खादी के नाम पर नकली मास्क बेचने और सोशल मीडिया पर उसके विज्ञापन के मामले को गंभीरता से लेते हुए खादी ग्राम उद्योग आयोग ने सोमवार को चंडीगढ़ निवासी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। चंडीगढ़ के एसएसपी को दी शिकायत में आयोग ने कहा है कि खुशबू नाम की महिला गैरकानूनी तरीके से मास्क को खादी का बताकर बेच रही थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाले मास्क पर खादी का लोगो और ‘मेक इन इंडिया’ व ‘वोकल फॉर लोकल’ छपे होने से महिला झूठा भ्रम फैला रही थी कि उसकी वेबसाइट को खादी उत्पाद बेचने के लिए अधिकृत किया गया है। खादी ग्राम उद्योग आयोग के चेयरमैन विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि हम खादी के नाम का दुरुपयोग करने वाले किसी व्यक्ति को नहीं बख्शेंगे।