देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या जिस रफ्तार से घट रही है उससे लग रहा है कि कुछ ही दिनों में देश से कोरोना महामारी की समाप्ति हो जाएगी। इसके अलावा मृतकों की संख्या में भारी कमी आ गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी सोमवार के आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटों में कोरोना के केवल 1270 नए मामले सामने आए हैं।
इस दौरान 31 लोगों की मौत हो गई और 1567 लोग स्वस्थ भी हुए। सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि देश में अब केवल 15,859 सक्रिय मामले ही बचे हैं। सक्रिय मामलों में भारी कमी का मतलब है कि कोरोना संक्रमित मरीज तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। वहीं महामारी की शुरुआत से अब तक स्वस्थ होने वाले कुल मरीजों की संख्या 4.24 करोड़ (4,24,83,829) हो गई है।
- कुल मामले: 4,30,20,723
- सक्रिय मामले: 15,859
- कुल रिकवरी: 4,24,83,829
- कुल मौतें: 5,21,035
- कुल वैक्सीनेशन: 1,83,26,35,673
दिल्ली में बीते 24 घंटों में कोरोना के 71 नए मामले
दिल्ली में बीते 24 घंटों में कोरोना के 71 नए मामले सामने आए हैं और एक मरीज की मौत हो गई। वहीं संक्रमण दर 0.31 फीसदी दर्ज की गई। यह जानकारी दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मिली है। दिल्ली में कोरोना मामलों के दैनिक मामलों में गिरावट के बीच, पिछले कुछ हफ्तों में क्वारंटीन होने वाले मरीजों की संख्या में भी कमी आई है।
महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के 140 नए मामले आए सामने, एक की मौत
महाराष्ट्र में बीते 24 घंटों में कोरोना के 140 नए मामले सामने आए हैं और एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं इस दौरान 106 लोग कोरोना मुक्त भी हुए। राज्य में अभी भी 926 सक्रिय मामले हैं। वहीं मुंबई की बात करें तो बीते 24 घंटों में कोरोना के 43 नए मामले सामने आए हैं और एक की मौत हो गई।
टीके के बाद किशोरों के संक्रमित होने की जानकारी नहीं : सरकार
देश में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए अब तक जहां पहली खुराक का टीकाकरण 95 फीसदी पार चला गया है। वहीं, दूसरी खुराक का टीकाकरण भी लगभग 86 फीसदी तक पहुंचा है। हाल ही में 12 से 14 और 15 से 17 वर्ष की आयु के बच्चे और किशोरों का टीकाकरण भी शुरू हुआ। ऐसे में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि अभी तक टीका लगने के बाद किशोरों के संक्रमित होने की जानकारी उपलब्ध नहीं है।
भारत में चौथी लहर के संकेत नहीं, 1270 नए मामले आए
एक ओर दुनिया के कुछ देशों में कोरोना संक्रमण के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं, जिसे लेकर भारत में चौथी लहर की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि अब तक देश में महामारी की किसी नई लहर को लेकर संकेत दिखाई नहीं दे रहे हैं।
स्थिति यह है कि बीते एक दिन में 1270 नए मामले सामने आए हैं। मंत्रालय के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि संक्रमण की निगरानी को लेकर इन्साकॉग की टीम काम कर रही है। अब तक अलग-अलग हवाईअड्डों से लिए गए सैंपल के जरिये किसी नए म्यूटेशन या फिर वेरिएंट के बारे में पता नहीं चला है।