कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक देश, एक चुनाव को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने अपने एजेंडे को पूरा करने के लिए इस विषय पर समिति बनाई।
कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को पार्टी नेताओं से व्यक्तिगत मतभेदों को किनारे रखकर पार्टी की सफलता को प्राथमिकता देने की अपील की है। उन्होंने अपने नेताओं से अनुशासन एवं एकजुटता का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें ऐसा कुछ भी नहीं करना चाहिए, जिससे पार्टी को नुकसान हो।
विज्ञापन
खरगे ने पार्टी की कार्यसमिति बैठक में कांग्रेस के नेताओं से आगामी चुनाव के लिए तैयार रहने की अपील करते हुए कहा कि देश में बदलाव के संकेत है। हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक के विधानसभा चुनाव का प्रमाण इस बात का सबूत है।
मोदी सरकार पर निशाना साधा
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक देश, एक चुनाव को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने अपने एजेंडे को पूरा करने के लिए इस विषय पर समिति बनाई, जिसकी अध्यक्षता पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को सौंपी गई। उन्होंने बताया कि अगले दो से तीन महीने में पांच राज्यों में चुनाव होने वाला है, वहीं लोकसभा चुनाव छह महीने दूर है।
विज्ञापन
संगठनात्मक एकता भी जरूरी: खरगे
खरगे ने अपनी पार्टी के लोगों से जम्मु कश्मीर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तैयार रहने के लिए कहा। उन्होंने कहा, 'संगठनात्मक एकता भी बहुत जरूरी है। इसी से हम अपने विरोधियों को हरा सकते हैं। इसका उदाहरण कर्नाटक में देख सकते हैं, जहां हम एकसाथ होकर ही विरोधियों के खिलाफ जीत हासिल करने में कामयाब हुए।' पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगे कहा, 'अभी हमारे लिए आराम करने का समय नहीं है। पिछले दस सालों में भाजपा के राज में आम लोगों के सामने चुनौतियां दो गुना बढ़ गई है। पीएम किसानों, गरीबों, मजदूरों और महिलाओं के बारे में बात करना नहीं चाहती है।
उन्होंने पार्टी नेताओं से कहा कि केंद्र की ‘तानाशाह सरकार’ को सत्ता से हटाने के लिए पूरी ताकत झोंकनी होगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार जनता के मूलभूत मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए, नए-नए मसले लाकर ध्यान भटकाने की राजनीति करती है।