गोवा दौरे पर गईं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर राजनीति को लेकर गंभीर नहीं होने का आरोप लगाया। ममता ने कहा कि कांग्रेस देश की सबसे पुरानी पार्टी है, लेकिन सही समय पर फैसले नहीं लेने के कारण उसका अंजाम सारा देश भुगत रहा है। ममता ने दिल्ली की दादागिरी को खत्म करने के लिए विपक्ष को एकजुट होने की अपील की।
मोदी जी और होंगे शक्तिशाली- ममता बनर्जी
कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए ममता बनर्जी ने कहा, 'मैं अभी सब कुछ नहीं कह सकती क्योंकि वे राजनीति को गंभीरता से नहीं लेते। कांग्रेस की वजह से मोदी जी और अधिक मजबूत हो रहे हैं। अगर कोई निर्णय नहीं ले सकता तो उसके लिए देश को क्यों भुगतना चाहिए। कांग्रेस को पहले भी मौका मिला। भाजपा के खिलाफ लड़ने के बजाय वे मेरे राज्य में मेरे खिलाफ लड़े। क्या आपको नहीं लगता कि उन्होंने मेरे खिलाफ चुनाव लड़ा, बंगाल में मेरे राजनीतिक दल के खिलाफ चुनाव लड़ा।' ममता बनर्जी से पहले चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर यह बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अभी तक समझ नहीं पाए हैं। पीएम मोदी को हराना कांग्रेस के बस की बात नहीं है। भाजपा अभी सत्ता में कई दशकों तक बनी रहेगी।
केंद्र सरकार पर बरसीं ममता बनर्जी
गोवा के तीन दिवसीय दौरे के आखिरी दिन तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने गोवा फॉरवर्ड पार्टी के अध्यक्ष विजय सरदेसाई से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। ममता बनर्जी ने पीएम मोदी का नाम लिए बगैर कहा कि अच्छे दिन लाने वाले देश को बर्बाद करने में लगे हैं।ममता बनर्जी ने कहा कि देश में महंगाई आसमान छू रही है, पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं, जीएसटी से पूरा कारोबार चौपट हो रखा है, देश से वस्तुओं का निर्यात लगातार घट रहा है, लेकिन भाजपा इन समस्याओं को हल करने के लिए गंभीर नहीं है।
फॉरवर्ड पार्टी और टीएमसी में हो सकता है गठबंधन
वहीं, गोवा फॉरवर्ड पार्टी के अध्यक्ष विजय सरदेसाई ने कहा कि आज ममता बनर्जी से मुलाकात हुई है। ममता बनर्जी क्षेत्रीय गौरव की प्रतीक हैं, हम भी एक क्षेत्रीय दल हैं। हम उनके हालिया बयान का स्वागत करते हैं कि भाजपा के खिलाफ लड़ने के लिए समान विचारधारा वाले दलों को एक साथ आना चाहिए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक,फॉरवर्ड पार्टी तृणमूल कांग्रेस के साथ गठबंधन करने की तैयारी में है। शुक्रवार को गोवा की राजधानी पणजी पहुंचीं ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
इसी साल भाजपा से अलग हुई फॉरवर्ड पार्टी
सरदेसाई ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी राज्य में मजबूत स्थिति में है और वह तृणमूल कांग्रेस के साथ गठबंधन करने को तैयार हैं। इसी साल अप्रैल में गोवा फॉरवर्ड पार्टी के प्रमुख विजय सरदेसाई ने भाजपा से अपना गठबंधन खत्म किया था। सरदेसाई ने कहा, "इस भ्रष्ट और सांप्रदायिक शासन को समाप्त करने के लिए विपक्ष की एकता महत्वपूर्ण है।