सूफी संत ख्वाजा मुइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह के आसपास इलाका अब कोरोना का हॉट स्पॉट बनकर उभरा है। बुधवार तक बीते 24 घंटे के भीतर दरगाह के आसपास के 11 से 15 घरों में रह रहे 79 लोग संक्रमित पाए गए हैं। जिले में 28 मार्च को कोरोना पॉजिटिव का पहला मामला सामने आया था और 22 अप्रैल की दोपहर तक यह संख्या बढ़कर 103 हो गई।
कुछ दिन पहले तक शहर में मरीजों की संख्या 10 से कम थी। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि सभी 79 प्रवासी मजदूर हैं, जो घनी आबादी वाली इलाके रामगंज में किराये के मकानों में रहते हैं। कोरोना के मामलों में अचानक बढ़ोतरी के बाद जिला प्रशासन ने टेस्टिंग बढ़ाने का फैसला किया है।
इस बीच, राजस्थान में बृहस्पतिवार को 47 नए मामलों के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1935 हो गई। नए मामलों में 20 जोधपुर, 12 जयपुर और 10 नागौर में रिपोर्ट हुए। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में अब तक 27 लोगों की कोरोना से मृत्यु हो चुकी है।
आंध्र में कोरोना के 80 नए मामले रिपोर्ट हुए
आंध्र प्रदेश में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 80 नए मामले सामने आए। इसके बाद राज्य में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 893 पहुंच गया। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि प्रदेश में अब तक 27 लोग जान गंवा चुके हैं। इस बीच, लॉकडाउन के चलते गुजरात में फंसे राज्य के मछुआरों के मुद्दे पर आंध्र के सीएम जगनमोहन रेड्डी ने गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी से बातचीत की।
बिहार में 4 नए केस, संख्या हुई 147
बिहार के मुंगेर में चार नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमित 147 हो गए। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि मुंगेर के जमालपुर में चार ने मरीजों में तीन महिलाएं हैं। सभी एक संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए थे। जमालपुर में पिछले एक सप्ताह में एक दर्जन से अधिक मामले रिपोर्ट हुए हैं।
केरल : मंत्रियों के वेतन में कटौती
मंत्रियों, विधायकों और अन्य प्रतिनिधियों की सैलरी में कटौती का फैसला किया गया है। अगले एक साल तक मंत्री, विधायक, सरकारी बोर्ड के मेंबर, सदस्य के वेतन में 30 फीसदी की कटौती होगी। 5 महीने तक सरकारी कर्मचारियों की 6 दिन की सैलरी का पैसा कटेगा, जो मुख्यमंत्री राहत कोष में जाएगा। हालांकि, 20 हजार रुपये से कम वेतन वालों को छूट दी गई है।