (शनिवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 20 मार्च (शुक्रवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 19 मार्च (गुरुवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 18 मार्च (बुधवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 11 से 17 मार्च तक के सभी अपडेट
विज्ञापन

भारत में 324 हुई संक्रमित मरीजों की संख्या
भारत में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 324 हो गई है। आज देश में आठ नए मामले सामने आए हैं। इनमें 283 भारतीय और 41 विदेशी शामिल हैं। वहीं, 24 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं जबकि चार लोगों की मौत हुई है।

इटली से भारत पहुंचे 263 भारतीय छात्र
इटली के रोम से उड़ान भरने वाले 263 भारतीय छात्रों को लेकर विशेष एयर इंडिया की उड़ान दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंच गई है।

जनता कर्फ्यू में पीएम मोदी द्वारा दिए गए दिशानिर्देशों का पालन करें: जेपी नड्डा
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज हमें एकजुट होकर कोविड-19 संक्रमण के खिलाफ एक बड़ी लड़ाई लड़ने की जरूरत है। 'जनता कर्फ्यू' लोगों के स्वास्थ्य के लिए लोगों द्वारा एक महत्वपूर्ण कदम है। मैं आप सभी से निवेदन करता हूं कि जनता कर्फ्यू के संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए दिशानिर्देशों का पालन करें।

इटली से भारत के लिए रवाना हुए 263 भारतीय
इटली में भारत का दूतावास ने कहा कि ईरान में फंसे 263 भारतीय छात्रों को रोम से लाने के लिए विशेष एयर इंडिया की उड़ान भारत के लिए रवाना हो गई है। 

असम कोरोना से पूरी तरह महफूज
असम के मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि चार साल का बच्चा जो कोविड 19 संदिग्ध था उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। असम में अभी तक कोई भी कोरोनो का पॉजिटिव केस नहीं है।

राजस्थान में 31 मार्च तक पूर्ण लॉकडाउन, केवल जरूरी सेवाओं को छूट
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को 31 मार्च तक के लिए आवश्यक सेवाओं को छोड़कर राज्य में पूर्ण लॉकडाउन का निर्देश दिया। कोरोना पर अंकुश पाने के लिए 22 मार्च से 31 मार्च तक जरूरी सेवाओं और मेडिकल सेवाओं को छोड़कर ‘पूर्ण लॉकडाउन’ होगा। गहलोत ने शीर्ष अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी कार्यालय, मॉल फैक्टरियां, सार्वजनिक परिवहन आदि इस दौरान बंद रहेंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें