अभिषेक मनु सिंघवी और जायरा वसीम
- फोटो : PTI/Facebook
आमिर खान की फिल्म दंगल से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री जायरा वसीम के इस्लाम के नाम पर एक्टिंग छोड़ने के बाद से बहस जारी है। कुछ लोग जायरा के कदम को ठीक बता रहे हैं तो कुछ इसे गलत करार दे रहे हैं। इस मामले पर अब कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी का बयान भी आया है। उन्होंने जायरा के इस फैसले की आलोचना करते हुए इसपर सवाल उठाया है।
सिंघवी ने ट्वीट कर कहा है, "हलाला जायज और एक्टिंग हराम, क्या ऐसे तरक्की करेगा हिंदुस्तान का मुसलमान?" बता दें जायरा के एक्टिंग छोड़ने के ऐलान के बाद से कुछ लोगों ने ये भी कहा है कि उन्होंने ये फैसला दबाव में आकर लिया है।
सिंघवी ने एक अन्य ट्वीट में कहा है कि अगर जायरा के तर्क को स्वीकार कर लिया जाए तो आमिर खान, शाहरुख खान, सलमान खान, एआर रहमान, जावेद अख्तर और कई अन्य का क्या होगा।
गौरतलब है कि जायरा ने अपने इस फैसले की घोषणा इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए की थी। जिसमें उन्होंने लिखा था कि पांच साल पहले लिए गए फैसले ने कैसे उनका जीवन बदल दिया। उन्हें शोहरत और लोगों का प्यार मिला।
जायरा ने लिखा था, "मैं भले यहां फिट हो रही हूं लेकिन मैं यहां की नहीं हूं। मुझे ये मेरे ईमान से दूर कर रहा है।" जायरा ने सोशल मीडिया पर छह पेज की चिट्ठी में कुरान का भी जिक्र किया है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि ये रास्ता उन्हें अल्लाह से दूर कर रहा है।