देश में संक्रमण दर 20 फीसदी पार
देश में लगातार पांचवें दिन तीन लाख से ज्यादा कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर संक्रमण दर 20 फीसदी के पार निकल गई है। राहत की खबर यह है कि चार महानगरों दिल्ली, मुंबई, चेन्नई व कोलकाता में तीसरी लहर का पीक गुजर गया है। दिल्ली में 5,760 नए केस मिले। वहीं, 30 की मौत हो गई। संक्रमण दर 11.79 फीसदी रहा।
देश में एक दिन में 3,06,064 संक्रमित मिले हैं। इससे पहले रविवार को3.33 लाख मामले आए थे। दैनिक मामलों में 8.23 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, सक्रिय मामले बढ़ रहे हैं। 22,49,335 मरीजों का इलाज चल रहा है। यह कुल मामलों का 5.69 फीसदी है। संक्रमण दर 20.75 फीसदी हो गई। एनसीपी प्रमुख शरद पवार कोरोना संक्रमित हो गए हैं।
15 फरवरी के बाद कम होता दिखेगा संक्रमण
स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों का मानना है, कोरोना के दैनिक मामलों में कमी शुरू हो चुकी है। 15 फरवरी के बाद से राष्ट्रीय स्तर पर यह कमी दिखनी भी शुरू हो जाएगी। हालांकि, स्वास्थ्य विशेषज्ञ संक्रमण के आंकड़ों में उतार-चढ़ाव को शुभ संकेत नहीं मान रहे हैं। उनका कहना है, जितने लंबे समय तक लहर टिकेगी, इसकी वापसी की आशंका उतनी ही कम होगी।
ओमिक्रॉन का नया रूप, 21 संक्रमितों में 6 बच्चे
मध्य प्रदेश के इंदौर में ओमिक्रॉन स्वरूप के उप-वंश बीए.2 के 21 केस मिले हैं। इनमें छह बच्चे हैं। छह मरीजों के फेफड़ों की क्षमता में एक प्रतिशत से 50 प्रतिशत तक की कमी देखी गई है, इनमें से तीन मरीज अस्पताल में हैं।