टीम में कोरोना के मामले सामने आने के बाद इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ वन-डे सीरीज के लिए नई 18 सदस्यीय टीम का एलान किया है। इस टीम में नौ अनकैप्ड खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। वहीं, बेन स्टोक्स को कप्तान बनाया गया है। पाकिस्तान के खिलाफ वन-डे सीरीज शुरू होने से पहले इंग्लिश टीम के तीन क्रिकेटरों सहित सात सदस्य कोरोना से संक्रमित हो गए। इंग्लिश टीम के खिलाड़ियों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि खुद इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने की है। ईसीबी के अनुसार, संक्रमित खिलाड़ी और स्टाफ सदस्यों को पृथकवास में भेज दिया गया है। उनके संपर्क में आए बाकी खिलाड़ियों और सदस्यों को 10 दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया गया है। ईसीबी के मुख्य कार्यकारी टॉम हैरिसन ने कहा, 'हम वायरस के डेल्टा प्रकार के होने वाले खतरे से अवगत है। बायो बबल में ढिलाई देने से इसके संक्रमण के फैलने का खतरा है।'
इसके बाद बोर्ड को नई टीम का एलान करना पड़ा। बता दें कि इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीन मैचों की वन-डे सीरीज की शुरुआत 8 जुलाई से होगी। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के सात खिलाड़ी ऐसे वक्त कोरोना संक्रमित हुए हैं जब पाकिस्तान के खिलाफ वन-डे सीरीज की शुरुआत होने में सिर्फ दो दिन बाकी हैं। इंग्लैंड दौरे पर पहुंची पाकिस्तान की टीम मेजबानों के खिलाफ तीन वन-डे और इतने ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेलेगी। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला आठ जुलाई को कार्डिफ में खेला जाएगा। दूसरा व तीसरा वनडे क्रमशः 10 जुलाई (लॉर्ड्स में) और 13 जुलाई (बर्मिंघम) को होगा। इसके बाद 16 जुलाई से दोनों टीमों के टी-20 सीरीज खेली जाएगी। इसके लिए टीम का एलान होना बाकी है।
पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड की नई टीम:
बेन स्टोक्स (कप्तान), जैक बॉल, डैनी ब्रिग्स, ब्रिडोन कार्स, जैक क्रॉली, बेन डकेट, लुईस ग्रेगोरी, टॉम हेल्म, विल जैक्स, डेन लॉरेंस, साकिब महमूद, डेविड मलान, क्रेग ऑवर्टन, मैट पार्किंसन, डेविड पेयने, फिल साल्ट, जॉन सिम्पसन, जेम्स विंस।