प्रियंका गांधी भेज रहीं पत्र
उत्तर प्रदेश में लगभग छह महीने बाद ही विधानसभा चुनाव घोषित होने वाले हैं। यहां भी कांग्रेस कोरोना के मुद्दे पर बेहद प्रभावी तरीके से सामने आई है। इस दौरान उसने न केवल योगी आदित्यनाथ सरकार पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है, बल्कि समय-समय पर उसने सरकार को सलाह भी दी है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष विश्व विजय सिंह ने अमर उजाला से कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा प्रदेश के सभी नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों, पंचायत सदस्यों को पत्र लिखकर उनकी कोरोना से लड़ाई में सहभागिता की बात कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य बिलकुल भी राजनीतिक नहीं है। प्रियंका गांधी के पत्र में कहीं भी राजनीतिक मुद्दा नहीं उठाया जा रहा है, वे उनसे केवल यही अपील कर रही हैं कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते इस विषय की गंभीरता को समझते हुए अपने लोगों का बचाव करें, उन्हें वैक्सीन लगवाएं और उन्हें कोरोना की तीसरी लहर से बचाएं।
कोरोना के कमजोर पड़ते ही सरकार के काम ढीले पड़ गये हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश कांग्रेस वर्किंग कमेटी अभी भी पूरी शिद्दत से लोगों की सेवा में जुटी है। अभी 21 जून को ही कांग्रेस ने 30 हजार सैनिटाइजर गोरखपुर, संत कबीर नगर, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर और अन्य अआस्पास के क्षेत्रों में भेजे हैं। कांग्रेस केवल सामान ही नहीं भेज रही है, बल्कि अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से उनका छिड़काव भी करवा रही है। यह साबित करता है कि कांग्रेस इस मुद्दे पर जनता के बीच बेहद गंभीरता से जुटी हुई है।
कोरोना योद्धाओं का सम्मान
यूपीसीसी कार्यकर्ताओं ने न केवल सेवा की, बल्कि उन लोगों का सम्मान भी किया है जिन्होंने इस कोरोना काल में अपना जीवन दांव पर लगाकर लोगों की जान बचाने में भूमिका निभाई है। ऐसे कोरोना योद्धाओं को भी प्रियंका गांधी की तरफ से पत्र भेजकर उनके कार्य की सराहना की जा रही है। पार्टी के ये काम जनता के बीच उसके लिए सहानुभूति पैदा करने का काम कर रहे हैं।
भाजपा भी तैयार
भाजपा नेता संबित पात्रा ने राहुल गांधी के सवाल को बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित बताया है। उन्होंने स्वयं ही कुछ सवालों का जवाब देते हुए आरोप लगाया है कि कोरोना का सबसे बड़ा खतरा कांग्रेस शासित राज्यों में ही उभरा। उनका आरोप था कि कांग्रेस ने हर कदम पर कोरोना के मामले में भ्रम फैलाने की कोशिश की, जिससे इसके प्रति लोगों में गलतफहमी पैदा हुई। उन्होंने कहा कि आज जब देश ने एक दिन में सबसे ज्यादा कोरोना वैक्सीन लगाने का रिकॉर्ड बनाया है, कांग्रेस को इसमें भी राजनीति नजर आ रही है। कोरोना पर कांग्रेस और भाजपा के इन जवाबी हमलों और विपक्ष की तैयारियों ने यह साफ़ कर दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में बड़ा मुद्दा बनकर उभरेगा।