उत्तराखंड संकट के अनुभवों के बाद कांग्रेस आलाकमान हिमाचल प्रदेश के मामले में कोई चूक नहीं करना चाहती। फिलहाल हिमाचल सरकार का संकट टल गया है। बजट के दौरान सरकार गिराने की कोशिशें विफल हो गईं और बजट पारित हो गया।
इससे सबक लेकर आलाकमान खतरा भांपकर पूर्व तैयारी के प्रयासों में जुट गया है। आलाकमान ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखबिंदर सिंह सुक्खू समेत तमाम प्रमुख नेताओं के साथ मैराथन मंथन का निर्णय लिया है। ढीले पेंच कसने के क्रम में कुछ मंत्री बदले जा सकते हैं।
संगठन के कुछ महत्वपूर्ण पदों पर भी बदलाव के संकेत हैं। दिल्ली में शनिवार को होने वाली अहम बैठक में कांग्रेस महासचिव और हिमाचल की प्रभारी अंबिका सोनी संगठन पर रिपोर्ट लेंगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और प्रदेश अध्यक्ष के अलावा मंत्री कौल सिंह ठाकुर, विद्या स्टोक्स, मुकेश अग्निहोत्री और जीएस बाली को भी बुलाया गया है। अग्निहोत्री
दिल्ली पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री और कौल सिंह ठाकुर शनिवार सुबह दिल्ली पहुंचेंगे।