कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस दी है। उसने शुक्रवार को चुनाव प्रबंधन, घोषणापत्र समेत चार समितियों का गठन किया।
पार्टी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने छत्तीसगढ़ इकाई में चुनाव घोषणापत्र समिति, चुनाव प्रबंधन समिति, अनुशासन समिति और योजना एवं रणनीति समिति के गठन के प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी।
23 सदस्यीय चुनाव घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष मोहम्मद अकबर होंगे, जबकि सात सदस्यीय चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शिव कुमार डहरिया होंगे और इसके संयोजक रामगोपाल अग्रवाल होंगे। पार्टी ने राज्य इकाई में नौ सदस्यीय अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति का भी गठन किया है जिसके अध्यक्ष धनेंद्र साहू होंगे।
18 सदस्यीय योजना और रणनीति समिति की अध्यक्षता ताम्रध्वज साहू करेंगे। इन समितियों का गठन कांग्रेस द्वारा छत्तीसगढ़ के लिए अपनी राजनीतिक मामलों की समिति के गठन के एक दिन बाद किया गया है, जिसकी अध्यक्ष राज्य की प्रभारी महासचिव कुमारी शैलजा हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव इसके सदस्य हैं।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, वरिष्ठ नेता चरणदास महंत, ताम्रध्वज साहू, रविंदर चौबे, मो.अकबर, शिव कुमार डहरिया, मोहन मरकाम, अनिला भेंदिया, जय सिंह अग्रवाल, धनेंद्र साहू और सत्यनारायण शर्मा समिति के अन्य सदस्य हैं।
सप्तगिरि शंकर उलाका, चंदन यादव और विजय जांगिड़ महत्वपूर्ण समिति के पदेन सदस्य हैं। विशेष आमंत्रित सदस्यों में विकास उपाध्याय, राजेश तिवारी, पारस चोपड़ा और महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवा दल के प्रमुख शामिल हैं। छत्तीसगढ़ में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं और कांग्रेस राज्य में सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रही है।