रिजवान, जो फूड डिलीवरी ऐप स्विगी के साथ काम करता है, बंजारा हिल्स के रोड नंबर 6 में लुम्बिनी रॉक कैसल अपार्टमेंट में शोभना नामक एक ग्राहक को फूड पार्सल देने गया था। इसी दौरान एक पालतू कुत्ता उसके पीछे पड़ गया।
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में बुधवार की रात एक फूड डिलीवरी बॉय के लिए काली रात साबित हुई। बताया जा रहा है कि ग्राहक को अपस्केल बंजारा हिल्स में खाना पहुंचाने गए फूड डिलीवरी एक्जीक्यूटिव एक खतरनाक पालतू कुत्ते की चपेट में आ गया। कुत्ते से बचने के लिए वह तीसरी मंजिल की तरफ भागा, लेकिन कुत्ता वहां भी पहुंच गया। फिर क्या था अपनी जान बचाने के लिए फूड डिलीवरी बॉय ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सोमवार को इलाज के दौरान उसे दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
एनआईएमएस में चल रहा था इलाज
बंजारा हिल्स के पुलिस निरीक्षक एम नरेंद्र के अनुसार, स्विगी डिलीवरी बॉय की पहचान यूसुफगुडा के श्रीरामनगर इलाके के मोहम्मद रिजवान (23) के रूप में हुई, जिसका निजाम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एनआईएमएस) में इलाज चल रहा था। इंस्पेक्टर ने कहा कि रिजवान, जो फूड डिलीवरी एप स्विगी के साथ काम करता है, बंजारा हिल्स के रोड नंबर 6 में लुम्बिनी रॉक कैसल अपार्टमेंट में शोभना नामक एक ग्राहक को फूड पार्सल देने गया था।
कैसे घटी घटना
पुलिस निरीक्षक एम नरेंद्र ने बताया कि जैसे ही रिजवान ग्राहक को पार्सल सौंप रहा था, उसके परिवार का पालतू कुत्ता, एक जर्मन शेफर्ड, घर से बाहर निकला और उस पर झपट पड़ा। हमले के डर से रिजवान ने जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया। लेकिन कुत्ता उसका पीछा करने लगा और वह कुत्ते के हमले से बचने के लिए अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल से कूद गया। रिजवान जमीन पर गिरकर घायल हो गया। इस बीच, शोभना अन्य पड़ोसियों के साथ उसके बचाव के लिए दौड़ी और उसे इलाज के लिए NIMS में भर्ती कराया।
विज्ञापन
कुत्ते के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने कुत्ते के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गुरुवार शाम रिजवान के भाई मोहम्मद खाजा की शिकायत के बाद बंजारा हिल्स पुलिस ने कुत्ते के मालिकके खिलाफ धारा 336 (लापरवाही के कारण चोट लगने) के तहत मामला दर्ज किया था। बंजारा हिल्स के पुलिस निरीक्षक एम नरेंद्र ने कहा कि डिलीवरी बॉय के दम तोड़ने पर मामले को धारा 304 (ए) आईपीसी में बदल दिया गया है और आगे की जांच चल रही है।