जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन बिल पर लोकसभा में चर्चा के दौरान कांग्रेस उस समय बुरी तरह फंस गई जब संसदीय दल के नेता अधीर रंजन चौधरी ने अनुच्छेद 370 पर संयुक्त राष्ट्र का जिक्र कर दिया।इसके जवाब में शाह ने कांग्रेस को घेरते हुए सवाल पूछा, "इस मामले पर कांग्रेस को अपना रुख साफ करना चाहिए, कांग्रेस बताएं कि क्या कश्मीर को संयुक्त राष्ट्र मॉनिटर करे।"
जब अधीर रंजन बोल रहे थे तो उनके बगल में यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी बैठी थीं और उस दौरान उनका रिएक्शन ऐसा रहा कि जैसे वह भी इस बयान से चौंक गई हों। सूत्रों की मानें तो अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा में जो पक्ष रखा है उससे सोनिया गांधी नाराज हैं।
अपने बयान पर विवाद होता देख अधीर रंजन ने कहा, "इस संसद में साल 1994 में हमने एक प्रस्ताव अपनाया था कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को वापस लेना है। इसे हमारे देश के दायरे में लाना होगा। अब जम्मू-कश्मीर का विभाजन हो गया है, तो पीओके की स्थिति क्या होगी?"