गोवा में विपक्षी दल कांग्रेस ने रविवार को भाजपा नीत राज्य सरकार के उस दावे को चुनौती दी कि सभी ग्राम पंचायत इलाके खुले में शौचमुक्त हो गए हैं।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष दिगंबर कामत ने कहा सरकार ने खुले में शौचमुक्त होने का दर्जा पाने के लिए तथ्यों और आंकड़ों में हेरफेर कर झूठी तस्वीर पेश की।
उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन के लिये मशहूर गोवा की छवि प्रभावित होगी। पंचायत मंत्री मॉविन गोडिन्हो ने कहा था कि सभी 180 पंचायतें आधिकारिक रूप से खुले में शौचमुक्त घोषित की जा चुकी हैं।
कामत ने गोडिन्हो के इस दावे को चुनौती दी कि सरकार ने इन इलाकों में सामूहिक शौचालयों समेत पर्याप्त संख्या में शौचालय बनाए हैं।
उन्होंने कहा कि विधानसभा को मुहैया कराई गई जानकारी दर्शाती है कि बड़ी संख्या में घरों में शौचालय की सुविधा का अभाव है।