देश में हर वर्ग ने कुछ इस तरह 'उजाले का पर्व' मनाया।
- फोटो : Social Media
देश में हर वर्ग ने 'उजाले का पर्व' अपने-अपने ढंग से मनाया। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने दीये जलाने के शीघ्र बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह एक छोटा सा कार्य देश की एकजुटता का एक बड़ा संदेश लिये हुए हैं। हालांकि, कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस नेता एवं राज्य सभा सदस्य डेरेक ओ ब्रायन ने आज रात एक मिनट का एक वीडियो जारी कर सरकार से पार्टी की नौ मांगों का उल्लेख किया। वीडियो में एक अंधेरे वाली पृष्ठभूमि में एक मोमबत्ती जलती हुई दिख रही है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित देश के विभिन्न राज्यों में बड़ी संख्या में लोगों ने रात नौ बजे नौ मिनट के लिए दीये, मोमबत्ती, मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट जलाई। महाराष्ट्र में राकांपा प्रमुख शरद पवार, गायिका लता मंगेशकर, महानायक अमिताभ बच्चन और कई अन्य अभिनेता-अभिनेत्रियों सहित बॉलीवुड हस्तियों ने भी प्रधानमंत्री की अपील पर ऐसा किया।
बता दें कि यह दूसरा मौका है जब मोदी ने जारी ‘लॉकडाउन’ के दौरान इस वैश्विक महामारी के खिलाफ लोगों को एकजुट करने की कोशिश की। लॉकडाउन से ठीक पहले 22 मार्च को ‘‘जनता कर्फ्यू ’’के दौरान भी लोगों ने प्रधानमंत्री की अपील पर ताली, थाली, और घंटी आदि बजा कर कोरोना वायरस संकट का मुकाबला कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों का उत्साह बढ़ाया था।