मोदी सरकार के 'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। भाजपा जहां इस अभियान के जोर-शोर से प्रचार में जुट गई है, तो कांग्रेस ने इस कार्यक्रम से दूरी बना ली है। इस पर तरह-तरह के सवाल भी खड़े होने लगे हैं। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाने वालों को द्रेशद्रोही संगठन का बताया है।
बाइक रैली में नहीं शामिल हुआ विपक्षी सांसद
हर घर तिरंगा अभियान को लेकर बुधवार को भाजपा की ओर से बाइक रैली निकाली गई थी। इस रैली में सरकार के कई बड़े मंत्री भी शामिल हुए। लेकिन रैली को लेकर सियासत उस समय तेज हो गई जब इसमें विपक्ष का कोई नेता शामिल नहीं हुआ। इस पर केंद्र सरकार का कहना है कि हमने आह्वान किया था कि इस रैली में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के सांसद शामिल हों, लेकिन विपक्ष का एक भी नेता शामिल नहीं हुआ। सरकार ने कहा कि तिरंगा पूरे देश का है इसलिए इसमें राजनीति करना कहां तक सही है।