एक अनौपचारिक बातचीत में राज बब्बर ने कहा, हमारी पार्टी को जहां भी मजबूत प्रत्याशी मिलेगा, उसे वहीं से चुनाव लड़वाएंगे। क्या वे खुद भी चुनाव लड़ना चाहते हैं, इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, हां ऐसी मेरी इच्छा है। बाकी पार्टी जो कहेगी, वे वैसा ही करेंगे।
यूपी में महागठबंधन केवल राजनीतिक दलों का विचार नहीं है, बल्कि यह जनता की इच्छा है कि भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस, सपा और बसपा को साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहिए। अन्य कोई दूसरा दल भी आना चाहे तो उसका स्वागत है। संसद सत्र खत्म होने के बाद बैठक होगी, जिसमें गठबंधन से लेकर सीटों की स्थिति पर विचार होगा।
अगले माह होने वाले वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में पाकिस्तान को न्यौता देने के सवाल पर बब्बर ने कहा, ये वही पीएम हैं जो बॉर्डर पर जवानों के सिर काटे जाने के मामले में कहा करते थे कि कमजोरी यहां नहीं, दिल्ली में है। अब वही मोदी यह सब कर रहे हैं। जनता सब समझ रही है। तीन-चार माह की बात है, इसके बाद मोदी को अहसास हो जाएगा कि जनता को धोखा देने वाला कभी बचता नहीं है।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह पर बनी फिल्म को लेकर जो तरह-तरह की बयानबाजी सामने आ रही है, उस बाबत उन्होंने कहा, ये ट्रेलर है। ट्रेलर किस लिए होता है, पब्लिसिटी लेने के लिए होता है। वह फिल्म को जोरदार तरीके से मिल रही है।