अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में कोरोना जांच के लिए बनी लैब में सोमवार को 6 और पॉजिटिव मिले। इनमें पांच गौतमबुद्धनगर जबकि एक बुलंदशहर का है। वहीं, केजीएमयू में दो सैंपल पॉजिटिव मिले। इनमें एक 34 वर्षीय बरेली और 17 वर्षीय युवक आगरा का है। बरेली में युवक भी सीजफायर कंपनी के लंदन से आए ऑडिटर से ही संक्रमित हुआ। ब्यूरो
गौतमबुद्ध नगर में 6 और...यूपी में अब तक 96 मरीज
तमाम एहतियाती कदमों के बावजूद यूपी में कोरोना मरीजों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। सोमवार को छह नए मिले मरीजों के साथ गौतमबुद्धनगर में 37 मरीज हो गए। यूपी के स्वास्थ्य सचिव एएम प्रसाद ने बताया, प्रदेश में अब तक मिले कुल 96 मरीजों में से 14 पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।
कोरोना महामारी के बीच इन दिनों सोशल मीडिया पर फर्जी संदेशों की बाढ़ आई हुई है। आजकल प्रसारित हो रहे ऐसे ही एक संदेश जिसमें कहा जा रहा है कि सरकार मध्य अप्रैल से आपातकाल लगा सकती है। इस संदेश को सेना ने फर्जी बताया है। सैन्य अधिकारियों ने यह भी बताया कि सेना कोरोना वायरस से लड़ने के लिए सेवानिवृत्त जवानों, एनसीसी या अन्य स्वयंसेवियों को तैयार करने का कोई प्रयास नहीं कर रही।
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ी
देश में कोरोना संक्रमण की चपेट में आने वालों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। सोमवार को 92 नए मरीजों के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 1200 के करीब पहुंच गई। बीते 24 घंटे में चार और मरीजों ने दम तोड़ दिया। इसके साथ मृतकों की संख्या 29 हो गई है।
वहीं, 100 मरीज इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा, सतर्कता जरूरी है। ऐसे वक्त में अफवाह फैलाने के बजाय जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। देश में अब तक मिले पॉजिटिव मरीजों में 49 विदेशी हैं।