नीट-यूजी 2026 से जुड़े मामलों में आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को मुआवजा देने की नीति अब तक सार्वजनिक नहीं हुई है। इस पर कॉकरोच जनता पार्टी ने केंद्र सरकार को सुप्रीम कोर्ट के आदेश की याद दिलाई है। पार्टी ने शनिवार को प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर जल्द से जल्द मुआवजा नीति लागू करने की मांग की।
सीजेपी का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से तय की गई 90 दिन की समयसीमा 30 नवंबर को समाप्त हो रही है, लेकिन सरकार ने अभी तक नीति को सार्वजनिक नहीं किया है। सीजपी ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने तय समयसीमा तक आदेश का पालन नहीं किया तो वह उसके खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू करने समेत कानूनी कदम उठाएगी।
सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को क्या आदेश दिया था?
सुप्रीम कोर्ट ने एक सितंबर को केंद्र सरकार को नीट-यूजी 2026 से जुड़े मामलों में आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों के लिए मुआवजा नीति बनाने का निर्देश दिया था। अदालत ने इसके लिए सरकार को 90 दिन का समय दिया था। साथ ही इस नीति को अधिसूचित करने के लिए भी कहा था। यह मामला मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए आयोजित नीट-यूजी 2026 परीक्षा से जुड़ा है। पेपर लीक के आरोपों के बाद 12 मई को यह परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इसके बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई थी।
परिवारों को अब तक क्यों नहीं मिली राहत?
कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने पत्र में प्रभावित परिवारों की स्थिति पर चिंता जताई है। पार्टी का कहना है कि सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दिए गए आश्वासनों के बावजूद पीड़ित परिवारों को अब तक न तो कोई आधिकारिक सूचना मिली है और न ही किसी तरह की आर्थिक सहायता।
पार्टी ने यह भी बताया कि उसने पांच सितंबर को प्रस्तावित विरोध मार्च वापस ले लिया था। ऐसा सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दिए गए आश्वासनों पर भरोसा करते हुए और सद्भावना के तहत किया गया था। लेकिन अब तक मुआवजा नीति सामने नहीं आने से परिवारों को राहत मिलने का इंतजार बना हुआ है।
सीजेपी ने केंद्र सरकार से क्या मांग की?
- सरकार बिना किसी और देरी के मुआवजा नीति को अधिसूचित करे, जिससे प्रभावित परिवारों को राहत देने की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।
- नीति में मुआवजा पाने की पात्रता और परिवारों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता की राशि स्पष्ट रूप से बताई जाए।
- मुआवजे का भुगतान करने के लिए समयसीमा तय की जाए और इसके वितरण की एक व्यवस्थित प्रक्रिया बनाई जाए।
मांग नहीं मानी गई तो क्या करेगी सीजेपी?
सीजेपी ने केंद्र सरकार को साफ चेतावनी दी है कि अगर 30 नवंबर तक सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया गया तो वह सांविधानिक और कानूनी उपाय अपनाएगी। इसमें अवमानना अधिनियम, 1971 के तहत कार्यवाही शुरू करना भी शामिल है। पार्टी ने कहा कि देश की सर्वोच्च अदालत के सामने सरकार की ओर से दिए गए गंभीर आश्वासनों का सम्मान किया जाना चाहिए। जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उन्हें अब और सरकारी उदासीनता का सामना नहीं करना चाहिए।