कांग्रेस ने 2024 लोकसभा चुनाव को फर्जी वोटर लिस्ट के आधार पर अवैध करार देते हुए रद्द करने की मांग की है। पार्टी ने चुनाव आयोग पर भाजपा से मिलीभगत का आरोप लगाया और पूछा कि राहुल गांधी को नोटिस देने वाले आयोग ने अनुराग ठाकुर पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की।
मतदाता सूची में फर्जी वोटर के आरोपों को लेकर चल रहे विवाद ने देशभर की राजनीति को गर्म कर रखा है। इसी बीच कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर एक बार फिर बड़ा हमला बोला है। पार्टी का कहना है कि यह चुनाव फर्जी मतदाता सूची के आधार पर कराए गए थे, इसलिए इन्हें नकली और अवैध घोषित किया जाना चाहिए। पार्टी ने चुनाव आयोग (ईसीआई) पर भाजपा के साथ साठगांठ का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि अगर विपक्षी नेता राहुल गांधी को उनके बयान पर चुनाव आयोग ने तुरंत नोटिस भेजा था, तो भाजपा नेता अनुराग ठाकुर को अब तक नोटिस क्यों नहीं भेजा गया?
कांग्रेस नेता ने किया पलटवार
अनुराग ठाकुर के जवाब में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रवक्ता पवन खेड़ा ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बिना तथ्य और बिना सही जांच के ये आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि जिन नामों को भाजपा ने फर्जी कहा, वे असल में केरल की पारंपरिक नाम प्रणाली के तहत आम हैं और वोटर लिस्ट में दर्ज लोग असली हैं।