धोती में विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायक राम किशोर दोगने
- फोटो : PTI
मध्य प्रदेश में अपने चुनाव क्षेत्र के लिए पानी देने की मांग को लेकर अनूठा तरीका अपनाते हुए हरदा से कांग्रेस विधायक राम किशोर दोगने बुधवार को बिना कमीज के कमर के नीचे केवल धोती पहनकर विधानसभा पहुंच गए।
सदन में इस तरह पहुंचने पर सत्ता पक्ष ने जोरदार विरोध किया तो माहौल गरमा गया, हंगामे के बीच कार्यवाही लगातार बाधित होने पर स्पीकर को सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
हरदा से कांग्रेस विधायक राम किशोर दोगने ने अपने क्षेत्र के लिए तवा डैम से पानी छोड़ने की मांग करते हुए सदन में शून्य काल के दौरान केवल धोती पहन कर प्रवेश किया। लेकिन उनके इस तरह पहुंचने पर सत्ता पक्ष ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए विरोध किया।