कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सियासत तेज होती जा रही है। जैसे-जैसे नामांकन करने की अंतिम तारीख नजदीक आ रही है, नए-नए उम्मीदवार सामने आ रहे हैं। इस बीच खबर है कि कांग्रेस कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल और वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने नामांकन पत्र लिया है। खबर है कि थरूर 30 सितंबर को नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं, वहीं पवन बसंल के बारे में अभी स्थिति साफ नहीं हुई है।
राजस्थान सीएम को लेकर सियासत तेज
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को कांग्रेस हाईकमान नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाना चाहता था। इसके लिए गहलोत की जगह किसी दूसरे को राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाना था। नए नेता के चुनाव के लिए सोनिया गांधी ने वरिष्ठ नेता अजय माकन और मल्लिकार्जुन खड़गे को पर्यवेक्षक बनाकर रविवार को राजस्थान भेजा। रविवार शाम कांग्रेस विधायक दल की बैठक होनी थी। इसमें पर्यवेक्षक एक-एक करके सारे विधायकों से मिलने वाले थे। बैठक से पहले अशोक गहलोत खेमे के विधायकों ने बागी रूख अख्तियार कर लिया।
विधायक दल की बैठक की बजाय गहलोत समर्थक विधायक मंत्री शांति धारीवाल के घर पहुंच गए। इसके बाद सभी विधायकों ने स्पीकार से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया। हालांकि, ये इस्तीफा अभी तक स्पीकर ने मंजूर नहीं किया है। ये विधायक सचिन पायलट या उनके खेमे से किसी को मुख्यमंत्री नहीं बनने देना चाहते हैं। इन विधायकों की संख्या 82 बताई जा रही है।