देश से कोरोना का असर खत्म नहीं हुआ है, बल्कि कुछ इलाकों में यह फिर सिर उठा रहा है। असम में संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद राज्य सरकार ने सात जिलों में सात जुलाई यानी बुधवार से अगली सूचना तक पूर्ण लॉकडाउन घोषित किया है।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकारी द्वारा मंगलवार को जारी आदेश में कहा गया है कि सातों जिलों में लॉकडाउन 7 जुलाई बुधवार को सुबह 5 बजे से लागू होगा। यह आगामी आदेश तक लागू रहेगा।
इन जिलों में रहेगा लॉकडाउन, 24 घंटे कर्फ्यू
गोलपारा, गोलाघाट, जोरहाट, लखीमपुर, सोनितपुर, विश्वनाथ और मोरीगांव में पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान 24 घंटे कर्फ्यू लागू रहेगा। व्यावसायिक प्रतिष्ठान, रेस्तरां, दुकानें बंद रहेंगी।
अंतरराज्यीय परिवहन पर प्रतिबंध रहेगा
सार्वजनिक और निजी परिवहन पर प्रतिबंध लागू रहेगा। अंतरराज्यीय आवागमन पर भी रोक लगा दी गई है। असम में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार को राज्य में कोरोना के 2,640 मामले सामने आए थे। 31 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में अब तक कोरोना के 5,19,834 मामले सामने आए हैं। वहीं 4,683 की मौत हो गई है।
गोलाघाट में 333 तो सोनितपुर में 233 नए केस
राज्य के गोलाघाट जिले में सबसे अधिक 333 नए मामले तो सोनितपुर में 233 नए केस मिले हैं। कामरूप मेट्रोपॉलिटन में 197 और जोरहाट में 151 मामले सामने आए। डिब्रूगढ़ में कोरोना से पांच, गोलाघाट में चार, जोरहाट और सोनितपुर में तीन-तीन, कछार, धुबरी, हैलाकांडी और होजई में दो-दो और चराइदेव, चिरांग, करीमगंज, कोकराझार, मोरीगांव, नलबाड़ी, शिवसागर और तिनसुकिया जिले में एक-एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। राज्य में अब कोरोना के 22,243 सक्रिय मामले हो गए हैं। जबकि 4,91,561 मरीज संक्रमण से उबर चुके हैं। 85 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण हो चुका है।