देश में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान जारी है। अब तक 16,25,13,339 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। बता दें कि 1 मई से कोविड टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू हो चुका है। इसमें 18 साल से ऊपर के लोगों को कोविड का टीका लगाया जा रहा है। हालांकि, अभी यह सभी राज्यों में शुरू नहीं हुआ है।
महाराष्ट्र के बाद अब कर्नाटक में सर्वाधिक मामले सामने आ रहे हैं। बुधवार को कर्नाटक में करीब 50 हजार मामले सामने आए जिनमें से अकेले बंगलूरू में ही 25 हजार के करीब केस सामने आए। बुधवार को महाराष्ट्र में 920, यूपी में 357. कर्नाटक में 346, पंजाब में 186, हरियाणा में 181, तमिलनाडु में 167 मौतें हुईं।
महाराष्ट्र में 57 से अधिक मामले
महाराष्ट्र में कोरोना का कहर लगातार जारी है। सूबे में संक्रमण के मामले और कोरोना से होने वाली मौत के आंकड़े थमते नजर नहीं आ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार राज्य में बीते 24 घंटे में कोरोना के 57,640 मामले सामने आए हैं और 920 लोगों की जान चली गई। वहीं राजधानी मुंबई की बात करें तो यहां बीते 24 घंटे में कोरोना के 3,879 मामले सामने आए और 77 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 3,686 लोग स्वस्थ भी हुए।
कर्नाटक में 50 हजार से अधिक मामले
वहीं कर्नाटक में बुधवार को पहली बार कोरोना संक्रमण के 50 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। राजधानी बंगलूरू में ही 23 हजार से ज्यादा मरीज दर्ज किए गए हैं। राज्य में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 50,112 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा इसी अवधि में 26,841 मरीज ठीक हुए हैं और 346 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब कोरोना कुल मामलों की संख्या 17 लाख 41 हजार 46 हो गई है। इनमें से चार लाख 87 हजार 288 सक्रिय मामले हैं।