पर्ल समूह घोटाले में सीबीआई ने दाखिल किया पूरक आरोपपत्र
सीबीआई ने पर्ल समूह के 60 हजार करोड़ रुपये के घोटाले में पूरक आरोपपत्र दाखिल किया है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि विशेष सीबीआई कोर्ट के समक्ष दाखिल आरोपपत्र में पर्ल समूह के अलावा पर्ल इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स लिमिटेड, एआरएसएस इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स लिमिटेड और जैन इन्फ्राप्रोजेक्ट्स लिमिटेड के भी नाम हैं। इसमें 11 आरोपी कारोबारियों के भी नाम हैं जिन्हें 22 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था। समूह की कंपनियों ने कथित तौर पर देश भर के 5.5 करोड़ निवेशकों से बिना किसी वैधानिक मंजूरी के 60,000 करोड़ एकत्र किए।
वीडियोकॉन की बिक्री पर एनसीएलएटी ने लगाई रोक
राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण (एनसीएलएटी) ने अरबपति अनिल अग्रवाल की कंपनी ट्विन स्टार टेक्नोलॉजी के वीडियोकॉन को खरीदने पर रोक लगा दी है। अपीलीय न्यायाधिकरण ने एनसीएलटी की मुंबई पीठ के फैसले पर रोक लगा दी, जिसमें ट्विन स्टार की बोली को मंजूरी मिली थी। बैंक ऑफ महाराष्ट्र सहित कई कर्जदाताओं ने अपील कर कहा था कि कंपनी की मौजूदा समाधान प्रक्रिया में बैंकों को 62,000 करोड़ का हेयरकट झेलना पड़ेगा। कंपनी पर कुल 64,637 करोड़ की देनदारी बकाया है।
107 वर्ष के वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी अयप्पन पिल्लई का देहांत
107 वर्ष के स्वतंत्रता सेनानी व केरल भाजपा के पूर्व नेता के अयप्पन पिल्लई का देहांत हो गया। वे काफी समय से बीमार थे और उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन पर राज्य के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने दुख जताया। पिल्लई को भारत की बार एसोसिएशनों के वरिष्ठतम सदस्यों में से एक भी माना जाता था। कुछ समय पूर्व पिल्लई ने बताया था कि उन्होंने आजादी के बाद हुए किसी भी चुनाव में मतदान का मौका नहीं गंवाया है।
ब्रिटनी स्पीयर्स का पूर्व पति पीछा करने में गिरफ्तार
गायिका ब्रिटनी स्पीयर्स के पूर्व पति जेसन एलेक्जेंडर को पीछा करने के आरोप में फ्रेंकलिन टेनेसे में गिरफ्तार किया गया है। 12 महीने में यह चौथी बार है, जब जेसन को पुलिस के चक्कर में फंसना पड़ा है। इस बार आरोप सुरक्षा आदेश के उल्लंघन का है। उन्हें विलियमसन काउंटी की जेल में रखा जा रहा है। सुनवाई 17 फरवरी को तय की गई है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि 40 वर्षीय जेसन पीछा किसका कर रहे थे। पहली बार उन्हें अगस्त में नेशविले एयरपोर्ट पर सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और प्रतिबंधित इलाके में जाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।