राहुल गांधी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा तलब किए जाने से नाराज कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भी जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस पर पार्टी मुख्यालय में जमकर घुसने और नेताओं के साथ धक्कामुक्की करने और मारपीट करने का आरोप लगाया।
आरोप गलत, कार्यकर्ताओं ने शांति भंग की : दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस ने आरोपों को पूरी तरह से गलत करार दिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हमने उन्हें जुलूस निकालने से रोकने के लिए पार्टी मुख्यालय का गेट बंद करने की कोशिश की थी। इस प्रक्रिया में कुछ धक्कामुक्की हो सकती है। उन्होंने कहा कि हम उनसे कह रहे थे कि किसी भी तरह के जुलूस की अनुमति नहीं है। लेकिन ये लोग नहीं माने और शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश कर रहे थे।
महात्मा गांधी की कांग्रेस से बौनी हो गई राहुल की कांग्रेस : भाजपा
भारतीय जनता पार्टी ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा तलब किए जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा तीन दिन से जारी प्रदर्शन, हिंसा एवं आगजनी की घटनाओं पर गहरा खेद व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की बात है कि महात्मा गांधी के दौर से राहुल गांधी तक आते-आते कांग्रेस कितनी बौनी हो गई है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, स्वतंत्रता संग्राम के दौरान जब महात्मा गांधी ने असहयोग आंदोलन प्रारंभ किया और उन्हें लगा कि हिंसा, आगजनी की कुछ घटनाएं हुईं। तब उन्होंने कहा कि यद्यपि हमारा इससे कोई भी संबंध नहीं है, तब भी हम अपने आंदोलन को समाप्त करते हैं। लेकिन यहां भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए आंदोलन, प्रदर्शन एवं हिंसा हो रही है। उन्होंने कहा कि यह विषय संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान 1 नवंबर 2012 को प्रारंभ हुआ। इस विषय का सरकार की किसी भी एजेंसी द्वारा कार्रवाई नहीं हुई, हाईकोर्ट के निर्देश के आधार पर कार्रवाई हुई और हाईकोर्ट के निर्देश पर ही उन्हें जमानत लेनी पड़ी।
राहुल से ईडी के सवालों के ‘लीक’ होने पर कांग्रेस का केंद्र सरकार को नोटिस
कांग्रेस ने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से ईडी के सवालों के मीडिया में ‘लीक’ होने पर केंद्र सरकार को कानूनी नोटिस भेजा है। इसमें आरोप लगाया गया है कि ईडी के सवालों का राहुल किस तरह से सामना कर रहे हैं, मीडिया को इस बारे में गलत सूचना दी जा रही है। नोटिस में न्यूज चैनलों की तीन रिपोर्टों का भी हवाला दिया गया है।
अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा अध्यक्ष को लिखा खत कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर दावा किया कि उनकी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष व लोकसभा सांसद राहुल गांधी के साथ ‘अमानवीय व्यवहार’ किया जा रहा है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से इस मामले में दखल देने की अपील की है।