कांग्रेस ने शनिवार को पांच नए राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति कर दी। ये सभी पार्टी महासचिव और कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला के साथ संबद्ध होंगे। इसके साथ ही कर्नाटक के लिए राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) का भी गठन किया गया है। सुरजेवाला इस पीएसी के संयोजक होंगे।
पार्टी के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने डी श्रीधर बाबू, पीसी विष्णुनाथ, रोजी एम जॉन,मयूर जयकुमार और अभिषेक दत्त को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का सचिव नियुक्त किया। राज्य में अगले साल के मध्य में विधानसभा चुना होना है।
उधर, कांग्रेस ने कुलदीप राय शर्मा और रमिंदर सिंह आवला को एआईसीसी के सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त किया है। कांग्रेस ने कर्नाटक के लिए जिस पीएसी का गठन किया है उसमें सुरजेवाला के अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डी के शिवकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
भाजपा सरकार में गब्बर टैक्स की लूट और बेरोजगारी की सुनामी : राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तंज कसते हुए शनिवार को ट्वीट किया कि प्रधानमंत्री ने कहा, 133 करोड़ भारतीय हर बाधा से कह रहे हैं, दम है तो हमें रोको। भाजपा राज में एलपीजी कीमतें 157 प्रतिशत बढ़ीं, रिकॉर्ड तोड़ महंगा पेट्रोल, गब्बर टैक्स की लूट और बेरोजगारी की सुनामी आई है। असल में जनता पीएम से कह रही है कि आपकी बनाई इन बाधाओं ने दम निकाल दिया है, अब रुक जाओ।
प्रधानमंत्री जी युवाओं की बात सुनिए, नियुक्ति दीजिए : प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी नागपुर से दिल्ली के लिए पैदल निकले युवाओं का समर्थन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नियुक्ति देने की मांग की है। प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री जी क्या इन युवाओं की मेहनत और संघर्ष का कोई मोल नहीं है? इनकी बात सुनिए, नियुक्ति दीजिए। उन्होंने कहा कि एसएससी-जीडी 2018 भर्ती में नियुक्ति के लिए सत्याग्रह कर रहे युवाओं के पैरों में छाले पड़ चुके हैं लेकिन, भाजपा राज में सरकारी भर्तियों पर ताले लग चुके हैं।