पहली बार देश में कोरोना संक्रमण से मृत्युदर में गिरावट आई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, मृत्युदर 2.5 फीसदी से कम दर्ज की गई है। शनिवार तक 26,816 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमित मरीजों की संख्या 10.77 लाख से भी अधिक है।
मंत्रालय ने रविवार को बताया, कोरोना से होने वाली मौतों की दर 2.49 फीसदी रिकॉर्ड की गई है। मंत्रालय के अनुसार 29 प्रदेश ऐसे हैं जहां मृत्युदर राष्ट्रीय औसत से कम है। इनमें से पांच राज्यों में मृत्युदर शून्य है। 14 राज्यों में एक फीसदी से भी कम है। मंत्रालय का कहना है कि संक्रमित मरीजों को बेहतर उपचार दिलाने में राज्य कामयाब हो रहे हैं। इसी वजह से हर दिन मृत्युदर में गिरावट आ रही है।
मंत्रालय के अनुसार, मणिपुर, नगालैंड, सिक्किम, मिजोरम और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में एक भी मौत नहीं हुई है। लद्दाख 0.09, त्रिपुरा 0.19,असम 0.23, दादरा और नगर हवेली 0.33, केरल 0.34, छत्तीसगढ़ 0.46, अरुणाचल 0.46, मेघालय 0.48, ओडिशा 0.51, गोवा 0.60, हिमाचल प्रदेश 0.75, बिहार 0.83, झारखंड 0.86, तेलंगाना 0.93 और उत्तराखंड में मृत्युदर 1.22 फीसदी दर्ज की गई है। इनके अलावा आंध्र 1.31, हरियाणा 1.35, तमिलनाडु 1.45, पुदुचेरी 1.48, चंडीगढ़ 1.71, जम्मू कश्मीर 1.79, राजस्थान 1.94, कर्नाटक 2.08 और यूपी में मृत्युदर 2.36 फीसदी है।