धारावी साल 1884 में ब्रिटिश काल में बसाई गई थी। इस बस्ती में फैक्टरी और दूसरी जगहों पर काम करने वाले मजदूर रहते थे। यहां पर बाहर से आने वाले लोगों को आसानी से झोपड़ी में छत नसीब हो जाती है इसलिए यहां लोग बड़ी संख्या में रहते हैं।
करीब 520 एकड़ में फैले धारावी में 10 लाख से अधिक लोग रहते हैं। धारावी के सघन होने की वजह से यहां पर पहले भी महामारी फैलने का इतिहास रहा है। 1896 में जब प्लेग का साया देश और विदेश पर पड़ा था तो इसने धारावी सहित मुंबई की आधी आबादी को लील लिया था।