महाराष्ट्र में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ता जा रहा है। बताया जा रहा है कि पुणे जिले में रविवार को सात लोगों में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई। अधिकारी ने बताया कि इनमें एक महिला भी शामिल है, जो नाइजीरिया से अपनी दो बेटियों के साथ आई थी। वह पिंपरी चिंचवाड़ इलाके में रहने वाले अपने भाई से मिलने आई थी। उन्होंने बताया कि उनके भाई और उनकी दो बेटियों में भी वैरिएंट की पुष्टि हुई है। वहीं, एक अन्य मामला पुणे के एक व्यक्ति का है जो पिछले महीने के अंतिम सप्ताह में फिनलैंड से लौटा था।
सबसे पहले ठाणे में आया था केस
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के पुष्ट मामलों की कुल संख्या अब आठ हो गई है। इससे पहले ठाणे जिले के एक 33 वर्षीय व्यक्ति में कोरोना वायरस का ओमिक्रॉन वैरिएंट पाया गया था। उसका मुंबई से लगभग 50 किमी दूर स्थित कल्याण शहर में एक कोरोना देखभाल केंद्र में इलाज चल रहा है। डोंबिवली कस्बे का निवासी युवक 23 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका से दिल्ली आया था और उसके बाद वह फ्लाइट से मुंबई पहुंचा था।
राजस्थान और दिल्ली में भी ओमिक्रॉन की एंट्री
इससे पहले रविवार को दिल्ली और राजस्थान में भी कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के मामले सामने आए हैं। दिल्ली में मिला संक्रमित मरीज तंजानिया से लौटा था। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने इसकी जानकारी दी है। वहीं, राजस्थान में संक्रमित मिले चार लोग दक्षिण अफ्रीका से लौटे थे। अन्य पांच उनके संपर्क में आने के बाद संक्रमित हुए।
देश में अब तक 21 केस
देश में अब तक कर्नाटक, गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली और राजस्थान में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के 21 मामले सामने आए हैं। राजस्थान में नौ, महाराष्ट्र में आठ, कर्नाटक में दो, गुजरात और दिल्ली में एक-एक ओमिक्रॉन संक्रमित की पहचान हुई है।