भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस के आंदोलन को महात्मा गांधी का अपमान करार देते हुए कहा कि राष्ट्रपिता ने सामाजिक मुद्दों के लिए सत्याग्रह का आयोजन किया था जबकि कांग्रेस निजी कारणों से तथाकथित सत्याग्रह कर रही है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के संकल्प सत्याग्रह को लेकर कांग्रेस की आलोचना की और आरोप लगाया कि वह इसलिए राहुल गांधी पर अदालत के फैसले के खिलाफ आंदोलन कर रही है, ताकि देश के पूरे पिछड़े समुदाय के खिलाफ उनकी टिप्पणी को सही ठहराया जा सके।
विज्ञापन
'कांग्रेस का आंदोलन महात्मा गांधी का अपमान, निजी कारणों से कर रही सत्याग्रह'
भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस के आंदोलन को महात्मा गांधी का अपमान करार देते हुए कहा कि राष्ट्रपिता ने सामाजिक मुद्दों के लिए सत्याग्रह का आयोजन किया था जबकि कांग्रेस निजी कारणों से तथाकथित सत्याग्रह कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मानहानि के एक मामले में गांधी को दोषी ठहराए जाने और अदालत के फैसले के परिणामस्वरूप लोकसभा सांसद के रूप में उन्हें अयोग्य करार दिए जाने के बाद कांग्रेस का आंदोलन उसके अहंकार का खुल्लमखुल्ला प्रदर्शन है। उन्होंने कहा कि आंदोलन का सच्चाई के लिए लड़ने से कोई लेना-देना नहीं है।
'अयोग्य ठहराया जाना कानून के तहत स्वत: परिणाम, फिर सत्याग्रह किसलिए?'
भाजपा नेता ने कहा कि गांधी को सूरत की एक अदालत ने उचित कानूनी प्रक्रिया के बाद दोषी ठहराया और लोकसभा सांसद के रूप में उन्हें अयोग्य ठहराया जाना संबंधित कानून के तहत स्वत: परिणाम है। भाजपा नेता ने पूछा, फिर सत्याग्रह किस बात के लिए है? उन्होंने कांग्रेस से स्पष्टीकरण देने को कहा कि जिस तरह से आपने देश के पूरे पिछड़े समुदाय का अपमान किया, क्या उसे सही ठहराने के लिए है, या उस अदालत के खिलाफ जिसने आपको सजा सुनाई है, या उस प्रावधान के खिलाफ जिसके तहत आपको अयोग्य ठहराया गया है।
यह जिक्र करते हुए कि 1984 के सिख विरोधी दंगों में कथित तौर पर शामिल कुछ कांग्रेस नेता भी पार्टी के आंदोलन में भाग ले रहे हैं, भाजपा नेता ने विपक्षी दल से यह स्पष्ट करने को कहा कि क्या राजघाट में महात्मा गांधी के समाधि स्थल पर आयोजित उनका सत्याग्रह भी 'अहिंसा' के खिलाफ था।