पार्टी को प्रेरणा मिलेगी और मजबूत होगी : सोनिया
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में पार्टी को प्रेरणा मिलेगी और पार्टी लगातार मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि मैं बहुत खुश हूं। सबसे अधिक संतोष इस बात का है कि आपने अपने-अपने विवेक से जिन्हें अध्यक्ष चुना है, वह एक अनुभवी नेता हैं, धरती से जुड़े हुए हैं, अपनी मेहनत व समर्पण से एक साधारण कार्यकर्ता से इस ऊंचाई तक पहुंचे हैं। सच कहूं तो मैं राहत महसूस कर रही हूं।
आपने इतने वर्षों तक जो प्यार, सम्मान दिया है, यह मेरे लिए गौरव की बात है। मुझे इसका अहसास जीवन की आखिरी सांस तक रहेगा। उन्होंने कहा कि यह सम्मान बहुत बड़ी जिम्मेदारी भी थी। अपनी योग्यता और क्षमता के अनुसार जितना बन पड़ा, उतना किया। इस दायित्व से मुक्त हो जाऊंगी और यह भार मेरे सिर से उतर जाएगा और इसलिए राहत महसूस कर रही हूं। अब यह जिम्मेदारी खरगे के ऊपर आ गई है।
नई सीडब्ल्यूसी अगले साल मार्च-अप्रैल के बाद
कांग्रेस के संविधान के तहत संचालन समिति का गठन किया गया है जो अब कांग्रेस कार्यसमिति की जगह लेगी। यह समिति नई सीडब्ल्यूसी के गठन तक काम करती रहेगी। इसका गठन अगले साल मार्च-अप्रैल में होने वाले पार्टी के पूर्ण सत्र में खरगे के निर्वाचन की पुष्टि के बाद होगी। सीडब्ल्यूसी के सदस्यों का चुनाव भी कराया जाएगा।
पीएल पुनिया, राजीव शुक्ला, सलमान खुर्शीद भी शामिल
नवगठित संचालन समिति में खरगे, सोनिया, प्रियंका, राहुल और मनमोहन सिंह के अलावा एके एंटनी, अंबिका सोनी, आनंद शर्मा, केसी वेणुगोपाल, रणदीप सुरजेवाला, दिग्विजय सिंह, अभिषेक मनु सिंघवी, अजय माकन, हरीश रावत, जयराम रमेश, केसी वेणुगोपल, मीरा कुमार, पीएल पुनिया, राजीव शुक्ला, प्रमोद तिवारी, सलमान खुर्शीद भी शामिल किया गया है।
नई समिति से पांच-छह प्रभारियों की छुट्टी तय
नई समिति में सीडब्ल्यूसी के ज्यादातर सदस्यों को शामिल किया गया है। सीडब्ल्यूसी के सभी सदस्यों, महासचिवों और प्रभारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया ताकि नए अध्यक्ष अपनी पसंद से नई टीम चुन सकें। सूत्रों की मानें तो पांच से छह प्रभारियों की छुट्टी तय मानी जा रही है।
12 सदस्यों का होगा चुनाव
सीडब्ल्यूसी के कुल स्थायी सदस्यों में कांग्रेस अध्यक्ष समिति का भी प्रमुख होता है। दूसरा पदेन सदस्य संसदीय दल का नेता होता है। ऐसे में खरगे के साथ सोनिया गांधी का नाम भी तय है। शेष 23 में 12 पर चुनाव होना है,पार्टी संविधान के मुताबिक शेष 11 सदस्यों को नामित करने का अधिकार अध्यक्ष को है।