देश ने कोरोना महामारी के खिलाफ जारी जंग में शुक्रवार को एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। अब तक लोगों को कोरोना टीकों की 50 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ट्वीट कर कहा कि सबका टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
देश ने 203 दिनों में लोगों को 50 करोड़ खुराक देने की उपलब्धि हासिल की है। टीकाकरण अभियान इसी साल 16 जनवरी से शुरू हुआ था। अब तक रोज औसत 24 लाख खुराक दी गई। अभी देश में तीन कोरोना टीकों को मंजूरी मिली है। ऐस्ट्राजेनेका और सीरम इंस्टीट्यूट के कोविशील्ड, आईसीएमआर और भारत बायोटेक के कोवॉक्सिन के अलावा रूसी वैक्सीन स्पूतनिक वी के टीके को भी आपातकालीन मंजूरी दी गई है।
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने ट्वीट किया, 'कोरोना से लड़ाई में भारत ने प्राप्त की ऐतिहासिक उपलब्धि, देश ने टीकाकरण में 50 करोड़ के आंकड़े को पार किया। सभी को बधाई एवं स्वास्थ्यकर्मियों का धन्यवाद।'
पीएम ने ट्वीट कर यह कहा-
पीएम मोदी ने ट्वीट किया, 'कोरोना के खिलाफ भारत की जंग को तेज गति मिली है। टीकाकरण की संख्या 50 करोड़ के पार चली गई है। हम इन आंकड़ों को बढ़ाते रहने की उम्मीद करते हैं और 'सबको वैक्सीन मुफ्त वैक्सीन आंदोलन' के तहत सभी नागरिकों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा।'