राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की सफलता को देखते हुए तेलंगाना में कांग्रेस विधायक दल के नेता भट्टी विक्रमार्क ने लोगों से जुड़ने के लिए पदयात्रा (पीपुल्स मार्च) शुरू की है। भट्टी ने अपनी यात्रा 16 मार्च को शुरू की थी और अब तक यह यात्रा 1100 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर चुकी है और इस महीने की 24 तारीख को भट्टी सड़क पर चलते हुए 100 दिन पूरे कर लेंगे।
भट्टी विक्रमार्क की यात्रा में कई राज्य के कांग्रेसी नेता शामिल हुए और उनके साथ चले। इस पदयात्रा के दौरान बड़े पैमाने पर सार्वजनिक बैठकें आयोजित की गई जिसमें दावा किया गया है कि हर एक सभा में एक लाख से ज्यादा लोग उपस्थित रहे। यात्रा आदिलाबाद के पिपरी गांव से शुरू होकर तेलंगाना राज्य में 15 जिलों, 33 निर्वाचन क्षेत्रों और लगभग 800 गांवों से होकर गुजरी है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पहली सभा के मुख्य अतिथि थे, हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दूसरी बैठक में भाग लिया। पैदल चल रहे भट्टी हजारों लोगों से मिल रहे हैं और उनकी बातें सुन रहे हैं, जिनमें आदिवासी, दलित, अल्पसंख्यक, किसान, बेरोजगार युवा, कोयला खदान के कारीगर, बुनकर, छात्र आदि शामिल हैं।
भट्टी ने अपनी पदयात्रा के दौरान मनचेरियल में श्रीपदा येलमपल्ली परियोजना का दौरा किया और रामागुंडम, धर्मपुरी, हुजुराबाद, हुस्नाबाद, वर्धनपेटा निर्वाचन क्षेत्रों का भी दौरा किया जहां मौसम के कारण फसलों को भारी नुकसान हुआ है, वहां उन्होंने किसानों को सांत्वना दी। साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय के छात्रों के निमंत्रण पर काकतीय विश्वविद्यालय का दौरा किया और उनके साथ बातचीत की।
वहीं कांग्रेस नेता भट्टी अपनी यात्रा के दौरान तेलंगाना में बीआरएस सरकार पर खूब निशाना साध रहे हैं। तेलंगाना कांग्रेस के प्रभारी माणिक राव ठाकरे सहित कई कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि भट्टी की यात्रा तेलंगाना में कांग्रेस की जीत का मार्ग प्रशस्त करेगी।