यूपी के मथुरा शहर में व्हाट्सएप ग्रुप पर धर्म को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से एक समुदाय के लोग भड़क गए। भीड़ ने पहले खारीकुआं पर जाम लगाया, इसके बाद कोतवाली घेर ली। काफी देर हंगामा होने के चलते आसपास का बाजार बंद हो गया।
आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने पर ही लोग माने। पुलिस ने ग्रुप पर भेजे गए मैसेज का अध्ययन करने के बाद कार्रवाई की बात कही है। देर शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। घटनाक्रम सोमवार शाम का है। बताया गया है कि मथुरा के खारीकुआं इलाके में एक व्हाट्सएप ग्रुप पर पैगंबरे इस्लाम के संबंध में पोस्ट की गई थी। एक समुदाय के लोगों ने इस पर आपत्ति जताई और हंगामा शुरू हो गया।
आरोप है कि खारीकुआं क्षेत्र में ही दुकान करने वाले बंटी नाम के युवक ने यह मैसेज पोस्ट किया था। इस पर कार्रवाई की मांग गूंजने लगी और हंगामे के चलते बाजार बंद हो गया। समुदाय के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर थाना कोतवाली पहुंचे और उसे घेर लिया। लोगों का कहना था कि जब तक पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं करेगी वह यहां से नहीं हटेंगे।