Congress: कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने दिल्ली में गुजरात के नेताओं के साथ बैठक कर राज्य इकाई के पुनर्गठन और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में 'संगठन सृजन अभियान' के बाद जिला, ब्लॉक और तालुका स्तर पर संगठन विस्तार और जमीनी स्तर पर नेताओं को सशक्त बनाने पर चर्चा हुई। पढ़ें रिपोर्ट
कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने गुरुवार को गुजरात के पार्टी नेताओं के साथ दिल्ली में बैठक की। यह बैठक पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई। बैठक में पार्टी के नेता राहुल गांधी भी मौजूद थे। बैठक में कांग्रेस की गुजरात इकाई के पुनर्गठन की समीक्षा की गई।
विज्ञापन
इस समीक्षा बैठक में गुजरात में होने वाले आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। बैठक में एआईसीसी के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने गुजरात में कांग्रेस इकाई के विस्तार की समीक्षा की और कहा कि स्थानीय नेताओं को जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने की योजना बनानी चाहिए।
गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने कहा कि 'संगठन सृजन अभियान' के बाद राज्य में जिला कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। इसके बाद ब्लॉक और तालुका स्तर पर पार्टी संगठन के विस्तार की समीक्षा शीर्ष नेताओं ने की।
विज्ञापन
गुजरात वह पहला राज्य था, जहां 'संगठन सृजन अभियान' शुरू किया गया। इस अभियान के तहत जमीनी स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करने के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति की गई। इसका मकसद जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना और जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्षों को सशक्त बनाना शामिल है।
चावड़ा ने कहा कि गुजरात में 'जन आक्रोश यात्रा' के माध्यम से किसानों, युवाओं को रोजगार और अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति (एससी-एसटी) तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से जुड़े मुद्दों को उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठक में जनता की आवाज को आगे बढ़ाने के पार्टी के संकल्प पर भी चर्चा और समीक्षा की गई।