फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेकेदातु बांध पर छिड़ी जुबानी जंग: तमिलनाडु कांग्रेस के विरोध पर डीके शिवकुमार बोले- उन्हें तथ्य पता नहीं

Sat, 14 Nov 2026 01:10 PM IST
अमन मौर्या एएनआई, चेन्नई, तमिलनाडु

सार

कर्नाटक के सीएम डीके शिवकुमार द्वारा मेकेदातु बांध निर्माण रोके जाने की बात खारिज करने पर तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष माणिकम टैगोर ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने इसे किसानों की आजीविका के खिलाफ बताया है। तमिलनाडु के विरोध के बाद सीएम डीके शिवकुमार ने पलटवार किया है।
विज्ञापन
डीके शिवकुमार,मुख्यमंत्री, कर्नाटक - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कावेरी नदी पर प्रस्तावित मेकेदातु बांध परियोजना को लेकर कर्नाटक और तमिलनाडु के बीच विवाद एक बार फिर तेज हो गया है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के इस बयान पर कि मेकेदातु में बांध का निर्माण कोई नहीं रोक सकता, तमिलनाडु कांग्रेस समिति (टीएनसीसी) के अध्यक्ष माणिकम टैगोर ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने इस बयान की निंदा करते हुए कहा कि बांध का निर्माण न केवल अवैध है, बल्कि इससे तमिलनाडु के किसानों की आजीविका पर भी गंभीर असर पड़ेगा। इस पर सीएम डीके शिवकुमार ने पलटवार करते हुए कहा कि अपने राज्य की रक्षा करना मणिक्कम टैगोर का कर्तव्य है, लेकिन उन्हें असल तथ्यों की जानकारी नहीं है। अगर वे अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ कर्नाटक आते हैं तो मैं उन्हें बांध वाली जगह पर ले जाऊंगा और दिखाऊंगा कि यह उनके ही हित में है।
विज्ञापन


माणिकम टैगोर ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए शिवकुमार के बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में मैसूरु में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह टिप्पणी की थी कि मेकेदातु में बांध का निर्माण कोई नहीं रोक सकता और केंद्र सरकार को इसके लिए अंतिम मंजूरी देनी चाहिए। टैगोर ने आरोप लगाया कि शिवकुमार का यह रुख सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और कावेरी जल विवाद न्यायाधिकरण के अंतिम फैसले का खुला उल्लंघन है।

संघीय व्यवस्था के सिद्धांतों के खिलाफ है बयान: टैगोर
माणिकम टैगोर ने कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री लगातार अड़ियल रुख अपना रहे हैं। उनका यह बयान संघीय व्यवस्था के सिद्धांतों के खिलाफ है और तमिलनाडु के किसानों की आजीविका को नुकसान पहुंचाने वाला है। उन्होंने इसे पूरी तरह अस्वीकार्य बताया। टैगोर ने कहा कि कावेरी जल बंटवारे की व्यवस्था में तमिलनाडु निचले तटवर्ती क्षेत्र (लोअर रिपेरियन स्टेट) में आता है। ऐसे में कर्नाटक एकतरफा तरीके से ऐसी कोई परियोजना लागू नहीं कर सकता, जिससे तमिलनाडु के जल अधिकार प्रभावित हों।
विज्ञापन


उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि तमिलनाडु सहित नदी के निचले प्रवाह वाले राज्यों से पूरी बातचीत और उनकी सहमति के बिना मेकेदातु बांध परियोजना को मंजूरी न दी जाए।

तमिलनाडु सरकार परियोजना को कभी मंजूरी नहीं देगी
टैगोर ने कहा कि तमिलनाडु की सहमति के बिना मेकेदातु परियोजना को मंजूरी देना न केवल गैरकानूनी होगा, बल्कि इससे डेल्टा जिलों के किसानों का जीवन भी बुरी तरह प्रभावित होगा।

उन्होंने कहा, 'यह केंद्र की मोदी सरकार की जिम्मेदारी है कि वह कर्नाटक को मेकेदातु में एक ईंट तक लगाने से रोके। तमिलनाडु कांग्रेस की ओर से हम इस परियोजना को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। अपने राज्य के अधिकारों की रक्षा के लिए हम किसी भी हद तक संघर्ष करेंगे।' टैगोर ने यह भी बताया कि वह शनिवार को तंजावुर जा रहे हैं, जहां इस मुद्दे पर विस्तार से अपनी बात रखेंगे।

सीएम डीके शिवकुमार क्या बोले?
'मेकेदातु में बांध के निर्माण को कोई नहीं रोक सकता', इस बयान की निंदा करने वाले तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के ट्वीट पर सीएम डीके शिवकुमार ने कहा, 'अपने राज्य की रक्षा करना मणिक्कम टैगोर का कर्तव्य है, लेकिन उन्हें असल तथ्यों की जानकारी नहीं है। अगर वे अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ कर्नाटक आते हैं तो मैं उन्हें बांध वाली जगह पर ले जाऊंगा और दिखाऊंगा कि यह उनके ही हित में है। सुप्रीम कोर्ट ने साफ तौर पर कहा है कि आपको 177 TMC पानी छोड़ना होगा। इससे उन्हें क्या दिक्कत है? कोई दिक्कत नहीं है। वे इसे सिर्फ राजनीतिक नजरिए से देख रहे हैं। यह सुप्रीम कोर्ट का आदेश है और इसका सम्मान करना ही होगा। प्रधानमंत्री से हमारी बस इतनी ही गुजारिश है कि हमें वन विभाग को बदले में जमीन देनी है; उन्हें बस मंजूरी देनी होगी। इसके अलावा यह हमारी जमीन है, हमारा अधिकार है और उन्हें 177 TMC पानी मिलना ही है। वे मांगें, हम उन्हें पानी देने के लिए बाध्य हैं। इससे कर्नाटक के मुकाबले तमिलनाडु को ज्यादा फायदा होगा।'
 

डीके शिवकुमार ने केंद्र से क्या मांग की थी?
दरअसल, यह विवाद डीके शिवकुमार के उस बयान के बाद सामने आया, जिसमें उन्होंने मेकेदातु संतुलन जलाशय परियोजना के लिए जरूरी मंजूरियां हासिल करने में केंद्र सरकार से मदद मांगी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में मैसूरु में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिवकुमार ने कहा था, " 'सुप्रीम कोर्ट ने हम सभी के लिए स्पष्ट फैसला दिया है कि मेकेदातु का निर्माण कर्नाटक में होना है और इसे कोई नहीं रोक सकता। हम चाहते हैं कि आप कानूनी तरीके से हमारी मदद करें।'
 

उन्होंने आगे कहा कि परियोजना के लिए अंतिम निर्णय केंद्र सरकार को लेना है और वन संबंधी मंजूरियां मिल चुकी हैं। यह एक महत्वपूर्ण संतुलन जलाशय परियोजना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार उनका सहयोग करेगी और सभी मिलकर इस परियोजना पर काम करेंगे।

क्या है मेकेदातु बांध परियोजना?
मेकेदातु परियोजना कर्नाटक में कावेरी नदी पर प्रस्तावित एक संतुलन जलाशय परियोजना है। इसे लेकर कर्नाटक और तमिलनाडु के बीच लंबे समय से विवाद जारी है। कर्नाटक इस परियोजना को आगे बढ़ाना चाहता है, जबकि तमिलनाडु को आशंका है कि इससे कावेरी नदी के पानी पर उसके अधिकार और किसानों की जरूरतें प्रभावित हो सकती हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें