कर्नाटक में मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के इस्तीफे की घोषणा के बाद एक समर्थक इतना भावुक हो गया कि उसने अपनी जान दे डाली। चामराजनगर जिले के गुंडलुपेट तालुक के 30 वर्ष के रजप्पा (रवि) ने येदियुरप्पा के इस्तीफे से दुखी होकर आत्महत्या कर ली। दरअसल, लंबे वक्त से येदियुरप्पा के इस्तीफे की अटकलें लगाई जा रही थी। सोमवार को भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने पर येदियुरप्पा ने अपना इस्तीफा दे दिया। इस दौरान येदियुरप्पा और उनके समर्थक काफी भावुक हुए ।
इस घटना पर बीएस येदियुरप्पा ने दुख जताया। येदियुरप्पा ने ट्वीट किया "राजनीति में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि कोई अपनी जिंदगी खत्म कर ले। कोई भी परिवार इस तरह की क्षति बर्दाश्त नहीं कर सकता"। उन्होंने आगे लिखा कि मैं हाथ जोड़कर अपील करता हूं कि सम्मान देने के लिए हद से आगे नहीं जाना चाहिए। मैं रवि के परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं। येदियुरप्पा ने सोमवार को राज्यपाल थावरचंद गहलोत को अपना इस्तीफा सौंप दिया। वहीं राजभवन की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया कि येदियुरप्पा वैकल्पिक व्यवस्था होने तक मुख्यमंत्री के तौर पर कार्य करते रहेंगे।
येदियुरप्पा ने लोगों को दिया भरोसा
इस्तीफे की घोषणा के दौरान येदियुरप्पा अपने आप को रोक नहीं पाए। थोड़ी देर के लिए वह भावुक हो गए। हालांकि, कुछ सेकेंड बाद ही उन्होंने कहा कि वह राज्य के लोगों के लिए आगे भी काम करते रहेंगे, वह कई चुनौतियों से होकर गुजरे हैं और आगे भी पार्टी की मजबूती के लिए लगे रहेंगे।