मुंबई के शिवाजी पार्क में 2 अक्तूबर को हुए सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने आयोजकों और 400-500 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी। शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने प्रदर्शन का समर्थन किया
मुंबई पुलिस ने शिवाजी पार्क में 2 अक्तूबर को हुए कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को लेकर आयोजकों और 400-500 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, मामला अवैध रूप से भीड़ जुटाने, सरकारी अधिकारी के वैध आदेश की जानबूझकर अवहेलना करने समेत अन्य धाराओं में दर्ज किया गया है। शिवाजी पार्क थाने के एक अधिकारी ने बताया कि इलाके के एक निवासी की शिकायत के आधार पर यह मामला दर्ज किया गया। मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और जांच जारी है।
अभिजीत दीपके के नेतृत्व में हुआ था प्रदर्शन
सीजेपी ने अपने संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में शुक्रवार को शिवाजी पार्क में बड़ा प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की थी। संगठन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया है। इस प्रदर्शन को शिवसेना (यूबीटी) का भी समर्थन मिला था।
विज्ञापन
मुंबई पुलिस समेत इन्हें मिला एनएचआरसी का नोटिस
इस प्रदर्शन में नाबालिगों को कथित तौर पर शामिल करने, उन्हें पुलिस कार्रवाई से बचाव के लिए इस्तेमाल करने और उनकी तस्वीरें-वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने की शिकायतों पर एनएचआरसी ने संज्ञान लिया है। आयोग ने मुंबई पुलिस, एमईआईटीवाई, एक्स और महाराष्ट्र के महिला एवं बाल विकास विभाग को नोटिस देकर एक सप्ताह में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।
आदित्य ठाकरे ने प्रदर्शन का किया समर्थन
इस बीच शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने प्रदर्शन का समर्थन करते हुए इसे देश में जागरूकता की शुरुआत बताया। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र को बचाने के लिए शुरू हुए आंदोलन की शुरुआत है। आदित्य ठाकरे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठे हैं और विपक्ष द्वारा चुनाव आयोग पर सवाल उठाए जाने के बीच भाजपा ही इस मुद्दे पर असहज नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि देशभर में विरोध और सवाल उठाने की आवाजें जारी रहेंगी। वहीं, पुलिस ने प्रदर्शन के संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।