अफगानिस्तान से भारत पहुंचे लोग।
- फोटो : @MEA
अफगानिस्तान से मंगलवार को भारत पहुंचे 78 यात्रियों को क्वारंटीन सेंटर भेजा गया है। ये सभी यात्री दिल्ली के चावला कैंप में क्वारंटीन रहेंगे। आईटीबीपी की ओर से इन्हें जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इससे पहले सुबह खबर आई थी कि 78 यात्रियों में 16 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है, लेकिन अब आईटीबीपी ने इसका खंडन किया है।
केंद्रीय मंत्री के संपर्क में आने की थी खबर
सुबह खबर आई थी कि जिन 16 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है, उनमें तीन अफगानी सिख भी थे। इनके संपर्क में केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी भी आए थे, लेकिन शाम तक आईटीबीपी की ओर से जारी बयान ने सभी को राहत की सांस लेने का मौका दिया है।
एयरपोर्ट पर ही हो रही कोरोना जांच
कोरोना संक्रमण को देखते हुए भारत सरकार, अफगानिस्तान से आ रहे लोगों की कोरोना जांच करा रही है। एयरपोर्ट पर ही उनकी जांच की जा रही है। मंगलवार को भारत पहुंचे 78 यात्रियों में 25 भारतीय नागरिक भी थे।
अब तक 626 लोगों को निकाला गया
तालिबान पर कब्जे के बाद अफगानिस्तान के हालात बिगड़ते जा रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से अफगानिस्तान के हालात बहुत ही नाजुक हैं, जिसके बाद सभी देश अपने-अपने नागरिकों को बाहर निकाल रहे हैं। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने बताया कि अफगानिस्तान से अब तक 228 भारतीय नागरिकों सहित 626 लोगों को बाहर निकाला गया है। इसमें 77 अफगानी सिख भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 626 लोगों में भारतीय दूतावास के लोग शामिल नहीं हैं।